कोटपूतली बहरोड जिले में सनसनीखेज कहानी सामने आई है. यहां पति ने अपनी पत्नी की कुल्हाड़ी से हत्या कर दी. इसके बाद शव को घर में बंद कर दिया और फिर खाटू श्याम मंदिर दर्शन के लिए चला गया. तीन दिन बाद घर से बदबू आने पर पड़ोसियों को शक हुआ तो पुलिस को सूचना दी. आरोपी के गांव लौटते ही पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया.
यह घटना महतवास गांव की है, जो मांडण थाना क्षेत्र में आता है. पुलिस का कहना है कि कपिल सेन नाम के युवक ने अपनी पत्नी 36 वर्षीय मोनिका की सोते समय कुल्हाड़ी से वार कर हत्या कर दी. नीमराणा एडिश्नल एसपी सुरेश खींची ने बताया कि 10 मई की सुबह सूचना मिली थी कि महतावास गांव में कपिल सेन के मकान से बदबू आ रही है. सूचना पर टीम मौके पर पहुंची. घर के अंदर जाकर देखा तो कपिल सेन की पत्नी 36 वर्षीय मोनिका का शव खून से लथपथ हालत में बेड पर पड़ा था.
दीवारों और जमीन पर खून के निशान थे. इसके बाद जब पति 12 मई को गांव लौटा तो उसे पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया. पुलिस की पूछताछ में उसने पूरे मामले का खुलासा किया. पुलिस ने बताया कि हत्या के मामले में पुलिस ने महिला के पति को गिरफ्तार कर लिया है. पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया. दोनों के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था. पति की हत्या करने के बाद आरोपी खाटू श्याम के दर्शन करने चला गया था.
मोनिका के भाई पवन सैन ने ससुराल पक्ष पर हत्या का आरोप लगाया है. पवन ने कहा कि 30 नवंबर 2009 को मेरी दो बहनों मोनिका और भारती की शादी महतावास गांव के रहने वाले दो भाई कपिल और गजेंद्र के साथ हुई थी. शादी के बाद से ही ससुराल पक्ष के लोग दोनों बहनों को दहेज के लिए परेशान करने लगे. कई बार समझाया गया, लेकिन परिजन नहीं माने. इसके बाद 7-8 साल पहले भारती अपने घीलोठ में आकर रहने लगी.
इस दौरान मोनिका अपने ससुराल में ही रहती थी. उसका पति कपिल हरियाणा के कुंड में सैलून में काम करता था. कपिल शराब पीने का आदी था और आए दिन मोनिका से मारपीट करता था. इससे परेशान होकर मोनिका अपनी दो बेटियों के साथ हरियाणा के कापड़ीवास रेवाड़ी में रहने लगी. वहीं एक फैक्ट्री में काम करने लगी.
मोनिका कभी-कभी गांव में आती थी. वो शादियों में परिवारों का हाथ बंटाती, इसके बाद वापस अपने काम पर लौट जाती थी. पुलिस ने बताया कि आरोपी को अपनी पत्नी के कैरेक्टर पर शक था. इसलिए उसने पत्नी की कुल्हाड़ी से हत्या कर दी. वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी खाटू श्याम के दर्शन करने चला गया. पुलिस अब उससे पूछताछ कर रही है.
हिमांशु शर्मा