Best Herbal Tea for Weight Loss: आज के दौर में अनहेल्दी लाइफस्टाइल और गलत खान-पान की वजह से वजन बढ़ने की समस्या काफी आम हो गई है. लेकिन अच्छी बात यह है कि सही खान-पान और हेल्दी लाइफस्टाइल अपनाकर इसे काफी हद तक कम किया जा सकता है. ऐसे में आज हम आपको कुछ ऐसी हर्बल टी के बारे में बताएंगे, जिन्हें पीने से बॉडी डिटॉक्स होता है, डाइजेशन बेहतर रहता है और वजन घटाने में भी मदद मिलती है.
इन चाय को आप घर पर आसानी से बेहद कम समय में बना सकते हैं. तो आइए जानते हैं इन पांच हर्बल टी के बारे में जो आपके दिन को एनर्जेटिक बनाने और वजन कम करने में मदद कर सकती हैं.
पुदीने की चाय
पुदीने की चाय पेट को ठंडा रखने और गैस की समस्या को कम करने में मदद करती है. यह मेटाबॉलिज्म को भी तेज करती है, जिससे वजन कम करने में मदद मिलती है. इसे बनाने के लिए 1 कप गर्म पानी में एक पेपरमिंट टी बैग या 6 ताजी पुदीने की पत्तियां और थोड़ा सा अदरक डालें.
हल्दी और काली मिर्च की चाय
यह चाय पेट को आराम देने और ब्लोटिंग की समस्या को कम करने में मदद करती है. इसे बनाने के लिए 1 कप गर्म पानी में 1 चम्मच हल्दी पाउडर और एक चुटकी काली मिर्च मिलाएं. इसे 3 मिनट तक भिगोकर हल्का ठंडा होने दें और फिर गुनगुना पी लें.
अनानास और अदरक की चाय
बेली फैट कम करने के लिए यह चाय फायदेमंद मानी जाती है. इसे बनाने के लिए 1 मीडियम आकार का अनानास, 2 बड़े चम्मच कद्दूकस किया हुआ अदरक और 1 बड़ा चम्मच लौंग लें. इन्हें 4 कप पानी में डालकर 10 मिनट तक उबालें. फिर हल्का ठंडा करके पिएं.
नींबू स्लाइस के साथ ग्रीन टी
यह चाय बॉडी फैट कम करने और शरीर को हाइड्रेट रखने में मदद करती है. इसे बनाने के लिए 1 कप गर्म पानी में 1 ग्रीन टी बैग और 3 नींबू के स्लाइस डालें. कुछ देर भिगोने के बाद इसे गर्म ही पिएं.
नींबू और चिया सीड्स की चाय
यह चाय मेटाबॉलिज्म को बढ़ाती है, पेट फूलने की समस्या कम करती है और वजन घटाने में मदद करती है. 1 कप उबलते पानी में 1 बड़ा चम्मच नींबू का रस और थोड़ा अदरक डालें. फिर हल्का ठंडा होने पर एप्पल साइडर विनेगर और चिया सीड्स मिलाकर तुरंत पी लें.
डिस्क्लेमर: ये खबर सिर्फ जानकारी के लिए है अपनी डाइट में किसी भी तरह का बदलाव करने से पहले डॉक्टर या न्यूट्रिशनिस्ट की सलाह लेना न भूलें.
आजतक लाइफस्टाइल डेस्क