मध्य प्रदेश के मुरैना जिले में रेत माफिया द्वारा वन आरक्षक की रेत के ट्रैक्टर ट्राली से कुचलकर हत्या कर दी गई. इस मामले में पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर ली है लेकिन मृतक आरक्षक के परिजन पुलिस की कार्रवाई से असंतुष्ट नजर आए. गुरुवार को पैतृक गांव जनकपुर में मृत आरक्षक का पार्थिक शरीर पहुंचा, जहां अंतिम संस्कार किया गया.
इस मौके पर आरक्षक के परिजनों ने आरोप लगाया है कि पुलिस प्रशासन की तरफ से उन्हें कोई मदद नहीं मिली है. इसके साथ ही उन्होंने पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा है कि चंबल की रेत से ट्रैक्टर ट्राली भरी हुई थी, लेकिन चंबल का रेत हटाकर उसमें सिंध की रेत भर दी गई.
इसके अलावा, मृतक के परिजनों ने अनुकंपा नियुक्ति की मांग की है और आरोपियों के घरों पर बुलडोजर चलाने की भी मांग की है. इसके साथ ही ट्रैक्टर ट्राली के मालिक पर भी एफआईआर दर्ज करने की मांग की है.
आरक्षक के अंतिम संस्कार में मुरैना एसपी समीर सौरभ, कलेक्टर लोकेश जांगिड़ और फॉरेस्ट विभाग के अधिकारी शामिल हुए. इस मामले में फॉरेस्ट विभाग के वन मंडल अधिकारी हरिश्चंद्र ने कहा कि वह मृतक की पत्नी को अनुकंपा नियुक्ति दिलाएंगे और कोशिश करेंगे कि मृतक आरक्षक को शहीद का दर्जा मिल सके. देखें VIDEO:-
इस मौके पर कलेक्टर लोकेश जांगिड़ ने कहा कि मुख्यमंत्री महोदय ने पूरे मामले के बारे में जानकारी ली है और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की बात कही है. मुरैना एसपी समीर सौरभ ने बताया है कि आरक्षक की मौत के मामले में ट्रैक्टर चालक पर एफआईआर दर्ज कर ली गई है और आगे जो भी साक्ष्य आएंगे, उस हिसाब से अन्य आरोपी बनाए जाएंगे.
हेमंत शर्मा