MP News: इंदौर में सोशल मीडिया पर रातों-रात वायरल होने की चाहत एक युवती के लिए भारी मुसीबत बन गई है. शहर के व्यस्त लैंटर्न चौराहे पर ट्रैफिक सिग्नल की जेब्रा क्रॉसिंग पर लेटकर रील बनाने वाली सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर प्रकृति गौर के खिलाफ तुकोगंज पुलिस ने FIR दर्ज कर ली है. पुलिस ने कार्रवाई करते हुए युवती का मोबाइल भी जब्त कर लिया है.
दरअसल, कुछ दिनों पहले प्रकृति गौर का एक वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हुआ था. इस वीडियो में वह रेड लाइट के दौरान जेब्रा क्रॉसिंग पर बीच सड़क लेटकर रील बनाती नजर आ रही थी.
वीडियो सामने आने के बाद इंदौर पुलिस ने मामले को बेहद गंभीरता से लिया. देखें VIDEO:-
मामले का संज्ञान लेते हुए तुकोगंज पुलिस ने युवती को पूछताछ के लिए थाने तलब किया. जांच के बाद पुलिस ने सार्वजनिक सड़क पर बाधा डालने और आम जनता की सुरक्षा को खतरे में डालने के आरोप में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 270 और 285 के तहत केस दर्ज कर लिया.
पुलिस का कहना है कि बीच चौराहे पर इस तरह की हरकतें न सिर्फ यातायात प्रवाह को प्रभावित करती हैं, बल्कि सड़क पर चल रहे अन्य चालकों और खुद रील बनाने वाले की जान के लिए भी गंभीर खतरा पैदा करती हैं.
कानूनी शिकंजे में फंसने और पुलिस थाने से बुलावा आने के बाद प्रकृति गौर ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो जारी कर अपनी इस हरकत के लिए सार्वजनिक रूप से माफी मांगी है. देखें VIDEO:-
इस घटना के बाद एडिशनल डीसीपी राजेश दंडोतिया ने नागरिकों और खासकर युवाओं से अपील की है कि वे सोशल मीडिया पर लोकप्रियता पाने के लिए सड़कों या सार्वजनिक स्थानों पर ऐसे स्टंट न करें, जिससे यातायात बाधित हो या किसी की जान जोखिम में पड़े. पुलिस ने स्पष्ट किया है कि भविष्य में भी इस तरह की गैर-जिम्मेदाराना हरकतों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी.
धर्मेंद्र कुमार शर्मा