रिमझिम होने वाली बारिश की ठंडी फुहारें भले ही मन को सुकून देती हों, लेकिन यही मौसम आपके घर में रखें महंगे लकड़ी के फर्नीचर का सबसे बड़ा दुश्मन भी बन सकता है. जी हां, आपका फर्नीचर चाहे बारिश में भीग न रहा हो, लेकिन फिर भी मॉनसून उसके खराब होने का बहुत बड़ा कारण बन सकता है. कैसे? तो बता दें, मॉनसून में नमी बढ़ जाती है, जिसकी वजह से लकड़ी फूलने लगती है, उस पर फंगस और सीलन के निशान पड़ सकते हैं.
कई बार तो नमी के कारण महंगे से महंगा फर्नीचर की नेचुरल चमक भी धीरे-धीरे फीकी पड़ने लगती है. ऐसे में अगर आप चाहते हैं कि आपका लकड़ी का फर्नीचर सालों तक नया और चमकदार बना रहे, तो बारिश के मौसम में उसकी थोड़ी-सी एक्स्ट्रा देखभाल करना बहुत जरूरी है. लेकिन खास बात ये है कि इसके लिए आपको कोई महंगी चीज खरीदने की जरूरत बिल्कुल भी नहीं है.
1. फर्नीचर को गीली जगह से दूर रखें: लकड़ी का फर्नीचर ऐसी जगह रखें जहां बारिश का पानी या सीलन आसानी से न पहुंचे. आपको बारिश के मौसम में खिड़कियों, बालकनी या गीली दीवार के बिल्कुल पास फर्नीचर रखने से बचना चाहिए, क्योंकि लगातार नमी लकड़ी को नुकसान पहुंचा सकती है.
2. वुड पॉलिश या वैक्स जरूर लगाएं: बारिश शुरू होने से पहले या बीच-बीच में फर्नीचर पर अच्छी क्वालिटी की वुड पॉलिश या वैक्स की लेयर लगा दें. इससे लकड़ी पर एक प्रोटेक्टिव लेयर बन जाती है, जो नमी को अंदर जाने से काफी हद तक रोकती है.
3. कमरे में हवा का आना-जाना बनाए रखें: बंद कमरों में नमी ज्यादा जमा होती है. इसलिए जब भी मौसम साफ हो, खिड़कियां खोलें ताकि ताजी हवा आती रहे. जरूरत हो तो पंखा, एसी के ड्राई मोड या डिह्यूमिडिफायर का इस्तेमाल भी कर सकते हैं.
4. अलमारी और दराज में नमी सोखने वाली चीजें रखें: लकड़ी की अलमारी और दराज में सिलिका जेल पैकेट, कपूर या नमी सोखने वाले पैक रख सकते हैं. इससे अंदर की नमी कम होती है और बदबू, फंगस व दीमक का खतरा भी घटता है.
5. फर्नीचर को फर्श से थोड़ा ऊपर रखें: बारिश में फर्श अक्सर नम रहता है. ऐसे में अगर फर्नीचर के पैर सीधे फर्श को छूते रहें, तो उनमें नमी आ सकती है. छोटे स्टैंड या राइजर की मदद से फर्नीचर को थोड़ा ऊंचा रखना अच्छा रहता है.
6. नियमित रूप से सूखे कपड़े से सफाई करें: इस मौसम में फर्नीचर पर धूल और नमी जमा न होने दें. मुलायम और सूखे कपड़े से रेगुलर सफाई करें. गीले कपड़े से बार-बार पोंछने से बचें, क्योंकि इससे लकड़ी में नमी बढ़ सकती है.
7. फंगस और दीमक के संकेतों पर नजर रखें: अगर फर्नीचर पर काले या हरे धब्बे दिखें, बदबू आने लगे या लकड़ी में छोटे-छोटे छेद नजर आएं, तो उन्हें बिल्कुल भी नजरअंदाज न करें. समय रहते सफाई या ट्रीटमेंट कराने से बड़ा नुकसान टाला जा सकता है.
आजतक लाइफस्टाइल डेस्क