आज देशभर में अक्षय तृतीया का त्योहार मनाया जा रहा है. इस दिन नए काम की शुरुआत करना उत्तम माना गया है. सोना-चांदी खरीदने से सुख-समृद्धि आती है. ज्योतिषाचार्य शैलेंद्र पांडेय के अनुसार, इस साल की अक्षय तृतीया का पर्व और भी खास है. क्योंकि 100 वर्ष बाद सात शुभ संयोग एकसाथ बन रहे हैं, जो न सिर्फ धन बल्कि सेहत और ज्ञान-आध्यात्म के लिहाज से भी जातकों को लाभ दे सकते हैं.
अक्षय तृतीया पर इस बार पूरे 100 साल बाद महासंयोग बन रहा है. यानी एक ही दिन में सात शुभ योग बन रहे हैं. इसमें आयुष्मान योग, सौभाग्य योग, गजकेसरी योग, त्रिपुष्कर योग, रवि योग, मालव्य राजयोग और सर्वार्थ सिद्धि योग शामिल है. साथ ही, अक्षय तृतीया पर शश योग और पंच महापुरुष राजयोग का निर्माण भी हो रहा है. ज्योतिषविद का कहना है कि इस शुभ संयोग में आपको न केवल ईश्वरीय ऊर्जा मिलेगी, बल्कि निर्णय लेने की क्षमता भी मजबूत होगी.
इन सात शुभ योगों में एक त्रिपुष्कर योग भी है. मान्यता है कि इस योग में किए गए कार्यों का फल तीन गुना होकर प्राप्त होता है. अगर जीवन में आर्थिक तंगी हो या किसी नए काम की शुरुआत करना चाहते हैं तो इस वर्ष की अक्षय तृतीया आपके भाग्य के द्वार खोल सकती है.
अक्षय तृतीया की शाम जरूर करें ये 5 काम
1. इस दिन धन संग्रह योजना, सोना-चांदी या नए वाहन की खरीदारी, नई संपत्ति की खरीदारी की जा सकती है.
2. अक्षय तृतीया पर सोना या चांदी खरीदना अत्यंत शुभ है. यह संभव न हो तो मिट्टी का पात्र या जौ खरीदना भी लक्ष्मी कृपा दिला सकता है. आप संध्याकाल में मुहूर्त देखकर ये काम कर सकते हैं.
3. अक्षय तृतीया की शाम देवताओं के निमित्त दान पुण्य करने से भी आपको बहुत लाभ मिलेगा. त्रिपुष्कर योग के चलते दान-पुण्य का लाभ तीन गुना बढ़कर आपको मिल सकता है.
4. इस दिन सुख शांति के लिए भगवान विष्णु और माता लक्ष्मी की पूजा सहायक होगी. शाम के समय घर में श्री सूक्त का पाठ नकारात्मकता दूर करेगा.
5. यदि आपको शारीरिक कष्ट या अकाल मृत्यु का भय है तो अक्षय तृतीया की शाम महामृत्युंजय मंत्र का 108 बार जप करना चाहिए. किसी अनाथालय, वृद्धाश्रम में अक्षय तृतीया के दिन दवाइयों का दान भी शुभ फल देने वाला होता है.
aajtak.in