अगर आप रोज-रोज वही दाल-चावल खाकर बोर हो चुके हैं और अपने लंच में कुछ नया, पारंपरिक और टेस्टी ट्राई करना चाहते हैं तो मक्के की रोटी और सरसों का साग एक बेहतरीन विकल्प है. यह न सिर्फ स्वाद में लाजवाब होता है बल्कि सेहत के लिए भी बेहद फायदेमंद है. इस पंजाबी डिश की खूशबू और मक्खन का स्वाद आपके पूरे दिन को बेहतरीन बना देगा. आइए जानते हैं इसे आसानी से बनाने की पूरी रेसिपी.
रेसिपी (Recipe)
1. सरसों का साग बनाने की सामग्री:
सरसों का साग: 500 ग्राम (बारीक कटा हुआ)
पालक: 250 ग्राम (बारीक कटा हुआ)
बथुआ: 100 ग्राम (बारीक कटा हुआ - वैकल्पिक)
मक्के का आटा: 3-4 बड़े चम्मच
अदरक-लहसुन पेस्ट: 2 बड़े चम्मच
हरी मिर्च: 4-5 (बारीक कटी हुई)
प्याज: 1 बड़ा (बारीक कटा हुआ)
टमाटर: 1 बड़ा (बारीक कटा हुआ)
हींग: 1 चुटकी
देशी घी या मक्खन: 3-4 बड़े चम्मच
नमक: स्वादानुसार
सरसों का साग बनाने की विधि:
सबसे पहले सरसों, पालक और बथुआ को अच्छी तरह धोकर बारीक काट लें.
कुकर में कटी हुई सब्जियां, थोड़ा पानी, नमक और आधी हरी मिर्च डालकर 4-5 सीटी आने तक उबाल लें.
पकने के बाद इसे थोड़ा ठंडा होने दें और मथनी (ब्लेंडर) से अच्छी तरह घोट लें ताकि यह एकसार हो जाए.
अब इसमें मक्के का आटा (आलमन) मिलाएं ताकि साग में बाइंडिंग और गाढ़ापन आए। इसे धीमी आंच पर 10-15 मिनट तक पकने दें।
एक अलग पैन में घी गर्म करें। उसमें हींग, अदरक-लहसुन पेस्ट, प्याज और हरी मिर्च डालकर सुनहरा होने तक भूनें.
अब टमाटर और मसाले डालकर तेल छोड़ने तक भूनें. इस तड़के को तैयार साग में अच्छी तरह मिला लें। ऊपर से मक्खन डालकर गरमा-गरम परोसें।
2. मक्के की रोटी बनाने की सामग्री:
मक्के का आटा: 2 कप
गुनगुना पानी: आवश्यकतानुसार
नमक: एक चुटकी (वैकल्पिक)
देशी घी या मक्खन: सेकने और लगाने के लिए
मक्के की रोटी बनाने की विधि:
एक बड़े बर्तन में मक्के का आटा लें. इसमें थोड़ा-थोड़ा गुनगुना पानी डालते हुए हाथ की हथेली से मलते हुए नरम आटा गूंथ लें. मक्के का आटा गूंथते समय ध्यान रखें कि इसे एक बार में ज्यादा पानी न डालें.
गुंथे हुए आटे से एक बड़ी लोई लें. इसे हथेली के बीच रखकर या प्लास्टिक शीट/गीले कपड़े की मदद से थपथपाकर गोल रोटी का आकार दें.
तवे को मध्यम आंच पर गर्म करें. उस पर थोड़ी घी या तेल लगाएं और बेली हुई मक्के की रोटी को सावधानी से तवे पर डालें.
जब एक तरफ से सिक जाए तो इसे पलट दें और दोनों तरफ से सुनहरा भूरा होने तक सेक लें.
तैयार मक्के की रोटी पर भरपूर मात्रा में मक्खन या देसी घी लगाएं.
अब तैयार सरसों के साग के साथ घी लगी मक्के की रोटी और गुड़ परसों और गरमा-गरम एंज्वॉय करें.
आजतक लाइफस्टाइल डेस्क