Suran Ka Achar: आम और नींबू छोड़िए, दाल-चावल के साथ खाएं सूरन का चटपटा अचार, फटाफट बनकर होगा तैयार

Suran Ka Achar: अगर आप भी खाने के साथ अचार खाने के शौकीन हैं तो फिर आपको आम और नींबू के साथ ही सूरन का अचार भी जरूर ट्राई करना चाहिए. यहां हम आपको इसकी झटपट तैयार होने वाली रेसिपी बता रहे हैं.

Advertisement
सूरन का अचार (Photo: ITG) सूरन का अचार (Photo: ITG)

आजतक लाइफस्टाइल डेस्क

  • नई दिल्ली,
  • 03 अगस्त 2026,
  • अपडेटेड 9:06 PM IST

Suran Ka Achar: भारतीय खान-पान में अचार की बात ही निराली है. आम, नींबू और मिर्च का अचार तो हर घर में आम तौर पर खाया जाता है, लेकिन अगर आप रोज के वही पुराने स्वाद से बोर हो चुके हैं और कुछ नया व चटपटा ट्राई करना चाहते हैं तो सूरन (जिमीकंद) का अचार आपके लिए एकदम परफेक्ट विकल्प है. सूरन का नाम आते ही कई लोगों के मन में गले की खुजली का डर बैठ जाता है, लेकिन अगर इसे सही तरीके और सही खटास के साथ बनाया जाए, तो यह न केवल गले में बिल्कुल खराश पैदा नहीं करता, बल्कि इसका चटपटा और मसालेदार स्वाद ऐसा होता है कि खाने वाले उंगलियां चाटते रह जाते हैं. आइए जानते हैं इसे बनाने की बहुत ही आसान और असरदार विधि.

Advertisement

आवश्यक सामग्री:
सूरन (जिमीकंद) - 500 ग्राम (छोटे टुकड़ों में कटा हुआ)

सरसों का तेल - आधा कप (अचार के लिए)

राई या पीली सरसों (पिसी हुई) - 3 बड़े चम्मच

सौंफ (दरदरी पिसी हुई) - 2 बड़े चम्मच

मेथी दाना (पिसा हुआ) - 1 छोटा चम्मच

कलौंजी (मंगरैल) - 1 छोटा चम्मच

अजवाइन - आधा छोटा चम्मच

हल्दी पाउडर - 1 बड़ा चम्मच

लाल मिर्च पाउडर या कश्मीरी लाल मिर्च - 1-2 चम्मच (स्वादानुसार)

हींग - आधा छोटा चम्मच

नमक - स्वादानुसार (अचार में थोड़ा तेज नमक अच्छा लगता है)

खटास के लिए: 3-4 बड़े चम्मच नींबू का रस या अमचूर पाउडर (यह सूरन की खुजली को पूरी तरह खत्म करता है)

बनाने की विधि

सूरन के छिलके उतारते समय हाथों में थोड़ा सा सरसों का तेल लगा लें ताकि खुजली न हो. फिर इसे छोटे-छोटे चौकोर टुकड़ों में काट लें.

Advertisement

कटी हुई सूरन को पानी, थोड़ा सा नमक और नींबू का रस या अमचूर डालकर 1 सीटी आने तक उबाल लें. ध्यान रखें, इसे बहुत ज्यादा गलने न दें, टुकड़े कड़क रहने चाहिए.

उबलने के बाद टुकड़ों को पानी से निकालकर किसी साफ सूती कपड़े पर फैला दें और 3-4 घंटे के लिए तेज धूप में या पंखे की हवा में सुखा लें ताकि इसका सारा मॉइश्चर खत्म हो जाए.

एक पैन में राई, सौंफ, मेथी, अजवाइन और कलौंजी को हल्का सा भून लें (ताकि नमी निकल जाए) और दरदरा पीस लें.

एक बड़े बर्तन में सूखे हुए सूरन के टुकड़े लें.

इसमें पिसे हुए सभी मसाले, हल्दी, लाल मिर्च पाउडर, हींग, नमक और नींबू का रस मिला लें.

एक कड़ाही में सरसों के तेल को अच्छी तरह धुआं उठने तक गर्म कर लें, फिर गैस बंद करके तेल को पूरी तरह ठंडा होने दें.

ठंडा किया हुआ सरसों का तेल सूरन और मसालों के मिश्रण में अच्छी तरह मिला दें, ताकि हर टुकड़े पर मसाला और तेल अच्छे से लिपट जाए.

तैयार अचार को एक साफ और सूखे कांच के जार में भर लें.

अचार को 2-3 दिन तक धूप दिखाएं, जिससे मसाले और तेल आपस में अच्छी तरह रच-बस जाएं. बस तैयार है आपका चटपटा सूरन का अचार. अब इसे रोज अपने खाने के साथ मजे से खाएं.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »