मध्य प्रदेश के जबलपुर से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां एक युवक के साथ कथित तौर पर पहले बेरहमी से मारपीट की गई और फिर उसे कार में बैठाकर अज्ञात स्थान पर ले जाने का आरोप है. पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस हरकत में आई है. फिलहाल पीड़ित युवक का मोबाइल बंद बताया जा रहा है और उसका कोई सुराग नहीं मिल पाया है.
जानकारी के मुताबिक, घटना जबलपुर के विजयनगर स्थित जीरो डिग्री इलाके के पास की है. आरोप है कि होटल वेलवेट के संचालक साहिल चौधरी ने अपने साथियों के साथ मिलकर अभिषेक ठाकुर के साथ रुपए के लेनदेन को लेकर विवाद के बाद मारपीट की. वायरल वीडियो में कुछ लोग युवक को बेल्ट से पीटते हुए दिखाई दे रहे हैं.
यह भी पढ़ें: जबलपुर: BJP की महिला नेता के पेट में लगी गोली, अस्पताल में तोड़ा दम, सुबह घर के बाहर मचे बवाल के बीच हादसा
बताया जा रहा है कि आरोपी युवक की पिटाई करते रहे और साथ ही उसका वीडियो भी बनाते रहे. मारपीट के बाद उसे कार में बैठाकर अपने साथ ले जाया गया. इसके बाद से अभिषेक ठाकुर का मोबाइल फोन बंद है, जिससे उसके परिजनों और दोस्तों की चिंता बढ़ गई है.
दोस्तों ने लगाए गंभीर आरोप, कई लोगों के नाम आए सामने
पीड़ित के करीबी दोस्तों ने पुलिस को बताया कि घटना के समय साहिल चौधरी के साथ रोहन चौधरी, प्रशांत सेन उर्फ गोलू और प्रदीप पांडा भी मौजूद थे. आरोप है कि सभी ने मिलकर अभिषेक के साथ बेल्ट से बेरहमी से मारपीट की.
दोस्तों का यह भी आरोप है कि मारपीट के बाद आरोपियों ने अभिषेक को जबरन कार में बैठाया और उसे किसी अज्ञात स्थान पर ले गए. रास्ते में भी उसके साथ मारपीट जारी रही. फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि आरोपी उसे कहां लेकर गए.
घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने मामले का संज्ञान लिया. वीडियो के आधार पर आरोपियों और पीड़ित युवक की तलाश शुरू कर दी गई है. पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों की भी जांच कर रही है.
पीड़ित की तलाश में जुटी पुलिस, मिलने के बाद दर्ज होगी शिकायत
लार्डगंज थाना पुलिस फिलहाल यह पता लगाने में जुटी है कि अभिषेक ठाकुर इस समय कहां है और उसकी क्या स्थिति है. पुलिस का कहना है कि सबसे पहली प्राथमिकता युवक का पता लगाना है.
इस मामले में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ASP) अंजना तिवारी ने बताया कि वायरल वीडियो और मिली जानकारी के आधार पर जांच शुरू कर दी गई है. उन्होंने कहा कि पीड़ित युवक के मिलने के बाद उससे पूछताछ की जाएगी और उसके बयान के आधार पर शिकायत दर्ज कर दोषियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
पुलिस का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है. वीडियो की सत्यता, मारपीट की वजह और कथित अपहरण के आरोपों की भी पड़ताल की जा रही है. जांच पूरी होने के बाद तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.
धीरज शाह