Rawa Kesari Recipe: जब भी घर में कुछ मीठा बनाने का मन होता है तो सबसे पहले सूजी का हलवा ही दिमाग में आता है. लेकिन अगर आप वही पुराना हलवा खाकर बोर हो चुके हैं तो इस बार दक्षिण भारत की बेहद प्रसिद्ध और लोकप्रिय स्वीट डिश रवा केसरी ट्राई करें. यह बनता तो सूजी से ही है लेकिन इसका टेक्सचर, रंग और स्वाद आम हलवे से बिल्कुल अलग, एकदम मखमली और मुंह में घुल जाने वाला होता है.
साउथ इंडिया की शादियों और त्यौहारों में इसे बेहद खास माना जाता है. केसर या हल्के पीले-नारंगी रंग, देसी घी की सोंधी खुशबू और भुने हुए काजू-किशमिश के साथ तैयार होने वाला यह रवा केसरी सिर्फ 10 मिनट में बनकर तैयार हो जाता है. आइए जानते हैं इसे परफेक्ट माप और स्वाद के साथ बनाने की आसान विधि.
सामग्री:
1 कप बारीक सूजी (रवा)
1 कप चीनी (स्वादानुसार कम या ज्यादा)
3 कप पानी (परफेक्ट सॉफ्टनेस के लिए)
1/2 कप देसी घी
10-12 काजू और 1 बड़ा चम्मच किशमिश
1/2 छोटा चम्मच इलायची पाउडर
एक चुटकी केसरिया/पीला फूड कलर या केसर के धागे (2 चम्मच गर्म दूध में भीगे हुए)
बनाने का तरीका
एक कड़ाही में 2 बड़े चम्मच देसी घी गर्म करें. इसमें काजू और किशमिश डालकर हल्का सुनहरा होने तक भून लें और एक प्लेट में निकाल लें.
उसी बचे हुए घी में 1 कप बारीक सूजी डालें. धीमी आंच पर 3-4 मिनट तक लगातार चलाते हुए भूनें. (ध्यान रखें सूजी का रंग लाल नहीं करना है, बस सोंधी खुशबू आने तक ही भूनना है). भुनी सूजी को अलग निकाल लें.
कड़ाही में 3 कप पानी डालें. इसमें केसर वाला दूध या एक चुटकी केसरिया फूड कलर और इलायची पाउडर मिलाएं. पानी में अच्छा उबाल आने दें. (3 गुना पानी डालने से केसरी एकदम सॉफ्ट और रसीला बनता है, कड़क नहीं होता).
जब पानी उबलने लगे तो गैस धीमी करें और भुनी हुई सूजी को थोड़ा-थोड़ा करके डालते जाएं व दूसरे हाथ से लगातार चलाते रहें ताकि गुठलियां न बनें. सूजी सारा पानी सोख लेगी. अब इसमें 1 कप चीनी डालें और मिक्स करें. चीनी पिघलने पर मिश्रण थोड़ा पतला होगा.
अब बचा हुआ देसी घी और भुने हुए काजू-किशमिश डालें. धीमी आंच पर 2 मिनट तक पकाएं जब तक कि रवा केसरी कड़ाही के किनारे न छोड़ने लगे. तैयार है आपका रसीला और मखमली साउथ इंडियन रवा केसरी! इसे गरम-गरम परोसें.
आजतक लाइफस्टाइल डेस्क