Longevity tips: 20-30 की उम्र वाली एनर्जी बढ़ती उम्र के साथ धीरे-धीरे खोने लगती है, क्योंकि उम्र के साथ इंसान पर जिम्मेदारियां बढ़ जाती है. यही वजह है कि 40 और 50 की उम्र को अक्सर जिंदगी का सबसे बिजी समय माना जाता है. इस तक ज्यादातर लोग करियर में आगे बढ़ चुके होते हैं, परिवार की जिम्मेदारियां वक्त भी बढ़ जाती हैं और खुद के लिए समय निकालना मुश्किल हो जाता है. लेकिन यही वह उम्र भी है, जब शरीर धीरे-धीरे उम्र बढ़ने के संकेत देने लगता है.
पहले जैसी फुर्ती नहीं रहती, वजन बढ़ने लगता है, मसल्स कमजोर होने लगती हैं और हाई ब्लड प्रेशर, डायबिटीज या दिल की बीमारियों का खतरा भी बढ़ने लगता है. ऐसे में अगर इस समय अपनी सेहत पर ध्यान न दिया जाए, तो आगे चलकर कई गंभीर परेशानियां हो सकती हैं. लंबी उम्र तो हर कोई चाहता है, लेकिन उसके लिए कुछ करते नहीं है. लेकिन अच्छी बात यह है कि कुछ अच्छी आदतों को अपनाकर आप एक लंबी और हेल्दी लाइफ जी सकते हैं.
स्टैनफोर्ड मेडिसिन की प्रोफेसर डॉ. एबी किंग का कहना है कि अच्छी बात यह है कि 40 और 50 की उम्र में अपनाई गई हेल्दी आदतें आने वाले कई दशकों तक आपकी सेहत पर सकारात्मक असर डाल सकती हैं.
वहीं, स्टैनफोर्ड लाइफस्टाइल मेडिसिन के एक्सपर्ट डॉ. माइकल फ्रेडरिकसन का मानना है कि नियमित व्यायाम, संतुलित खानपान, अच्छी नींद, समय-समय पर हेल्थ चेकअप और स्ट्रेस को कंट्रोल रखना लंबी और हेल्दी लाइफ की सबसे मजबूत नींव है.
आइए जानते हैं वे 5 आदतें, जिन्हें इस उम्र में अपनी लाइफस्टाइल का हिस्सा जरूर बनाना चाहिए.
रोजाना करें एक्सरसाइज, मांसपेशियां रहेंगी मजबूत
40 साल की उम्र के बाद शरीर हर साल धीरे-धीरे मांसपेशियां खोने लगता है. यही वजह है कि इस उम्र में कमजोरी, बैलेंस बिगड़ने और हड्डियों के कमजोर होने का खतरा बढ़ जाता है. एक्सपर्ट्स के मुताबिक, वीक में कम से कम दो दिन स्ट्रेंथ ट्रेनिंग जैसे स्क्वैट्स, पुश-अप्स, लंजेस या हल्के डंबल एक्सरसाइज करनी चाहिए.
इसके अलावा हफ्ते में कम से कम 150 मिनट तेज चाल से चलना, साइकिल चलाना या कोई भी कार्डियो एक्सरसाइज करना दिल और दिमाग दोनों के लिए फायदेमंद है. रोजाना थोड़ी देर की एक्सरसाइज भी लंबे समय में बड़ा फायदा देती है.
संतुलित और प्रोटीन से भरपूर डाइट लें
बढ़ती उम्र में सिर्फ पेट भरना ही काफी नहीं होता, बल्कि शरीर को सही पोषण देना भी उतना ही जरूरी है. डाइट में हरी सब्जियां, मौसमी फल, साबुत अनाज, दालें, बीन्स, नट्स और प्रोटीन से भरपूर चीजें जैसे अंडे, दही, पनीर, मछली या सोया जरूर शामिल करें.
साथ ही पर्याप्त फाइबर लेने से डाइजेशन को बेहतर बनाता है और ब्लड शुगर, कोलेस्ट्रॉल और वजन कंट्रोल खने में मदद मिलती है. ज्यादा तला-भुना, मीठा और प्रोसेस्ड फूड खाने से जितना हो बचना चाहिए.
अच्छी और पूरी नींद लें
उम्र बढ़ने के साथ अच्छी नींद लेना थोड़ा मुश्किल हो सकता है, लेकिन सेहत के लिए यह बेहद जरूरी है. एक्सपर्ट्स के अनुसार हर रात कम से कम 7 से 8 घंटे की अच्छी नींद लेनी चाहिए. सोने और उठने का समय रोज एक जैसा रखें. सोने से पहले मोबाइल, लैपटॉप या टीवी का इस्तेमाल कम करें. अगर पूरी नींद लेने के बाद भी दिनभर थकान महसूस होती है या खर्राटों की समस्या है, तो डॉक्टर से सलाह जरूर लें.
समय-समय पर हेल्थ चेकअप कराते रहें
40 की उम्र के बाद कई बीमारियां बिना किसी लक्षण के शरीर में जन्म लेने लगती है. इसलिए नियमित हेल्थ चेकअप कराना बेहद जरूरी है. ब्लड प्रेशर, ब्लड शुगर और कोलेस्ट्रॉल की जांच समय पर करवाएं. 45 साल की उम्र के बाद कोलोन कैंसर की स्क्रीनिंग कराने की सलाह दी जाती है.
वहीं, महिलाओं को नियमित मैमोग्राफी और पुरुषों को डॉक्टर की सलाह के अनुसार प्रोस्टेट जांच करवानी चाहिए. समय पर बीमारी का पता चलने से इलाज आसान हो जाता है.
तनाव कम करें और लोगों से जुड़े रहें
वर्क प्रेशर, परिवार की जिम्मेदारियां और आर्थिक चिंताएं इस उम्र में स्ट्रेस बढ़ा सकती हैं. लगातार तनाव दिल, दिमाग और इम्यून सिस्टम पर बुरा असर डालता है. तनाव कम करने के लिए मेडिटेशन, योग, गहरी सांस लेने की एक्सरसाइज या अपनी पसंद का कोई शौक अपनाएं. साथ ही परिवार, दोस्तों और समाज से जुड़े रहें.
रिसर्च बताती हैं कि जिन लोगों के सामाजिक रिश्ते मजबूत होते हैं, वे मानसिक रूप से ज्यादा स्वस्थ रहते हैं और उनकी उम्र भी लंबी हो सकती है.
आजतक लाइफस्टाइल डेस्क