राजस्थान में पंचायतीराज चुनाव के बीच झुंझुनूं जिले की एक महिला प्रत्याशी अपने अनोखे चुनावी वादे को लेकर चर्चा में हैं. झाझड़ गांव की रहने वाली अनीता सैनी सरपंच पद के लिए चुनाव लड़ रही हैं. उनके चुनाव प्रचार का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें वह गांव के कुंवारे युवाओं की शादी करवाने का वादा करती नजर आ रही हैं.
आमतौर पर चुनाव के दौरान प्रत्याशी गांव की सड़कें बनवाने, पानी-बिजली की व्यवस्था सुधारने और विकास कार्यों को लेकर वादे करते हैं. लेकिन अनीता सैनी ने अपने प्रचार में एक ऐसा मुद्दा उठाया है, जिसने लोगों का ध्यान खींचा है. उनका कहना है कि गांव में जिन युवाओं को शादी के लिए लड़की नहीं मिल रही है, उनकी मदद करने की जिम्मेदारी भी वह उठाएंगी.
लड़की ढूंढने दूसरे गांव भी जाना पड़ा तो तैयार
वायरल वीडियो में अनीता सैनी ग्रामीणों से वोट मांगते हुए कहती हैं कि गांव का कोई भी कुंवारा भाई ऐसा नहीं रहेगा, जिसे शादी के लिए लड़की नहीं मिल रही हो और उसे मदद की जरूरत हो. अगर वह सरपंच बनती हैं, तो ऐसे युवाओं की शादी करवाने की पूरी कोशिश करेंगी. अपने वादे को समझाते हुए वह कहती हैं कि लड़की तलाशने के लिए उन्हें किसी दूसरे गांव में एक-दो दिन रुकना पड़े, तब भी वह पीछे नहीं हटेंगी. यानी शादी के लिए उपयुक्त लड़की ढूंढने की कोशिश में दूसरे गांव तक जाना भी उनके वादे का हिस्सा है.
अनीता सैनी का बयान यहीं तक सीमित नहीं है. वीडियो में वह यह भी कहती हैं कि अगर झाझड़ गांव से बारात ले जाने के लिए ट्रेन ही क्यों न लगानी पड़े, तो वह इसके लिए भी तैयार रहेंगी. उनके इस बयान ने चुनावी प्रचार को एक अलग रंग दे दिया है. उनका यह वादा सोशल मीडिया पर लोगों की दिलचस्पी का कारण बन रहा है. जहां चुनाव प्रचार में आम तौर पर गांव की बुनियादी सुविधाओं और विकास से जुड़े मुद्दे सामने आते हैं, वहीं अनीता सैनी ने कुंवारे युवाओं की शादी का मुद्दा उठाया है.
सोशल मीडिया पर चर्चा में आया चुनावी वादा
अनीता सैनी के चुनाव प्रचार के वीडियो के वायरल होने के बाद उनका यह अनोखा वादा चर्चा में है. वीडियो में वह ग्रामीणों को भरोसा दिलाती नजर आती हैं कि सरपंच बनने पर शादी के लिए परेशान युवाओं की मदद करने की कोशिश करेंगी. झुंझुनूं के झाझड़ गांव से सामने आया यह मामला दिखाता है कि चुनाव प्रचार में प्रत्याशी मतदाताओं तक अपनी बात पहुंचाने के लिए अलग-अलग मुद्दे उठा रहे हैं. फिलहाल, अनीता सैनी का कुंवारों की शादी करवाने वाला बयान सोशल मीडिया पर लोगों का ध्यान खींच रहा है.
विशाल शर्मा