राजस्थान में वरिष्ठ IAS अधिकारी शिखर अग्रवाल को राज्य सरकार ने APO कर दिया है. यह कार्रवाई उनके परिवार की ओर से अनंता रिसॉर्ट में 40 विला-कॉटेज खरीदने और फिर उन्हें उसी कंपनी को लीज पर देने का मामला सामने आने के बाद हुई है. दरअसल, IAS शिखर अग्रवाल और उनके परिवार की संपत्तियों को लेकर सवाल उठ रहे हैं.
परिवार ने करीब ढाई साल में उदयपुर और अलवर में 40 विला-कॉटेज खरीदे. इनकी कुल कीमत 6 करोड़ 16 लाख 50 हजार रुपये बताई गई है. इन संपत्तियों को खरीदने के साथ ही बेचने वाली कंपनी को लीज पर देने के समझौते भी किए गए. इनसे परिवार को हर साल 1 करोड़ 80 लाख रुपये मिलने की जानकारी सामने आई है.
उदयपुर में 20 कॉटेज, अलवर में 20 विला खरीदे
जानकारी के मुताबिक, परिवार ने सितंबर 2023 में उदयपुर के बुझड़ा स्थित अनंता रिसॉर्ट में 20 कॉटेज खरीदे थे. इसके बाद मार्च 2026 में अलवर जिले के अजबगढ़ स्थित अनंता रिसॉर्ट में 20 विला खरीदे गए. इस तरह दोनों जगह मिलाकर कुल 40 प्रॉपर्टी खरीदी गईं. इन सभी संपत्तियों को गोयल फैशंस प्राइवेट लिमिटेड से खरीदा गया. उदयपुर के 20 कॉटेज की रजिस्ट्री 29 सितंबर 2023 को हुई थी. वहीं, अलवर के 20 विला की रजिस्ट्री 27 मार्च 2026 को कराई गई.
यह भी पढ़ें: बिहार के टेंडर घोटाले में ED की एंट्री, IAS धर्मेंद्र कुमार से 6 घंटे पूछताछ, ठेकेदार रिशुश्री से क्या है कनेक्शन?
हर साल 1.80 करोड़ रुपये की लीज राशि
इन प्रॉपर्टी की खरीद के साथ ही इन्हें गोयल फैशंस प्राइवेट लिमिटेड को लीज पर देने के दस्तावेज भी रजिस्टर्ड कराए गए. जानकारी के मुताबिक, उदयपुर के हर कॉटेज के लिए सालाना 4 लाख रुपये की लीज राशि तय की गई. इस तरह 20 कॉटेज से हर साल 80 लाख रुपये मिलने हैं. वहीं, अलवर के हर विला के लिए सालाना 5 लाख रुपये की लीज राशि तय होने की जानकारी है. 20 विला से सालाना 1 करोड़ रुपये बनते हैं. दोनों जगह की कुल लीज राशि 1 करोड़ 80 लाख रुपये सालाना होती है.
इन संपत्तियों की रजिस्ट्री IAS शिखर अग्रवाल, उनकी IPS पत्नी प्रशाखा माथुर और उनके परिवार के सदस्यों के नाम पर कराई गई. इनमें उनकी सास मंजुला और ससुर रघुवंश नारायण माथुर के नाम भी शामिल हैं. दोनों बेटों की ओर से रजिस्ट्री प्रशाखा माथुर ने पावर ऑफ अटॉर्नी के जरिए कराई. रिपोर्ट के मुताबिक, शिखर अग्रवाल और प्रशाखा माथुर के नाम पर कुल 28 विला-कॉटेज हैं.
यह भी पढ़ें: गोद में दुधमुंहा बेटा, हाथ में सरकारी काम का जिम्मा... पटवारी मां की ममता कर देगी भावुक, IAS अफसर ने दी शाबाशी
IPR में दर्ज संपत्तियों पर भी सवाल
शिखर अग्रवाल ने 7 जनवरी 2026 को दाखिल अपनी अचल संपत्ति (IPR) की जानकारी में 14 संपत्तियों का जिक्र किया था. वहीं, प्रशाखा माथुर ने 8 जनवरी 2026 को दाखिल IPR में संपत्ति से जुड़ी जानकारी शून्य बताई थी. अब परिवार की 40 प्रॉपर्टी की खरीद और लीज से जुड़े दस्तावेज सामने आने के बाद इन जानकारियों को लेकर सवाल उठ रहे हैं.
शिखर अग्रवाल राजस्थान सरकार में अतिरिक्त मुख्य सचिव के पद पर तैनात हैं. उनके पास उद्योग, MSME, सरकारी उपक्रम, दिल्ली-मुंबई औद्योगिक कॉरिडोर और निवेश से जुड़े विभागों की जिम्मेदारी रही है. उनकी पत्नी प्रशाखा माथुर IPS अधिकारी हैं और ADG के पद पर तैनात हैं. वह योजना, आधुनिकीकरण और कल्याण से जुड़े विभाग देख रही हैं.
aajtak.in