मध्य प्रदेश के खरगोन जिले के मंडलेश्वर में नर्मदा नदी के किनारे हजारों वोटर ID कार्ड मिलने से हड़कंप मच गया. शुरुआती जानकारी के मुताबिक, ये कार्ड इंदौर जिले की राऊ विधानसभा क्षेत्र के हैं. मामला सामने आने के बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मंडलेश्वर थाने के सामने प्रदर्शन किया और FIR दर्ज करने की मांग की. प्रशासन ने कार्ड जब्त कर जांच शुरू कर दी है.
दरअसल, रविवार सुबह मंडलेश्वर में नर्मदा घाट पर निस्वार्थ सेवा समिति की ओर से सफाई अभियान चलाया जा रहा था. इसी दौरान नदी किनारे लावारिस हालत में वोटर ID कार्ड दिखाई दिए. इसकी सूचना प्रशासन को दी गई.
मामले की जानकारी मिलने पर राजस्व विभाग की टीम मौके पर पहुंची. अधिकारियों ने वोटर ID कार्ड एकत्रित किए और पंचनामा तैयार किया. कार्डों की संख्या और उनके राऊ विधानसभा क्षेत्र से जुड़े होने की जानकारी सामने आई है, हालांकि पूरे मामले की जांच अभी जारी है.
फिलहाल यह साफ नहीं हो पाया है कि इतनी बड़ी संख्या में मतदाता पहचान पत्र नर्मदा किनारे कैसे और कब पहुंचे.
कांग्रेस ने थाने के सामने किया प्रदर्शन
वोटर ID कार्ड मिलने के मामले को लेकर जिला कांग्रेस अध्यक्ष रवि नायक के नेतृत्व में पार्टी कार्यकर्ता मंडलेश्वर थाने पहुंचे. कांग्रेस ने पुलिस को आवेदन सौंपकर FIR दर्ज करने और मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की.
रवि नायक ने सवाल उठाया कि इतनी बड़ी संख्या में वोटर ID कार्ड नदी किनारे कैसे पहुंचे. उन्होंने मामले में जिम्मेदार लोगों की पहचान कर कार्रवाई करने की मांग की. कांग्रेस की ओर से नदी में भी तलाशी अभियान चलाने की मांग की गई, ताकि पता लगाया जा सके कि वहां और मतदाता पहचान पत्र तो नहीं पड़े हैं. हालांकि, वोटर ID कार्ड वहां कैसे पहुंचे और इसके पीछे किसी की लापरवाही या अन्य कारण की भूमिका है या नहीं, यह जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा.
प्रशासन ने कार्ड जब्त कर जांच शुरू की
महेश्वर की एसडीएम पूर्वा मंडलोई ने बताया कि मामले की जांच के लिए तहसीलदार और अन्य अधिकारियों को मौके पर भेजा गया है. वहां पंचनामा बनाया गया है. उन्होंने कहा कि अभी कार्डों की संख्या के बारे में पूरी जानकारी नहीं है और जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो पाएगी. मामले में जो भी जिम्मेदार पाया जाएगा, उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी.
मंडलेश्वर की SDOP श्वेता शुक्ला के मुताबिक, नर्मदा घाट पर सफाई के दौरान वोटर ID कार्ड मिलने की सूचना प्राप्त हुई थी. इसके बाद राजस्व विभाग की टीम ने कार्ड जब्त किए. पुलिस को कांग्रेस की ओर से भी आवेदन मिला है और थाना प्रभारी को जांच सौंपी गई है. जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी. देखें VIDEO:-
जांच के बाद साफ होगी पूरी तस्वीर
नर्मदा किनारे वोटर ID कार्ड मिलने के मामले ने चुनावी प्रक्रिया और मतदाता पहचान पत्रों की सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े किए हैं. फिलहाल प्रशासन और पुलिस मामले की जांच कर रहे हैं. कार्ड किसके हैं, वे वहां कैसे पहुंचे और इसके लिए कौन जिम्मेदार है, इन सवालों के जवाब जांच पूरी होने के बाद ही मिल सकेंगे.
उमेश रेवलिया