MP: 35 फीट गहरे कुएं में समाई कार, ग्रामीणों की तत्परता से बची 3 युवकों की जिंदगी

मध्य प्रदेश के बैतूल जिले में रविवार तड़के ब्रेक फेल होने से एक कार 35 फीट गहरे कुएं में गिर गई. हादसे में कार सवार तीन युवक कुएं में फंस गए. घटना की सूचना मिलते ही ग्रामीण और 108 एम्बुलेंस कर्मी मौके पर पहुंचे. इस घटना से इलाके में अफरा-तफरी मच गई.

Advertisement
35 फीट गहरे कुएं में गिरी कार. (Photo: Screengrabs) 35 फीट गहरे कुएं में गिरी कार. (Photo: Screengrabs)

राजेश भाटिया

  • बैतूल,
  • 17 मई 2026,
  • अपडेटेड 10:49 AM IST

मध्य प्रदेश के बैतूल जिले में रविवार तड़के एक बड़ा सड़क हादसा टल गया. जहां तेज रफ्तार कार के ब्रेक फेल होने से वह सड़क किनारे बने गहरे कुएं में जा गिरी. हादसे के समय कार में तीन युवक सवार थे, जो कुएं में फंस गए. हालांकि स्थानीय ग्रामीणों और 108 एम्बुलेंस कर्मियों की तत्परता से तीनों युवकों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया. फिलहाल तीनों का इलाज अस्पताल में चल रहा है.

Advertisement

अमरावती के रहने वाले हैं तीनों युवक
जानकारी के अनुसार यह हादसा भैंसदेही थाना क्षेत्र के गुदगांव-धामनगांव मार्ग पर रविवार सुबह करीब चार बजे हुआ. बताया जा रहा है कि कार में सवार तीनों युवक महाराष्ट्र के अमरावती जिले के निवासी हैं और किसी काम से बाहर गए थे. देर रात वे अपने घर लौट रहे थे. इसी दौरान रास्ते में उनकी कार के अचानक ब्रेक फेल हो गए. चालक ने वाहन पर नियंत्रण पाने की कोशिश की, लेकिन तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे स्थित लगभग 35 फीट गहरे कुएं में जा गिरी.

कार के कुएं में गिरते ही तेज आवाज हुई, जिसे सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे. लोगों ने तुरंत पुलिस और 108 एम्बुलेंस सेवा को सूचना दी. कुछ ही देर में एम्बुलेंस मौके पर पहुंच गई. एम्बुलेंस में मौजूद ईएमटी दीपक बारस्कर और पायलट मोहित चडोकर ने बिना समय गंवाए साहसिक तरीके से कुएं में उतरकर रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया.

Advertisement

ग्रामीणों की मदद से काफी मशक्कत के बाद कार में फंसे तीनों युवकों को बाहर निकाला गया. हादसे में घायल युवकों की पहचान राहुल कड़ू, सत्यम तोमर और कृष्णा मोकडे के रूप में हुई है. तीनों को प्राथमिक उपचार देने के बाद सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भैंसदेही पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है. डॉक्टरों के मुताबिक सभी की हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है.

जांच में जुटी पुलिस
स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि समय रहते ग्रामीण और एम्बुलेंस कर्मी मौके पर नहीं पहुंचते तो बड़ा हादसा हो सकता था. कुआं काफी गहरा था और अंधेरा होने के कारण रेस्क्यू ऑपरेशन में भी काफी दिक्कतें आईं. बावजूद इसके सभी ने मिलकर युवकों की जान बचा ली.

घटना के बाद इलाके में कुछ समय तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा. पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है.शुरुआती जांच में हादसे की वजह कार के ब्रेक फेल होना बताया जा रहा है. 

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement