इंदौर में आवारा कुत्ते का आतंक, 10 घंटे में 42 लोगों पर हमला, 16 अस्पताल में भर्ती

मध्य प्रदेश के इंदौर में एक आवारा कुत्ते ने सांवेर रोड और अरविंदो अस्पताल क्षेत्र में करीब 10 घंटे तक आतंक मचाते हुए 42 लोगों को काटकर घायल कर दिया. इनमें 16 लोगों को अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा. घटना सीसीटीवी में कैद हुई है. नगर निगम और स्वास्थ्य विभाग की टीमें कुत्ते की तलाश में जुटी हैं. प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने और रेबीज का टीका लगवाने की अपील की है.

Advertisement
कुत्ते ने 42 लोगों को काटकर घायल कर दिया. (Photo: Representational ) कुत्ते ने 42 लोगों को काटकर घायल कर दिया. (Photo: Representational )

धर्मेंद्र कुमार शर्मा

  • इंदौर,
  • 06 जून 2026,
  • अपडेटेड 7:15 PM IST

मध्य प्रदेश के इंदौर शहर में एक आवारा कुत्ते के आतंक ने लोगों में दहशत फैला दी. सांवेर रोड क्षेत्र स्थित अरविंदो अस्पताल परिसर और आसपास के इलाकों में एक स्ट्रीट डॉग ने करीब 10 घंटे तक उत्पात मचाते हुए 42 लोगों को घायल कर दिया. इस घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें कुत्ता राह चलते लोगों पर अचानक हमला करता दिखाई दे रहा है.

Advertisement

जानकारी के अनुसार, आवारा कुत्ते ने लगभग 8 किलोमीटर के दायरे में कई लोगों को अपना निशाना बनाया. हमलों में घायल हुए 42 लोगों में से 16 को गंभीर चोटों के कारण अस्पताल में भर्ती कराया गया, जबकि अन्य घायलों का प्राथमिक उपचार किया गया. घटना के बाद इलाके में भय का माहौल है और स्थानीय लोग अपने बच्चों व परिवार के सदस्यों की सुरक्षा को लेकर चिंतित हैं.

घटना की सूचना मिलते ही नगर निगम और स्वास्थ्य विभाग की टीमें सक्रिय हो गईं. कुत्ते को पकड़ने के लिए विशेष टीमों को लगाया गया, लेकिन खबर लिखे जाने तक वह पकड़ में नहीं आया था. नगर निगम की कार्यप्रणाली को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं. स्थानीय लोगों का आरोप है कि यदि आवारा कुत्तों की समस्या पर समय रहते कार्रवाई की गई होती, तो इतनी बड़ी घटना नहीं होती.

Advertisement

इंदौर जिला प्रशासन ने घायलों के उपचार की व्यवस्था की है. अधिकांश घायलों का इलाज अरविंदो अस्पताल में किया जा रहा है, जबकि कई लोग रेबीज के टीके लगवाने के लिए शासकीय हुकुमचंद अस्पताल पहुंचे. अस्पताल के प्रभारी डॉ. आर. के. पटेल ने बताया कि कई घायल अस्पताल पहुंचे थे, जिन्हें आवश्यक उपचार और एंटी-रेबीज टीके लगाने के बाद घर भेज दिया गया है.

फिलहाल डॉग स्क्वायड और नगर निगम की टीम पूरे क्षेत्र में अभियान चला रही है. प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने, बच्चों को अकेले बाहर न भेजने और किसी भी संदिग्ध या आक्रामक कुत्ते की सूचना तुरंत अधिकारियों को देने की अपील की है. घटना ने शहर में आवारा पशुओं की समस्या को लेकर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »