How To Reuse Old Computer Mouse: घर में कई ऐसी चीजें होती हैं, जिन्हें खराब या पुराना समझकर हम कबाड़ में फेंक देते हैं. फिर चाहे वो टूथब्रश हो, कंघा हो, घड़ी हो या फिर फटी-पुरानी चादरें. कंप्यूटर माउस भी इन्हीं में से एक है. नया माउस खरीदने के बाद पुराना अक्सर किसी दराज में पड़ा रहता है या फिर कचरे में चला जाता है. अगर आपने भी माउस किसी कोने में रख दिया या फिर कूड़े में डालने जा रहे हैं, तो थोड़ा सोचें.
दरअसल, जिस माउस से कभी कंप्यूटर चलाया जाता था, वही अब आपके बाथरूम से लेकर घर की सजावट तक में काम आ सकता है. थोड़ी-सी क्रिएटिविटी और कुछ मामूली चीजों की मदद से आप इसे घर में कई तरीकों से इस्तेमाल कर सकते हैं. यानी जिसे आप कबाड़ समझ रहे हैं, उससे कई काम लिए जा सकते हैं. इससे पैसे खर्च किए बिना पुरानी चीज का दोबारा इस्तेमाल होगा और ई-वेस्ट भी कम करने में मदद मिलेगी. आइए जानते हैं पुराने कंप्यूटर माउस को दोबारा इस्तेमाल करने के 5 मजेदार तरीके.
1. पुराने माउस से बनाएं साबुन स्टैंड: कंप्यूटर के खराब हो चुके माउस को आप साबुन रखने के स्टैंड की तरह भी इस्तेमाल कर सकते हैं. कैसे? इसके लिए माउस के अंदर के इलेक्ट्रॉनिक पार्ट्स और तार निकलवाकर बाहरी कलर को अच्छी तरह साफ कर लें. फिर मजबूत सेल्फ-एडहेसिव हुक की मदद से इसे दीवार पर लगा सकते हैं. ध्यान रखें कि साबुन इसमें आसानी से टिक सके और कोई नुकीला हिस्सा न हो.
2. बच्चों के लिए बनाएं अनोखा खिलौना: पुराने माउस को पेंट और कलरफुल पेपर्स की मदद से मजेदार खिलौने में बदल सकते हैं. इसे कार, बिल्ली या किसी कार्टून कैरेक्टर जैसा लुक दें. आंखें बनाने के लिए पेंट का इस्तेमाल करें और अपनी पसंद से सजाएं. इस्तेमाल से पहले तार और छोटे इलेक्ट्रॉनिक पार्ट्स हटा दें.
3. क्रिसमस ट्री के लिए बनाएं डेकोरेशन: पुराने माउस को लाल, हरे या गोल्डन कपड़े से ढककर खूबसूरत डेकोरेशन पीस बनाया जा सकता है. इसे रिबन, चमकीले कागज और सितारों से सजाएं. इसके बाद मजबूत डोरी लगाकर क्रिसमस ट्री पर टांग दें. इस तरह बिना नया डेकोरेशन खरीदे घर में रखी बेकार चीज को नया रूप दे सकते हैं.
4. माउस के सेंसर से करें नकली सिक्कों की पहचान: कंप्यूटर माउस के अंदर एक सेंसर होता है, जो ये पता लगाता है कि माउस किस दिशा में और कितना हिल रहा है. इसी सेंसर की मदद से सिक्कों की पहचान करने का प्रयोग भी किया गया है. अगर आपको इलेक्ट्रॉनिक्स की थोड़ी जानकारी है, तो माउस के इस सेंसर से एक छोटा प्रोजेक्ट बना सकते हैं. हालांकि, इसके लिए कुछ दूसरे इलेक्ट्रॉनिक पार्ट्स और तकनीकी जानकारी की जरूरत होगी.
5. पुराने माउस से बनाएं छोटा ड्रोन: इलेक्ट्रॉनिक्स में दिलचस्पी है, तो पुराने माउस के प्लास्टिक खोल का इस्तेमाल छोटे ड्रोन के डिजाइन में कर सकते हैं. इसके लिए मोटर, प्रोपेलर, बैटरी और कंट्रोलर जैसे एक्स्ट्रा पार्ट्स की जरूरत होगी. ये एक तकनीकी प्रोजेक्ट है, इसलिए इसे बनाने के लिए एक्सपर्ट की मदद लें और सुरक्षा का ध्यान रखें.
आजतक लाइफस्टाइल डेस्क