9 साल का दूल्हा, 8 साल की दुल्हन... MP में बाल विवाह का केस, माता-पिता सहित पंडित, हलवाई, टेंटवाले पर एक्शन

मध्य प्रदेश के राजगढ़ में बाल विवाह का सनसनीखेज कहानी सामने आई है. यहां 9 साल के बच्चे की शादी 8 साल की बच्ची से करा दी गई. बच्चे को बाकायदा दूल्हा बनाकर घोड़ी चढ़ाया गया और बारात निकाली गई. इस मामले का वीडियो वायरल हुआ तो प्रशासन हरकत में आ गया. जांच-पड़ताल के बाद कई लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है.

Advertisement
एक दिन पहले प्रशासन की टीम ने लिया था जायजा. (Photo: Screengrab) एक दिन पहले प्रशासन की टीम ने लिया था जायजा. (Photo: Screengrab)

पंकज शर्मा

  • राजगढ़,
  • 16 अप्रैल 2026,
  • अपडेटेड 7:51 AM IST

मध्य प्रदेश के राजगढ़ में बाल विवाह का मामला सामने आया है. यहां आठ साल की बच्ची का विवाह 9 साल के बच्चे के साथ बकायदा रस्मों रिवाज के साथ हुआ. दूल्हा-दुल्हन को मेहंदी लगाई गई. हल्दी की रस्में हुईं. बैंड बाजे के साथ शहनाई गूंजी. दूल्हा घोड़ी भी चढ़ा और विवाह की रस्में कराई गईं. इस पूरे मामले का वीडियो जब सोशल मीडिया पर वायरल हुआ तो मामला प्रशासन तक पहुंच गया. टीम मौके पर पहुंची और भोजपुर पुलिस थाने में बाल विवाह का केस दर्ज कर लिया गया.

Advertisement

यह पूरी कहानी राजगढ़ के भोजपुर थाना क्षेत्र की है. यहां 9 साल के बच्चे की बारात एक दूसरे गांव में पहुंची थी. पूरे विधि विधान के साथ शादी संपन्न हुई. इस बाल विवाह की भनक एक दिन पहले प्रशासन को लगी थी और टीम मौके पर पहुंची. उस समय परिवार वालों ने चालाकी दिखाई और प्रशासन की टीम के सामने दूसरे दूल्हे को पेश कर दिया कि इसकी शादी हो रही है. प्रशासन की टीम जब वापस लौट आई तो दूसरे दिन अपने नाबालिग बच्चों की शादी पूरे रीति रिवाज के साथ कर दी गई.

सवाल है कि गांव में सरपंच, सचिव, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, चौकीदार सहित आशा कार्यकर्ता को भी इस बात की भनक कैसे नहीं लगी. भोजपुर थाना प्रभारी अजय यादव ने बताया कि इस मामले में महिला एवं बाल विकास अधिकारी संतोष चौहान की सूचना पर बाल विवाह का केस दर्ज किया है. 

Advertisement

यह भी पढ़ें: लाड़ली लक्ष्मी वाले मध्य प्रदेश में हर साल बढ़ रहे बाल विवाह के मामले, विधानसभा में सरकार का खुलासा

खिलचीपुर एसडीओपी धर्मराज नगर ने बताया कि भोजपुर थाना क्षेत्र के एक गांव में नाबालिग बच्चों की शादी की खबर पर महिला एवं बाल विकास विभाग की टीम, भोजपुर थाना प्रभारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे. जांच में विवाह होने की पुष्टि होने पर बच्चों के माता-पिता, पंडित, घोड़ी वाले, टेंट संचालक सहित शादी में शामिल अन्य लोगों के खिलाफ कार्रवाई की गई है.

उधर राजगढ़ में ही करनवास पुलिस थाना इलाके में नौ साल की बच्ची की सगाई करने का मामला भी सामने आया. यहां रिश्तेदारों ने परिवार वालों की जानकारी के बगैर ही उसकी सगाई कर दी थी. 9 साल की बच्ची का विवाह सामूहिक विवाह सम्मेलन में 26 अप्रैल को सुठालिया में होना था. यहां बच्ची के नाम पर विवाह सम्मेलन की रसीद भी कट गई थी. इस बीच मामले में झगड़े की बात सामने आई तो बच्ची के परिजनों ने प्रशासन को सूचना दी. इस पूरे मामले की जांच की जा रही है.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement