शराब पार्टी, फिर पैसों को लेकर विवाद और हत्या... जयपुर के दिनेश मर्डर केस में बड़ा खुलासा

जयपुर के बिंदायका स्थित होटल में युवक दिनेश उर्फ दर्शन की हत्या का पुलिस ने खुलासा कर दिया है. शराब पार्टी का खर्च उठाने को लेकर हुए विवाद में दो दोस्तों ने दुपट्टे से गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी. वारदात के बाद दोनों आरोपी मोबाइल फ्लाइट मोड पर डालकर फरार हो गए और YouTube पर पुलिस से बचने के तरीके व सजा की जानकारी खोजते रहे.

Advertisement
पुलिस गिरफ्त में आरोपी. (Photo: Screengrabs) पुलिस गिरफ्त में आरोपी. (Photo: Screengrabs)

विशाल शर्मा

  • जयपुर,
  • 28 जुलाई 2026,
  • अपडेटेड 9:49 AM IST

जयपुर के बिंदायका इलाके में होटल के कमरे में मिली युवक की लाश के सनसनीखेज हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा कर दिया है. इस मामले में सबसे चौंकाने वाला पहलू यह सामने आया कि दोनों आरोपियों ने हत्या करने के तरीके ही नहीं, बल्कि हत्या के बाद पुलिस से कैसे बचा जाए, इसकी जानकारी भी YouTube पर तलाश की थी. इसके बावजूद उनकी चालाकी ज्यादा देर तक नहीं चली और पुलिस ने दोनों को दौसा से गिरफ्तार कर लिया.

Advertisement

शराब पार्टी के पैसों को लेकर हुआ विवाद और कर दी हत्या
डीसीपी प्रशांत किरण ने बताया की 25 जुलाई 2026 को बिंदायका स्थित श्री होटल, सीवाड़ मोड़ के एक कमरे में युवक दिनेश उर्फ दर्शन का शव मिला था. शुरुआती जांच में मामला संदिग्ध हत्या का लगा. होटल रिकॉर्ड खंगालने पर पता चला कि मृतक अपने दो साथियों संजय कुमार कसोटिया और नितेश गवारिया के साथ होटल में रुका था, लेकिन वारदात के बाद दोनों गायब थे. उनके मोबाइल भी बंद मिले, जिसके बाद पुलिस ने विशेष टीम बनाकर तलाश शुरू की.

पुलिस ने करीब 300 से ज्यादा सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली. होटल, बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन और टोल प्लाजा पर जांच की. फिर मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने दौसा में दोनों संदिग्धों को दबोच लिया. पूछताछ में दोनों टूट गए और हत्या की पूरी साजिश कबूल कर ली. जांच में सामने आया कि मृतक को पैसों की जरूरत थी. इसी सिलसिले में तीनों होटल पहुंचे थे. रात में शराब पार्टी हुई, लेकिन पार्टी का खर्च कौन उठाएगा, इसे लेकर विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों आरोपियों ने मिलकर मृतक के गले में पड़े दुपट्टे से उसका गला घोंट दिया. हत्या के बाद दोनों होटल से फरार हो गए.

Advertisement

यूट्यूब पर सर्च किया था मर्डर के बाद पुलिस से बचने का तरीका
यही नहीं हत्या के बाद दोनों आरोपियों ने अपने मोबाइल फोन फ्लाइट मोड पर डाल दिए. मृतक का मोबाइल लेकर उसकी सिम तोड़ दी, ताकि पुलिस तक कोई सुराग न पहुंचे. इसके बाद दौसा में एक होटल में रुककर वाई-फाई के जरिए YouTube पर लगातार यह खोजते रहे कि हत्या के बाद पुलिस से कैसे बचें. पुलिस किन तरीकों से आरोपियों तक पहुंचती है और ऐसे मामलों में कितनी सजा होती है. इतना ही नहीं, दोनों ने गिरफ्तारी से बचने के लिए गुजरात भागने की योजना भी बना ली थी.

पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि फरारी के दौरान दोनों आरोपी सीकर स्थित खाटूश्याम मंदिर भी पहुंचे. वहां दर्शन करने के बाद वे वापस दौसा लौट आए और दूसरे राज्य भागने की तैयारी करने लगे. लेकिन पुलिस की लगातार निगरानी, तकनीकी जांच और मुखबिर तंत्र की सक्रियता के चलते दोनों की योजना धरी रह गई और उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया. पुलिस के अनुसार दोनों आरोपी नशे के आदी बताए जा रहे हैं. मामले में अग्रिम कार्रवाई जारी है. 

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »