अक्सर बच्चे हरी पत्तेदार सब्जियां, खासकर पालक देखते ही खाने में नखरे दिखाने लगते हैं या मुंह बना लेते हैं. लेकिन शरीर को स्वस्थ रखने, हीमोग्लोबिन बढ़ाने और आंखों की रोशनी के लिए जरूरी पोषक तत्व पालक में कूट-कूटकर भरे होते हैं. अगर आपके घर में भी बच्चे पालक खाने से कतराते हैं तो आप उनके लिए पालक के हरे-भरे पराठे बनाएं. आटे में ही पालक, अजवाइन, भुना जीरा और हल्के मसाले मिलाकर टेस्टी और कुरकुरे पालक के पराठे बनकर तैयार होते हैं जो देखने में अच्छे होने के साथ ही खाने में भी स्वादिष्ट लगते हैं.
आप पालक को बारीक काटकर आटे में मिलाकर पराठे बना सकते हैं या फिर इसे उबालकर आटे में गूंधकर भी पराठे बना सकते हैं. दोनों तरीकों से बने पराठों में पालक की कड़वाहट बिल्कुल महसूस नहीं होती और इनका स्वाद इतना चटाकेदार होता है कि बच्चे टिफिन का सारा खाना मिनटों में चट कर जाएंगे. आइए जानते हैं इसे बनाने की झटपट और आसान विधि.
सामग्री:
2 कप गेहूं का आटा
1.5 कप ताजा पालक (अच्छी तरह धोकर बिल्कुल बारीक कटा हुआ या प्यूरी)
1/2 छोटा चम्मच अजवाइन (हाथों से क्रश की हुई)
1/2 छोटा चम्मच भुना जीरा पाउडर
1/2 छोटा चम्मच चाट मसाला या अमचूर
2 बारीक कटी हरी मिर्च और 1/2 इंच अदरक (कद्दूकस)
1 बड़ा चम्मच बेसन (क्रिस्पी टेक्सचर के लिए सीक्रेट)
1 छोटा चम्मच तेल या घी (मोयन के लिए)
स्वादानुसार नमक और सेकने के लिए देसी घी/मक्खन
बनाने का तरीका
एक परात में आटा, बेसन, बारीक कटा पालक, अजवाइन, जीरा पाउडर, चाट मसाला, अदरक, हरी मिर्च, 1 चम्मच घी और नमक मिलाएं. बिना पानी डाले पहले पालक को आटे में अच्छी तरह मिलाएं (क्योंकि पालक में खुद का मॉइश्चर होता है). फिर आवश्यकतानुसार हल्का पानी डालकर नरम आटा गूंध लें.
आटे की लोई बनाकर सूखे आटे की मदद से गोल पराठा बेल लें.
गर्म तवे पर पराठा डालें. दोनों तरफ से हल्का सिकने के बाद देसी घी या मक्खन लगाएं और मध्यम आंच पर कलछी से दबाते हुए क्रिस्पी व सुनहरा होने तक सेकें.
तैयार हैं आपके टेस्टी और कुरकुरे पालक पराठे! इन्हें मक्खन, दही या टोमैटो केचप के साथ बच्चों को गरमा-गरम परोसें.
आजतक लाइफस्टाइल डेस्क