Lauki Rice Recipe: अक्सर घरों में रात का खाना बनाने के बाद चावल बच जाते हैं, जिन्हें या तो फेंकना पड़ता है या फिर लोग सादा फ्राई करके खा लेते हैं. अगर आप भी बचे हुए चावल से बोर हो चुकी हैं और कुछ नया व हेल्दी ट्राई करना चाहती हैं, तो इस बार बनाएं हींग-जीरे के तड़के वाले चटपटे लौकी (घिया) राइस. लौकी सेहत के लिए बहुत फायदेमंद होती है, लेकिन बच्चे या बड़े अक्सर इसे खाने में आनाकानी करते हैं. इस स्वादिष्ट और चटपटी रेसिपी से जब आप लौकी और बचे हुए चावल को मिलाएंगी, तो घिया न खाने वाले भी प्लेट चाटकर खा जाएंगे. आइए जानते हैं इसे बनाने की बेहद आसान विधि.
लौकी राइस बनाने के लिए सामग्री
पके हुए चावल (या रात के बचे हुए): 2 कप
लौकी (घिया): 1 कप (बारीक कटी हुई या कद्दूकस की हुई)
जीरा: 1 छोटा चम्मच
हींग: ¼ छोटा चम्मच
बारीक कटा प्याज: 1 मध्यम आकार का (ऑप्शनल)
हरी मिर्च: 2 (बीच से कटी हुई)
अदरक-लहसुन का पेस्ट: 1 छोटा चम्मच
हल्दी पाउडर: ½ छोटा चम्मच
धनिया पाउडर: 1 छोटा चम्मच
लाल मिर्च पाउडर या गरम मसाला: ½ छोटा चम्मच
बारीक कटा हरा धनिया: 2-3 बड़े चम्मच
नींबू का रस: 1 छोटा चम्मच (चटपटे स्वाद के लिए)
तेल या घी: 2 बड़े चम्मच
नमक: स्वादानुसार
बनाने का तरीका
सबसे पहले लौकी को छीलकर छोटे-छोटे टुकड़ों में काट लें या कद्दूकस कर लें. (अगर लौकी के बीज कड़े हों तो उन्हें हटा दें).
एक कढ़ाई या पैन में 2 बड़े चम्मच तेल या देसी घी गरम करें. इसमें हींग और जीरा डालें. जब जीरा चटकने लगे, तब उसमें बारीक कटा प्याज और हरी मिर्च डालकर हल्का सुनहरा होने तक भूनें.
अब इसमें अदरक-लहसुन का पेस्ट डालकर कच्चापन दूर होने तक भूनें. इसके बाद हल्दी पाउडर, धनिया पाउडर और लाल मिर्च पाउडर डालकर मसालों को हल्का सा भून लें.
अब इसमें कटी हुई लौकी और स्वादानुसार नमक मिलाएं. मसालों के साथ लौकी को अच्छी तरह मिला लें और ढककर 4-5 मिनट के लिए धीमी आंच पर पकाएं, जब तक कि लौकी नरम न हो जाए. (इसमें पानी मिलाने की जरूरत नहीं है, लौकी अपना पानी खुद छोड़ती है).
जब लौकी अच्छे से पक जाए, तब इसमें रात के बचे हुए पके हुए चावल मिला दें. हल्के हाथों से चावल और मसालों को अच्छी तरह टॉस करें ताकि हर चावल के दाने पर मसालों और हींग-जीरे का फ्लेवर आ जाए.
ऊपर से नींबू का रस और बारीक कटा हरा धनिया डालकर अच्छी तरह मिला लें. 2 मिनट के लिए ढककर भाप में पकने दें ताकि चावल अच्छे से गर्म हो जाएं.
तैयार है आपका बेहद स्वादिष्ट, चटपटा और हेल्दी हींग-जीरा लौकी राइस. इसे रायते या अपनी मनपसंद चटनी के साथ गर्मागर्म सर्व करें.
आजतक लाइफस्टाइल डेस्क