पांच सौ से ज्यादा गायों की सड़ी हुए लाशें...जैसलमेर में डंपिंग यार्ड की डरावनी तस्वीर

राजस्थान के जैसलमेर से सामने आई एक दर्दनाक तस्वीर ने गौ संरक्षण और सरकारी व्यवस्थाओं पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं. नगर परिषद के डंपिंग यार्ड में सैकड़ों मृत गायों के शव मिलने के बाद लोगों में भारी नाराजगी है. वीडियो वायरल होने के बाद मामला तूल पकड़ता जा रहा है और प्रशासन से जवाब मांगा जा रहा है.

Advertisement
जैसलमेर में डंपिंग यार्ड का डरावना वीडियो (Photo: itg) जैसलमेर में डंपिंग यार्ड का डरावना वीडियो (Photo: itg)

विमल भाटिया

  • जैसलमेर ,
  • 25 मई 2026,
  • अपडेटेड 8:01 AM IST

राजस्थान में जैसलमेर की कचरा डंपिंग साइट पर रविवार को करीब पांच सौ से ज्यादा की संख्या में गायों के सड़ी हुए शव मिलने के वीडियो सामने आया है. डंपिंग यार्ड में नगरपरिषद के मृत पशुओं के अधिकृत हड्डी ठेकेदार द्वारा इन मरी हुई गायों के शवों के निस्तारण न करने से आमजन में नाराजगी का माहौल व्याप्त है. मृत गायों के शवों के वीडियो सोशल मीडिया में वायरल होने से गो प्रेमियों में  यह मामला तूल पकड़ता जा रहा है.

Advertisement

ठेकेदार को नोटिस जारी

उधर, जैसलमेर जिला कलेक्टर अनुपमा जोरवाल ने इस संबंध में मामले को गंभीरता से लेते हुए फैक्चुअल रिपोर्ट मांगी है. इसके अलावा नगरपरिषद कमिश्नर लजपाल सिंह सोढा ने भी इस मामले में संज्ञान लेते हुए यार्ड के मृत पशुओं के ठेकेदार को नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण मांगा है. फिलहाल नगरपरिषद ने मृत पशुओं को डंपिंग यार्ड से हटाकर निस्तारण कर दिया है.

देखभाल और संरक्षण के दावे खोखले

असल में मंचों से गौ रक्षा के बड़े-बड़े नारे सुनाई देते हैं, लेकिन जमीनी हकीकत कई बार बेहद दर्दनाक तस्वीर पेश करती है. जैसलमेर से सैकड़ों की संख्या में मरी हुई गायों की सामने आई तस्वीरें यही सवाल खड़ा कर रही हैं कि आखिर गायों की देखभाल और संरक्षण के दावे कितने मजबूत हैं. बदहाल हालत में बेसहारा घूमती गायें और उनकी खराब स्थिति सरकारी व्यवस्थाओं पर सवाल उठाती नजर आ रही हैं. लोग कह रहे हैं कि गाय के नाम पर राजनीति करने वालों को इन हालातों पर भी ध्यान देना चाहिए. गौशालाओं, चारे, पानी और उपचार की बेहतर व्यवस्था की मांग एक बार फिर तेज हो गई है.

Advertisement

बिखरे पड़े 500 से ज्यादा मृत गायों के शव

जैसलमेर जिला मुख्यालय से करीब 7 किमी दूर रामगढ़ मार्ग पर नगरपरिषद का एक डंपिंग यार्ड बना हुआ है. बीते शनिवार को कुछ गो प्रेमी उस तरफ गए तो वहां का चौकाने वाला नजारा देख कर वे विचलित हो गए. उस क्षेत्र में करीब 500 से ज्यादा मृत गायों के शव चारों ओर बिखरे हुए पड़े थे. आज जब मृत गायों का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ तो आमजन व गो प्रेमियों में नाराजगी का माहौल व्याप्त हो गया.

गायों का डरा देने वाला वीडियो

गो प्रेमी हुक्मदान ने बताया कि मृत गायों का खौफनाक मंजर  सचमुच शर्मनाक व  मन को विचलित करने वाला दृश्य है,  क्योंकि जिस धरती पर गौ माता को पूजने की बातें होती हैं, वहीं आज उन्हें कचरे में मरने के लिए छोड़ दिया गया! कहां हैं. भक्ति की बड़ी बड़ी बाते करने वाले गौ भक्त , जन प्रतिनिधि अधिकारी ये वीडियो देखेंगे तो मन विचलित जरूर होगा.

उधर नगर परिषद कमिश्नर लजपाल सिंह सोढा ने इस सनसनीखेज मामले की काफी गंभीरता से लिया है. उन्होंने मृत पशुओं के हड्डी ठेकेदार गोपाराम पुत्र दुदाराम गांव सुवाला, पोस्ट बालासर, तहसील- शिव जिला- बाड़मेर को इस लापरवाही पर नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण मांगा है. 
 
 

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »