मधुमक्खियों का 'स्वार्म अटैक'... रेलवे स्टेशन पर अफरा-तफरी, चादर ओढ़कर महिला ने बचाई जान

राजस्थान के नागौर जिले के मारवाड़ मुंडवा रेलवे स्टेशन पर मधुमक्खियों के अचानक हमले से अफरा-तफरी मच गई. छत्ता गिरने से दो महिला यात्री मधुमक्खियों के हमले का शिकार हो गईं. एक महिला ने चादर ओढ़कर खुद को बचाया. सूचना पर 108 एम्बुलेंस टीम पीपीई किट पहनकर पहुंची और घायल महिला को सुरक्षित निकालकर अस्पताल पहुंचाया.

Advertisement
पीपीई किट पहनकर पहुंची रेस्क्यू टीम.(Photo: Kesha Ram/ITG) पीपीई किट पहनकर पहुंची रेस्क्यू टीम.(Photo: Kesha Ram/ITG)

केशाराम गढ़वार

  • नागौर,
  • 06 मार्च 2026,
  • अपडेटेड 9:09 PM IST

राजस्थान के नागौर जिले में स्थित मारवाड़ मुंडवा रेलवे स्टेशन पर अचानक मधुमक्खियों के हमले से अफरा-तफरी मच गई. बताया जा रहा है कि मधुमक्खियों का छत्ता गिरने के बाद उन्होंने यात्रियों पर हमला करना शुरू कर दिया. इस दौरान छत्ता सीधे दो महिला यात्रियों पर गिर गया, जिससे स्टेशन परिसर में भगदड़ जैसी स्थिति बन गई.

घटना के बाद यात्रियों में डर फैल गया और लोग अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे. स्थिति इतनी गंभीर हो गई कि कुछ ही देर में पूरा स्टेशन परिसर लगभग खाली हो गया. मधुमक्खियों के हमले से लोग खुद को बचाने के लिए सुरक्षित जगह तलाशने लगे.

Advertisement

यह भी पढ़ें: नागौर में सुलेमान खान ने बना रखा था अवैध विस्फोटक का काला साम्राज्य, खुला 45 बीघा फार्महाउस का राज

चादर ओढ़कर महिला ने बचाई जान

हमले के दौरान एक महिला ने खुद को बचाने के लिए चादर ओढ़ ली और लंबे समय तक उसी में छिपकर बैठी रही. हालांकि इसके बावजूद मधुमक्खियां उसका पीछा करती रहीं. मौके पर मौजूद अन्य यात्रियों ने महिला की मदद के लिए तुरंत एक और चद्दर उसकी ओर फेंकी.

दूसरी चादर मिलने के बाद महिला ने खुद को पूरी तरह ढक लिया, जिससे वह किसी तरह सुरक्षित बच सकी. वहीं दूसरी महिला यात्री भी शॉल ओढ़कर खुद को छिपाए रही और किसी तरह मधुमक्खियों के हमले से बचने में सफल रही.

पीपीई किट पहनकर पहुंची रेस्क्यू टीम

घटना की सूचना मिलते ही मुंडवा अस्पताल से 108 एम्बुलेंस की टीम मौके पर पहुंची. रेस्क्यू टीम ने पीपीई किट पहनकर सावधानी के साथ महिला को सुरक्षित बाहर निकाला. इसके बाद घायल महिला को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका इलाज जारी है.

Advertisement

मधुमक्खियों के हमले के बाद स्टेशन पर मौजूद यात्रियों में डर का माहौल बना रहा. जिन लोगों को यात्रा करनी थी, वे अपने मुंह और शरीर को कपड़ों से ढककर टिकट विंडो तक पहुंचे.

स्टेशन पर देर तक बना रहा डर का माहौल

घटना के बाद स्टेशन परिसर में काफी देर तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा. हालांकि रेलवे और स्थानीय प्रशासन ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को संभाल लिया.

यह घटना इस बात को दर्शाती है कि एक छोटा-सा मधुमक्खियों का छत्ता भी अचानक बड़ा खतरा बन सकता है. फिलहाल अस्पताल में भर्ती घायल महिला की हालत स्थिर बताई जा रही है.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement