हनुमानगढ़ जंक्शन क्षेत्र में देर रात हुए एक कातिलाना हमले ने इलाके में सनसनी फैला दी. इस हमले में एक महिला की मौत हो गई, जबकि एक शख्स गंभीर रूप से घायल हो गया. मृतका की पहचान मनजीत कौर के रूप में हुई है. वहीं घायल रमजान का जिला अस्पताल में इलाज जारी है. जानकारी के अनुसार, 3 जून की रात मनजीत कौर और रमजान खुंजा क्षेत्र में आयोजित एक शादी समारोह में शामिल होने पहुंचे थे. दोनों समारोह में मौजूद थे और अन्य लोगों के साथ बैठे हुए थे. इसी दौरान रमजान का बेटा अपने कुछ साथियों के साथ वहां पहुंच गया.
पुलिस के अनुसार, शादी समारोह के बीच अचानक विवाद की स्थिति बन गई और रमजान के बेटे तथा उसके साथियों ने मनजीत कौर और रमजान पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया. हमले में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए. घटना के बाद समारोह स्थल पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया.
अस्पताल में इलाज के दौरान महिला ने तोड़ा दम
घटना की सूचना मिलते ही जंक्शन थाना पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस ने दोनों घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका इलाज शुरू किया गया. हालांकि मनजीत कौर की हालत गंभीर थी और उपचार के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया. महिला के शव को जिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया है. मामले को लेकर एएसपी अरविंद बिश्नोई ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि मनजीत कौर और रमजान एक-दूसरे के परिचित थे. दोनों शादी समारोह में बैठे हुए थे, तभी रमजान का बेटा अपने दोस्तों के साथ वहां पहुंचा और उन पर हमला कर दिया.
पिता और महिला के रिश्ते की भी जांच कर रही पुलिस
एएसपी ने बताया कि हमले में मनजीत कौर गंभीर रूप से घायल हो गई थीं और अस्पताल में इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई. वहीं रमजान का इलाज जारी है. पुलिस ने इस मामले में दो हमलावरों को डिटेन कर लिया है. उनसे पूछताछ की जा रही है और जल्द ही उनकी गिरफ्तारी की जाएगी. फिलहाल पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है. मामले की जांच मीनाक्षी सहारण के नेतृत्व में की जा रही है. पुलिस हमले के पीछे की वजह और घटनाक्रम से जुड़े सभी पहलुओं की गहनता से पड़ताल कर रही है.
गुलाम नबी