रोज-रोज वही सादी दाल, लौकी और तोरी खाकर बोर हो चुके हैं और कुछ ऐसा खाना चाहते हैं जो स्वाद में शाही हो पर बनाने में ज्यादा तामझाम न हो तो अब चिंता छोड़िए. कच्चे केले से बनने वाले ये मखमली कोफ्ते आपकी इस तलाश को खत्म कर देंगे. बाहर से हल्के क्रिस्पी और अंदर से रुई जैसे सॉफ्ट ये कोफ्ते जब मखमली ग्रेवी में डूबते हैं तो इनका स्वाद दोगुना हो जाता है.
सबसे अच्छी बात यह है कि इसे बनाने में न तो घंटों का समय लगता है और न ही बहुत सारे मसालों का झंझट. एक बार इस रेसिपी को घर पर आजमाएं. उंगलियां चाटने के साथ-साथ हर कोई आपकी कुकिंग का मुरीद हो जाएगा.
सामग्री
कोफ्ते के लिए:
कच्चे केले - 3 (उबले हुए)
उबला आलू - 1 (बाइंडिंग के लिए)
बेसन या कॉर्नफ्लोर - 2 से 3 चम्मच
हरी मिर्च - 1 (बारीक कटी)
अदरक - 1/2 इंच (घिसा हुआ)
हरा धनिया - 2 चम्मच (बारीक कटा)
गरम मसाला - 1/2 छोटा चम्मच
नमक - स्वादानुसार
तेल - तलने के लिए
मखमली ग्रेवी के लिए:
टमाटर - 2 (पिसे हुए)
काजू - 10-12 (गुनगुने पानी में भिगोए हुए)
मलाई या फ्रेश क्रीम - 2 चम्मच
प्याज - 1 बड़ा (बारीक पिसा हुआ)
अदरक-लहसुन पेस्ट - 1 छोटा चम्मच
हरी इलायची - 2
दालचीनी - 1 छोटा टुकड़ा
तेजपत्ता - 1
हल्दी, लाल मिर्च और धनिया पाउडर - स्वादानुसार
कस्तूरी मेथी - 1 छोटा चम्मच
नमक - स्वादानुसार
बनाने की विधि
कोफ्ते तैयार करें: उबले केले और आलू को छीलकर अच्छे से मैश कर लें. इसमें बेसन, हरी मिर्च, अदरक, हरा धनिया, गरम मसाला और नमक मिलाएं. छोटे-छोटे बॉल्स (कोफ्ते) बनाकर मध्यम आंच पर तेल में सुनहरा होने तक तल लें.
ग्रेवी का बेस बनाएं: भिगोए हुए काजू का बारीक पेस्ट बना लें. कढ़ाई में 2 चम्मच तेल या घी गरम करें. इसमें तेजपत्ता, दालचीनी और इलायची डालें.
मसाला भूनें: पिसा हुआ प्याज डालकर सुनहरा होने तक भूनें. फिर अदरक-लहसुन पेस्ट डालकर 1 मिनट चलाएं. अब टमाटर की प्यूरी, हल्दी, मिर्च, धनिया पाउडर और नमक डालकर तब तक भूनें जब तक मसाला तेल न छोड़ दे.
मखमली टच दें: मसाले में काजू का पेस्ट और मलाई मिलाकर धीमी आंच पर 2-3 मिनट पकाएं.
ग्रेवी और कोफ्ते मिलाएं: आवश्यकतानुसार पानी डालें और ग्रेवी में उबाल आने दें. ऊपर से कस्तूरी मेथी और थोड़ा गरम मसाला छिड़कें. परोसने से ठीक पहले तैयार कोफ्तों को ग्रेवी में डालें ताकि वे ज़्यादा गल न जाएं.
आजतक लाइफस्टाइल डेस्क