भारत की 'जामनगर कूटनीति' और रुबियो के दौरे के मायने

अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो का जामनगर स्थित रिलायंस इंडस्ट्रीज की रिफाइनरी का दौरा भारत की बढ़ती ऊर्जा क्षमता और दोनों देशों के बीच ऊर्जा साझेदारी को दिखाता है. जामनगर की रिफाइनिंग क्षमता और विभिन्न तरह के कच्चे तेल को प्रोसेस करने की क्षमता अमेरिका के लिए भी महत्वपूर्ण है.

Advertisement
जामनगर रिफाइनरी पहुंचे अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो, भारत की बढ़ती ऊर्जा ताकत पर दुनिया की नजर.(Photo-ITG) जामनगर रिफाइनरी पहुंचे अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो, भारत की बढ़ती ऊर्जा ताकत पर दुनिया की नजर.(Photo-ITG)

संयम श्रीवास्तव

  • नई दिल्ली,
  • 22 अक्टूबर 2026,
  • अपडेटेड 6:13 AM IST

अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो का 21 अक्टूबर 2026 को गुजरात के जामनगर स्थित रिलायंस इंडस्ट्रीज की विशाल रिफाइनरी का दौरा भारत की उभरती ऊर्जा कूटनीति का एक प्रतीकात्मक क्षण था. यह सिर्फ ट्रंप प्रशासन की घरेलू राजनीतिक छवि सुधारने की कोशिश नहीं था, बल्कि भारत की उस क्षमता का प्रदर्शन भी था, जिसके जरिए नई दिल्ली वैश्विक ऊर्जा बाजार में अपनी स्थिति मजबूत कर रही है. रुबियो मुंबई में विदेश मंत्री एस जयशंकर से मुलाकात के बाद सीधे जामनगर पहुंचे, जहां मुकेश अंबानी और उनके परिवार ने उनका स्वागत किया. उन्होंने दुनिया की सबसे बड़ी रिफाइनरी का दौरा किया, जिसकी क्षमता रोजाना 14 लाख बैरल कच्चा तेल प्रोसेस करने की है. साथ ही वंतारा और ग्रीन एनर्जी कॉम्प्लेक्स भी देखा.

Advertisement

इस यात्रा का समय महत्वपूर्ण है. ईरान युद्ध और होर्मुज जलडमरूमध्य में व्यवधान के कारण वैश्विक डीजल और ईंधन की कीमतें बढ़ी हुई हैं. अमेरिका में नवंबर में मध्यावधि चुनाव होने वाले हैं और ट्रंप की स्वीकृति रेटिंग निम्न स्तर पर बताई जा रही थी. उच्च ईंधन कीमतें और महंगाई अमेरिकी मतदाताओं की मुख्य चिंता बन गई हैं. रुबियो ने भारत को ‘रिफाइनिंग सुपरपावर’ कहकर एक तरीके से अपने फेवर में माहौल बनाने का प्रयास किया है. जाहिर है कि यह सब वेनेजुएला के भारी कच्चे तेल को प्रोसेस करने के लिए हो रहा है.

रिलायंस जैसी कंपनियां हेवी क्रूड को संभालने में सक्षम हैं. जामनगर रिफाइनरी का महत्व इसलिए ही रहा है , क्योंकि यह जटिल कच्चे तेलों को प्रोसेस कर वैश्विक बाजारों में डीजल और अन्य उत्पाद भेजती है. अमेरिकी राजदूत सर्जियो गोर ने बताया कि भारत में अमेरिकी एलपीजी का आयात पिछले साल से काफी बढ़ा है. रिलायंस का टेक्सास में नई रिफाइनरी परियोजना में निवेश भी चर्चा में रहा, जिसे ट्रंप ने पहले ही महत्वपूर्ण बताया था. अमेरिका की ओर से यह सब भारत के साथ द्विपक्षीय ऊर्जा साझेदारी को मजबूत करने का संकेत है, लेकिन इसका सीधा संबंध अमेरिका की घरेलू राजनीति से भी जुड़ा है. यदि वैश्विक आपूर्ति बढ़ने से अमेरिकी पंपों पर कीमतें नियंत्रित होती हैं, तो ट्रंप प्रशासन इसे अपनी सफलता बता सकता है.

Advertisement

राजनीति में ईंधन कीमतें

सवाल यह है कि क्या यह दौरा ट्रंप की ‘इज्जत’ बचा लेगा? अमेरिकी राजनीति में ईंधन कीमतें हमेशा संवेदनशील रही हैं. पिछले कुछ समय में गैस की बढ़ती कीमतों ने सत्ताधारी दलों को नुकसान पहुंचाया है. ट्रंप प्रशासन वेनेजुएला के तेल को पुनर्जीवित करने और भारत जैसी रिफाइनिंग क्षमता का इस्तेमाल करने की कोशिश कर रहा है, ताकि रूस पर निर्भरता कम हो और आपूर्ति स्थिर रहे. रुबियो का यह कदम व्यावहारिक है. लेकिन एक रिफाइनरी दौरा और कुछ सौदों से अमेरिकी मतदाताओं की जेब पर तुरंत असर पड़ेगा, यह कहना संदिग्ध है. वैश्विक तेल बाजार जटिल है. युद्ध, आपूर्ति श्रृंखला और मांग के उतार-चढ़ाव जल्दी नहीं बदलते.

भारत के लिए यह अवसर भी है और चुनौती भी है. अमेरिकी दबाव के बावजूद भारत अपनी ऊर्जा जरूरतें रूसी और अन्य स्रोतों से पूरी करता रहा है. जामनगर जैसी क्षमता भारत को वैश्विक ऊर्जा श्रृंखला में महत्वपूर्ण बनाती है. रुबियो का दौरा व्यापार समझौते की दिशा में भी कदम माना जा रहा है. दोनों देशों के बीच टैरिफ और अन्य मुद्दों पर बातचीत चल रही है. ऊर्जा सहयोग उसे आगे बढ़ा सकता है.

भारत की ऊर्जा कूटनीति अब बहुध्रुवीय और व्यावहारिक बन चुकी है. यूक्रेन युद्ध के बाद भारत ने रूसी तेल का आयात बढ़ाकर अपनी रिफाइनिंग क्षमता का इस्तेमाल किया और सस्ती ऊर्जा सुनिश्चित की. पश्चिमी दबाव और सेकेंडरी सैंक्शंस के बावजूद नई दिल्ली ने अपनी ऊर्जा सुरक्षा को प्राथमिकता दी. जामनगर जैसी निजी रिफाइनरियां इस रणनीति की रीढ़ रही हैं, क्योंकि वे विभिन्न ग्रेड के कच्चे तेल को प्रोसेस कर वैश्विक बाजारों में निर्यात कर सकती हैं. वेनेजुएला के तेल को प्रोसेस करने की बात इसी संदर्भ में महत्वपूर्ण है. यह भारत को अमेरिकी दबाव और रूसी आपूर्ति के बीच एक और विकल्प देता है.

Advertisement

‘रणनीतिक स्वायत्तता’ के सिद्धांत

भारत की कूटनीति अब ‘रणनीतिक स्वायत्तता’ के सिद्धांत पर चल रही है. वह न तो पूरी तरह अमेरिका के साथ जुड़ता है और न ही रूस या अन्य शक्तियों पर निर्भर रहता है. मध्य पूर्व, अफ्रीका, अमेरिका, रूस और अब वेनेजुएला से आपूर्ति का विविधीकरण इसी का हिस्सा है. रिलायंस का टेक्सास में निवेश और जामनगर में अमेरिकी विदेश मंत्री का दौरा दोनों देशों के बीच व्यावसायिक और रणनीतिक हितों के मेल को दिखाता है. भारत अपने रिफाइनिंग हब के जरिए वैश्विक डीजल बाजार में भूमिका निभा रहा है, जो उसकी सौदेबाजी की शक्ति बढ़ाता है.

फिर भी, राजनीतिक छवि सुधारना इतना आसान नहीं है. ट्रंप की इज्जत अमेरिकी घरेलू मुद्दों- महंगाई, रोजगार और ईंधन कीमतों पर निर्भर करती है. जामनगर दौरा दीर्घकालिक साझेदारी का संकेत है, लेकिन अल्पकालिक चुनावी लाभ सीमित हो सकता है. यदि कीमतें नियंत्रित नहीं हुईं, तो विपक्ष इसे ‘विदेशी यात्रा’ और ‘सौदेबाजी’ बताकर हमला कर सकता है. भारत-अमेरिका संबंधों में ऊर्जा अब केंद्रीय भूमिका निभा रहा है. यह यात्रा उस बदलाव को रेखांकित करती है, लेकिन ट्रंप की घरेलू छवि बचाने का दावा अभी समय से पहले है. असली परीक्षा नवंबर के मध्यावधि चुनावों में होगी, जब अमेरिकी मतदाता पंप पर कीमत और अपनी जेब देखकर फैसला करेंगे. भारत के लिए जामनगर कूटनीति उसकी बढ़ती ताकत का प्रमाण है.वह वैश्विक ऊर्जा राजनीति में सिर्फ उपभोक्ता नहीं, बल्कि सक्रिय खिलाड़ी बन रहा है.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »