How to Stop Hair Fall Naturally: आजकल की भागदौड़ भरी जिंदगी, प्रदूषण और खराब लाइफस्टाइल के कारण बालों का झड़ना एक आम समस्या बन चुका है. गर्मियों में लू का असर भी बालों पर पड़ता है, जिसकी वजह से बाल जल्दी खराब होने लगते हैं. बालों को झड़ने से रोकने के लिए लोग महंगे केमिकल प्रोडक्ट्स से लेकर दही और प्याज के रस जैसे देसी नुस्खों तक, सब कुछ ट्राई करते हैं. लेकिन क्या आप जानते हैं कि बालों की असली मजबूती बाहरी प्रोडक्ट्स से नहीं, बल्कि आपके सही खान-पान से आती है?
गुरुग्राम के मैरिंगो एशिया हॉस्पिटल की सीनियर कंसल्टेंट डर्मेटोलॉजी, डॉ. प्रियंका हेमराजनी के मुताबिक, कुछ खास चीजों को अपनी डाइट में शामिल करने से बाल न सिर्फ मजबूत होते हैं, बल्कि उनकी ग्रोथ भी तेजी से बढ़ती है. आइए ऐसे ही 5 बेहतरीन सुपरफूड्स के बारे में जानते हैं.
प्रोटीन और बायोटिन से भरपूर अंडा
बालों को हेल्दी रखने के लिए अंडा सबसे बेस्ट माना जाता है, इसमें भरपूर मात्रा में प्रोटीन और बायोटिन होता है, जो बालों के स्ट्रक्चर को सुधारते हैं. इसके अलावा, अंडे में मौजूद जिंक और सेलेनियम स्कैल्प को हेल्दी रखने में मदद करते हैं. बालों की अच्छी सेहत के लिए हफ्ते में 3 से 4 अंडे खाना फायदेमंद रहता है.
नट्स: बादाम और अखरोट
बादाम और अखरोट को बालों के लिए सुपरफूड माना जाता है. ये प्रोटीन, ओमेगा-3 फैटी एसिड और विटामिन-ई से भरपूर होते हैं, जो बालों को अंदर से पोषण देते हैं. रोजाना 4 से 5 भीगे हुए अखरोट और 8 से 10 बादाम खाने से बालों का टूटना काफी कम हो जाता है.
विटामिन्स का पावरहाउस: हरी सब्जियां
पालक, मेथी और सरसों जैसी हरी पत्तेदार सब्जियां बालों की अच्छी ग्रोथ के लिए बेहद जरूरी हैं. इनमें आयरन, फोलेट और विटामिन्स भरपूर मात्रा में पाए जाते हैं. आयरन की कमी से अक्सर बाल झड़ने लगते हैं, ऐसे में हरी सब्जियां बालों को जड़ से ऑक्सीजन और पोषण पहुंचाकर उन्हें मजबूत बनाती हैं.
हेल्दी सीड्स
चिया सीड्स, कद्दू के बीज और अलसी पोषक तत्वों का पावरहाउस कहा जाता हैं. इनमें ओमेगा-3, जिंक, आयरन और प्रोटीन होता है, जो स्कैल्प को इंफेक्शन से बचाते हैं और हेयर फॉल को तुरंत कंट्रोल करने में मदद करते हैं.
विटामिन-सी से भरपूर खट्टे फल
आंवला, संतरा और नींबू जैसे फल विटामिन-सी का अहम सोर्स हैं. विटामिन-सी शरीर में कोलेजन बनाने में मदद करता है, जो बालों की इलास्टिसिटी और मजबूती के लिए जरूरी है. इनके नियमित सेवन से बाल लंबे, घने और चमकदार बनते हैं.
महंगे हेयर ट्रीटमेंट्स पर पैसे खर्च करने के बजाय अपनी डाइट में इन विटामिन्स और मिनरल्स से भरपूर चीजों को जगह दें. अंदरूनी पोषण ही आपके बालों को हमेशा के लिए खूबसूरत और मजबूत बना सकता है.
आजतक लाइफस्टाइल डेस्क