पति से अफेयर के शक में पड़ोसी महिला और उसकी बेटी को कमरे में लगा दी आग, दोनों की मौत

मध्य प्रदेश के सागर में पति के दूसरी महिला से कथित संबंधों के शक ने खौफनाक रूप ले लिया. आरोप है कि काजल गोस्वामी ने पड़ोस में रहने वाली गिरजाबाई और उनकी 13 साल की बेटी आयुषी को पेट्रोल डालकर आग लगा दी. पुलिस के मुताबिक, आरोपी पहले भी ऐसी कोशिश कर चुकी थी. इस बार मां-बेटी दोनों की मौत हो गई.

Advertisement
 स्कूटी से निकाला था पेट्रोल.(Photo: Himanshu Purohit/ITG) स्कूटी से निकाला था पेट्रोल.(Photo: Himanshu Purohit/ITG)

हिमांशु पुरोहित

  • सागर,
  • 06 नवंबर 2026,
  • अपडेटेड 10:10 PM IST

मध्य प्रदेश के सागर जिले के बीना से एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है. यहां पति के दूसरी महिला से कथित प्रेम संबंधों के शक में एक पत्नी ने खौफनाक साजिश रच डाली. आरोप है कि उसने पड़ोस में रहने वाली महिला और उसकी 13 साल की बेटी को कमरे में बंद कर पेट्रोल डालकर आग लगा दी. इस हमले में गंभीर रूप से झुलसी मां-बेटी की इलाज के दौरान मौत हो गई. पुलिस ने आरोपी महिला को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है.

Advertisement

मामला बीना के गोदना गांव का है. यहां 2 नवंबर की शाम करीब 7:30 बजे गिरजाबाई और उनकी 13 वर्षीय बेटी आयुषी घर में मौजूद थीं. इसी दौरान पड़ोस में रहने वाली रिश्ते की देवरानी काजल गोस्वामी (28) स्टील के डिब्बे में पेट्रोल लेकर उनके घर पहुंची.

यह भी पढ़ें: अजीब संयोग: अनुराग सुजानिया से पहले IPS अभिषेक तिवारी ने भी दिया था नौकरी से इस्तीफा, दोनों रहे सागर के एसपी

आरोप है कि काजल ने कमरे में मौजूद मां-बेटी पर पेट्रोल उड़ेला और आग लगा दी. इसके बाद वह मौके से फरार हो गई. आग की लपटें उठने पर घर में चीख-पुकार मच गई. आवाज सुनकर आसपास के लोग पहुंचे और किसी तरह आग बुझाकर दोनों को अस्पताल पहुंचाया.

मां 100 तो बेटी 70 फीसदी तक झुलसी

गिरजाबाई का शरीर करीब 100 प्रतिशत तक झुलस गया था, जबकि आयुषी भी करीब 70 प्रतिशत तक जल गई थी. दोनों को पहले सागर रेफर किया गया. बाद में आयुषी को बेहतर इलाज के लिए भोपाल के हमीदिया अस्पताल में भर्ती कराया गया.

Advertisement

मां-बेटी की हालत लगातार गंभीर बनी हुई थी. गुरुवार को इलाज के दौरान पहले गिरजाबाई ने दम तोड़ दिया. देर रात उनकी 13 वर्षीय बेटी आयुषी की भी मौत हो गई. इस घटना के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है.

​

पुलिस को मामले में अहम सुराग अस्पताल में दर्ज कराए गए मां-बेटी के मरणासन्न बयानों से मिले. कार्यपालिक मजिस्ट्रेट के सामने दिए गए बयानों में दोनों ने कथित तौर पर काजल का नाम लिया था. इसके अलावा गांव में लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच में वारदात वाले दिन आरोपी महिला की मौजूदगी के फुटेज भी मिले.

पति से संबंधों का शक, तीन महीने से मौके की तलाश

पुलिस ने इन साक्ष्यों के आधार पर काजल को हिरासत में लेकर पूछताछ की. पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने वारदात करना कबूल किया है. उसने बताया कि उसे अपने पति आकाश और गिरजाबाई के बीच कथित प्रेम संबंधों को लेकर नाराजगी थी. इसी बात को लेकर उसके मन में रंजिश थी और उसने मां-बेटी को मारने की योजना बनाई.

जांच में सामने आया कि आरोपी ने वारदात से एक दिन पहले अपनी स्कूटी से पेट्रोल निकालकर रख लिया था. सीसीटीवी कैमरों की नजर से बचने के लिए उसने घर के पीछे वाले रास्ते का इस्तेमाल किया. इसके बाद पेट्रोल से भरा स्टील का डिब्बा लेकर गिरजाबाई के घर पहुंची और वारदात को अंजाम दिया.

Advertisement

पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में आरोपी ने यह भी बताया कि वह अगस्त महीने में भी गिरजाबाई को जलाकर मारने की कोशिश कर चुकी थी, लेकिन उस समय उसका प्रयास सफल नहीं हुआ था. यानी मां-बेटी पर यह पहला हमला नहीं था. आरोपी कथित तौर पर पहले भी उन्हें आग के हवाले करने की कोशिश कर चुकी थी.

कपड़े बदलकर अस्पताल पहुंची, पुलिस ने किया गिरफ्तार

वारदात के बाद पुलिस को चकमा देने के लिए आरोपी ने अपने कपड़े बदल लिए. पुराने कपड़ों को स्कूटी से ले जाकर बाईपास रोड के पास झाड़ियों में फेंक दिया. इसके बाद वह अस्पताल पहुंच गई, ताकि किसी को उस पर शक न हो.

पुलिस ने मामले में आरोपी काजल गोस्वामी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया. वहां से उसे जेल भेज दिया गया है. पति और पड़ोस में रहने वाली महिला के बीच कथित संबंधों के शक में रची गई इस साजिश ने एक परिवार को उजाड़ दिया. आग में झुलसने के बाद मां और उसकी मासूम बेटी, दोनों की जान चली गई.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »