उदयपुर-अहमदाबाद हाईवे पर चलती स्लीपर बस बनी आग का गोला, यात्रियों ने कूदकर बचाई जान

उदयपुर-अहमदाबाद नेशनल हाईवे-48 पर चलती स्लीपर बस में अचानक आग लग गई. आग लगते ही यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई. कई यात्रियों ने इमरजेंसी खिड़की और मेन गेट से कूदकर जान बचाई. फायर ब्रिगेड ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया, लेकिन बस पूरी तरह जलकर राख हो गई.

Advertisement
बस में आग लगने से मची अफरा-तफरी. (Photo: Screengrab) बस में आग लगने से मची अफरा-तफरी. (Photo: Screengrab)

aajtak.in

  • उदयपुर ,
  • 11 मई 2026,
  • अपडेटेड 8:40 PM IST

उदयपुर-अहमदाबाद नेशनल हाईवे-48 पर शुक्रवार को एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया. सलूंबर जिले के परसाद थाना क्षेत्र में थाने के सामने चलती स्लीपर बस में अचानक आग लग गई. देखते ही देखते बस आग का गोला बन गई और मौके पर अफरा-तफरी मच गई. जानकारी के मुताबिक, बस उदयपुर से सवारियां लेकर अहमदाबाद जा रही थी. इसी दौरान रास्ते में बस से धीरे-धीरे धुआं उठने लगा. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार ड्राइवर और कंडक्टर ने हालात को भांपते हुए तुरंत यात्रियों को नीचे उतरने के लिए कहा. कुछ ही मिनटों में आग तेजी से फैल गई.

Advertisement

अचानक आग की जानकारी मिलते ही बस में बैठे यात्री घबरा गए. कई यात्रियों ने सूझबूझ दिखाते हुए इमरजेंसी खिड़की से छलांग लगाई, जबकि कुछ लोग मेन गेट से बाहर निकले. इस दौरान मौके पर चीख-पुकार का माहौल बन गया. राहत की बात यह रही कि सभी यात्रियों ने समय रहते बस से बाहर निकलकर अपनी जान बचा ली.

कुछ ही मिनटों में जलकर राख हुई बस

प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि अगर थोड़ी सी भी देरी हो जाती तो बड़ा हादसा हो सकता था. आग लगने के कुछ ही देर बाद परसाद थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को संभाला. सूचना मिलने पर फायर ब्रिगेड की टीम भी घटनास्थल पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया.

शॉर्ट सर्किट से आग लगने की संभावना बताई जा रही है

हालांकि तब तक बस पूरी तरह जलकर राख हो चुकी थी. आग इतनी तेज थी कि कुछ ही मिनटों में पूरी बस उसकी चपेट में आ गई. फिलहाल घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है. प्रारंभिक जांच में अधिक गर्मी और शॉर्ट सर्किट को आग लगने की संभावित वजह माना जा रहा है. हालांकि पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मामले की जांच कर रही है और आग लगने के सही कारणों का पता लगाया जा रहा है.
 

---- समाप्त ----
रिपोर्ट- पंकज कुमार

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement