जयपुर के सत्य साईं कॉलेज में ऑल इंडिया आयुष पीजी एंट्रेंस परीक्षा के दौरान बिजली गुल होने से हंगामा मच गया. NTA द्वारा आयोजित ऑनलाइन परीक्षा के दौरान कुछ अभ्यर्थी पेपर बीच में छोड़कर बाहर आ गए.
पहली पारी की परीक्षा सुबह 10 बजे से 12 बजे तक होनी थी, लेकिन 10.15 बजे ही बिजली गुल हो गई. बिजली नहीं आने के कारण परीक्षा प्रभावित हुई. पहली पारी में बिजली गुल होने के बावजूद व्यवस्था ठीक नहीं हो सकी, जिसका असर दूसरी पारी की परीक्षा पर भी पड़ा.
दूसरी पारी में भी बड़ी लापरवाही देखने को मिली. लाइट नहीं होने के चलते ऑनलाइन परीक्षा शुरू नहीं हो सकी. अभ्यर्थियों का प्रवेश दोपहर 1 बजे से 2.30 बजे तक होना था, लेकिन करीब 3 बजे तक भी अभ्यर्थी बाहर बैठे रहे.
जनरेटर से भी नहीं बना काम
हैरानी की बात यह रही कि बिजली गुल होने पर कॉलेज के जनरेटर को चालू करने का प्रयास किया गया, लेकिन उसमें डीजल नहीं था. इसके बाद दूसरा जनरेटर मंगाया गया, लेकिन वह भी तकनीकी कारणों से शुरू नहीं हो सका. फिर तीसरा जनरेटर मंगवाया गया, लेकिन उससे भी अभी तक बिजली आपूर्ति शुरू नहीं हो सकी.
दोबारा परीक्षा आयोजित होगी
NTA ने जयपुर के श्री सत्य साईं पीजी कॉलेज में बिजली गुल होने से प्रभावित अभ्यर्थियों की दोबारा परीक्षा कराने का फैसला किया है. NTA की ओर से जारी बयान में कहा गया कि 22 अगस्त को AIAPGET परीक्षा की पहली पारी में देशभर के 200 केंद्रों पर 35,837 अभ्यर्थी शामिल हुए थे, जिनमें से 35,788 ने परीक्षा पूरी की. हालांकि, जयपुर के श्री सत्य साईं पीजी कॉलेज केंद्र पर परीक्षा में शामिल 192 अभ्यर्थियों में से 49 अभ्यर्थी बिजली गुल होने के कारण परीक्षा पूरी नहीं कर सके. NTA ने असुविधा के लिए खेद जताते हुए कहा कि इन 49 अभ्यर्थियों की दोबारा परीक्षा 1 सितंबर 2026 को सुबह 10 बजे राजस्थान कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग फॉर वुमन, जयपुर में आयोजित की जाएगी. इससे जुड़ी आगे की जानकारी संशोधित एडमिट कार्ड के जरिए दी जाएगी.
विशाल शर्मा