ओडिशा के गंजाम जिले में बुधवार को एक भीषण सड़क हादसे में महिला की मौत हो गई, जबकि कई अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए. चामाखंडी चौक के पास राष्ट्रीय राजमार्ग पर कार, ट्रक और कई मोटरसाइकिलों के बीच एक के बाद एक टक्कर हुई. हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई. स्थानीय लोगों और पुलिसकर्मियों ने घायलों को बाहर निकालकर इलाज के लिए ब्रह्मपुर स्थित एमकेसीजी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल पहुंचाया.
जानकारी के मुताबिक, मृत महिला की पहचान रोसलिन मिश्रा के रूप में हुई है. शुरुआती जानकारी के मुताबिक, हादसे की शुरुआत हाईवे पर कार और ट्रक की टक्कर से हुई. इसके बाद दोनों वाहन सड़क से गुजर रही कई मोटरसाइकिलों से टकरा गए. एक के बाद एक हुई भिड़ंत में कई लोग इसकी चपेट में आ गए. हादसे में महिला की जान चली गई, जबकि अन्य लोगों को गंभीर चोटें आईं.
यह भी पढ़ें: तैराकी सीखते-सीखते मौत के मुंह में समाए दो छात्र, ओडिशा के गंजाम में दर्दनाक हादसा
यह दुर्घटना चामाखंडी थाना क्षेत्र में आने वाले चामाखंडी चौक के पास हुई. घटना के तुरंत बाद स्थानीय निवासी मदद के लिए मौके पर पहुंचे. पुलिस और लोगों की सहायता से घायलों को अस्पताल भेजा गया. शुरुआती रिपोर्ट में सात से आठ लोगों के गंभीर रूप से घायल होने की जानकारी सामने आई, जबकि गंजाम के एसपी ने नौ घायलों को अस्पताल पहुंचाए जाने की बात कही. घायलों की पहचान और उनकी स्थिति के बारे में विस्तृत आधिकारिक जानकारी का इंतजार है.
हादसे के बाद गुस्साए लोगों ने हाईवे किया जाम
जानलेवा दुर्घटना के बाद स्थानीय लोगों में नाराजगी फैल गई. सड़क सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने की मांग को लेकर प्रदर्शनकारियों ने राष्ट्रीय राजमार्ग पर आवागमन रोक दिया. जाम के कारण दोनों ओर सैकड़ों वाहन फंस गए और यात्रियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा. चामाखंडी चौक के आसपास कुछ समय तक तनावपूर्ण माहौल बना रहा.
प्रदर्शन कर रहे लोगों ने इस मार्ग पर बार-बार होने वाली दुर्घटनाओं को रोकने के लिए ठोस कदम उठाने की मांग की. उनका कहना था कि हादसों की आशंका वाले इस हिस्से में पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था होनी चाहिए. लोगों ने घायलों को बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने, दुर्घटनास्थल के पास ओवरब्रिज बनाने, हाईवे पर पुलिसकर्मियों की तैनाती करने और यातायात नियंत्रित करने के लिए बैरिकेड लगाने की मांग रखी.
एसपी और विधायक मौके पर पहुंचे, जांच शुरू
हादसे और विरोध प्रदर्शन की जानकारी मिलने पर गंजाम के पुलिस अधीक्षक हरीश बिसी, छत्रपुर के विधायक कृष्ण चंद्र नायक, पूर्व विधायक एन. नारायण रेड्डी समेत अन्य राजनीतिक प्रतिनिधि और स्थानीय नेता घटनास्थल पर पहुंचे. उन्होंने प्रदर्शन कर रहे लोगों से बातचीत की और उनकी मांगों के बारे में जानकारी ली.
एसपी हरीश बिसी ने बताया, एक ट्रक की कार और दो मोटरसाइकिलों से टक्कर हुई है. सभी नौ घायलों को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया है. उनकी पहचान स्थापित करने की कोशिश की जा रही है. दुर्घटना बस स्टैंड के पास हुई, इसलिए कई लोग घायल हुए हैं. मामले की जांच की जा रही है..
फिलहाल, पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है. घायलों की पहचान, उनकी मौजूदा स्थिति और दुर्घटना से जुड़ी अन्य जानकारियों की आधिकारिक पुष्टि होना बाकी है. वहीं, स्थानीय लोगों ने दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए ओवरब्रिज, पुलिस तैनाती और बेहतर यातायात प्रबंधन की मांग उठाई है.
अजय कुमार नाथ