Karwa Chauth 2026: भारतीय महिलाओं के लिए करवा चौथ का त्योहार बेहद खास होता है. इस दिन महिलाएं अपने पति की लंबी उम्र और सुखी वैवाहिक जीवन की कामना के लिए व्रत रखती हैं. व्रत रखने के साथ ही सुहागनें सोलह श्रृंगार करती हैं और खूबसूरत साड़ी पहनकर तैयार होती हैं. ऐसे में हर महिला चाहती है कि करवा चौथ के दिन उसका चेहरा खिला-खिला और खूबसूरत नजर आए.
इस साल करवा चौथ 29 अक्टूबर को मनाया जाएगा. त्योहार की तैयारियों में महिलाएं कपड़ों और गहनों से लेकर मेकअप तक की शॉपिंग करती हैं. वहीं, चेहरे पर निखार लाने के लिए कई महिलाएं महंगे फेशियल और ब्यूटी ट्रीटमेंट का सहारा लेती हैं. हालांकि, त्वचा की देखभाल के लिए कुछ आसान घरेलू उपाय भी आजमाए जा सकते हैं. घर में मौजूद दही, शहद और एलोवेरा जैसी चीजें त्वचा को नमी देने में मदद कर सकती हैं. आइए जानते हैं कि करवा चौथ से पहले घर पर किन तरीकों से त्वचा की देखभाल की जा सकती है.
इन घरेलू नुस्खों से घर बैठे पाएं ग्लोइंग स्किन
चेहरे पर लगाएं दही
दही में लैक्टिक एसिड होता है, जो स्किन की ऊपरी लेयर को एक्सफोलिएट करने में मदद कर सकता है. इसके लिए थोड़ा सादा दही लेकर चेहरे पर लगाएं और करीब 5 से 10 मिनट के बाद नॉर्मल साफ पानी से अपने चेहरे को धो लें. मिनट बाद पानी से धो लें. इससे त्वचा को नमी मिल सकती है. संवेदनशील त्वचा वाले लोग पहले पैच टेस्ट जरूर करें.
शहद से रखें स्किन को सॉफ्ट
शहद स्किन में नमी बनाए रखने में मदद करता है, इसलिए करवा चौथ से पहले चेहरे की देखभाल के लिए थोड़ी मात्रा में अपने फेस पर थोड़ा शहद लगाएं. शहद को लगाने के 10 मिनट बाद गुनगुने पानी से धो लें, इससे त्वचा मुलायम महसूस हो सकती है.अगर शहद से एलर्जी है, तो इसका इस्तेमाल न करें.
एलोवेरा जेल से पाएं ठंडक
एलोवेरा जेल त्वचा को ठंडक देने और नमी बनाए रखने में मदद कर सकता है. इसके लिए शुद्ध एलोवेरा जेल की पतली परत चेहरे पर लगाएं और कुछ देर बाद धो लें. अगर बाजार से जेल खरीद रही हैं, तो ऐसा प्रोडक्ट खरीदें जिसमें खुशबू और जलन पैदा करने वाले तत्व कम हों.
बेसन का फेस पैक लगाएं
बेसन का इस्तेमाल कई घरों में पारंपरिक उबटन के तौर पर किया जाता है. आप थोड़ा बेसन लेकर उसमें पानी मिलाकर पतला पेस्ट बना सकती हैं. इसे चेहरे पर हल्के हाथों से लगाएं और सूखने से पहले धो लें. त्वचा को जोर से रगड़ने या पेस्ट को पूरी तरह सुखाकर खींचने से बचें, क्योंकि इससे जलन हो सकती है.
खीरे से दें चेहरे को फ्रेशनेस
खीरे में पानी की अच्छी मात्रा होती है. इसके ठंडे टुकड़े चेहरे पर हल्के हाथों से फेर सकती हैं या खीरे का गूदा कुछ मिनट के लिए लगा सकती हैं. इससे त्वचा को ठंडक और ताजगी महसूस हो सकती है. इसके बाद चेहरे को सामान्य पानी से धो लें.
करवा चौथ से पहले इन बातों का रखें ध्यान
त्योहार के दिन चेहरे पर निखार बनाए रखने के लिए पर्याप्त नींद लें, पानी पीती रहें और स्किन को साफ रखें. चेहरे पर कोई भी नया घरेलू नुस्खा पहली बार इस्तेमाल करने से पहले पैच टेस्ट जरूर करें. नींबू, बेकिंग सोडा और तेज स्क्रब जैसी चीजों को चेहरे पर लगाने से बचें, क्योंकि इनसे जलन या त्वचा को नुकसान पहुंच सकता है. इस बात का ध्यान रखें कि घरेलू नुस्खों से तुरंत या एक जैसा निखार मिलने की गारंटी नहीं होती. अगर त्वचा पर मुंहासे, एलर्जी या जलन की समस्या है, तो किसी भी नए नुस्खे को आजमाने से पहले स्किन एक्सपर्ट से सलाह लें.
आजतक लाइफस्टाइल डेस्क