How To Clean Kitchen Sink: किचन सिंक घर की उन जगहों में से एक है, जिसका इस्तेमाल दिनभर सबसे ज्यादा होता है. बर्तन धोने से लेकर सब्जियां साफ करने और खाना बनाने के दौरान, सिंक का इस्तेमाल सभी कामों में किया जाता है. इसकी वजह से सिंक में तेल, मसाले, साबुन और गंदगी जमा होती रहती है. धीरे-धीरे सिंक पर जिद्दी दाग, पानी के निशान और चिकनाई की परत जम जाती है, जिसे साफ करने के लिए काफी मेहनत करनी पड़ती है.
कई बार तो जोर-जोर से रगड़ने के बाद भी चिकनाई की जिद्दी परत नहीं हट पाती है. ऐसे में अगर आपको एक ऐसी टैबलेट मिल जाए जो डालते ही सिंक पूरी तरह से साफ हो जाए तो? जी हां, क्या आप जानते हैं कि सिर्फ एक डिशवॉशर टैबलेट आपकी इस परेशानी को आसान बना सकती है. इस समय सिंक को साफ करने के लिए ये ट्रिक बहुत वायरल हो रही है. सिंक में एक गोली डालकर छोड़ना होता है, जिसके बाद जमे हुए दाग-धब्बे ढीले पड़ने लगते हैं और सिंक फिर से चमकदार नजर आने लगती है. सबसे अच्छी बात यह है कि इसमें ज्यादा रगड़ने की भी जरूरत नहीं पड़ती.
आखिर कैसे काम करती है डिशवॉशर टैबलेट?
डिशवॉशर टैबलेट में ऐसे क्लीनिंग एजेंट होते हैं जो जमी हुई चिकनाई, साबुन के दाग और गंदगी को ढीला करने में मदद करते हैं. इसी वजह से ये सिर्फ बर्तनों की ही नहीं, बल्कि सिंक की सफाई के लिए भी फायदेमंद साबित हो सकती है.
सिंक साफ करने का आसान तरीका
1. डिशवॉशर टैबलेट से सिंक को साफ करने के लिए सबसे पहले सिंक से सभी बर्तन और बाकी सामान हटा दें.
2. इसके बाद ड्रेन को बंद करके सिंक में गर्म पानी भर लें.
3. अब उसमें एक डिशवॉशर टैबलेट डाल दें और उसे घुलने दें.
4. इस घोल को कम से कम 2 घंटे या पूरी रात के लिए छोड़ दें.
5. इसके बाद पानी निकाल दें और साफ कपड़े से सिंक पोंछ लें.
6. कपड़े से पोंछने के बाद आखिर में इसे साफ पानी से धो लें.
जिद्दी दाग हों तो अपनाएं ये तरीका
अगर सिंक पर पुराने या जमे हुए दाग लगे हैं, तो टैबलेट को पानी में थोड़ा घुलने दें और फिर दस्ताने पहनकर उसी टैबलेट से दाग वाली जगह को हल्के हाथों से रगड़ें. कुछ घंटों बाद सिंक को धो लें. इससे जिद्दी गंदगी हटाने में मदद मिल सकती है.
इन बातों का रखें ध्यान
डिशवॉशर टैबलेट से सफाई करते समय कुछ बातों का ध्यान रखना बहुत जरूरी है.
1. सफाई करते वक्त दस्ताने जरूर पहनें क्योंकि टैबलेट में मौजूद केमिकल स्किन को नुकसान पहुंचा सकते हैं.
2. पोर्सिलेन या सिरेमिक जैसी डेलिकेट सतहों पर इस ट्रिक का इस्तेमाल करने से बचना चाहिए.
3. कोशिश करें कि पाउडर बेस्ड या प्लास्टिक-फ्री टैबलेट का इस्तेमाल करें ताकि पाइप जाम होने का खतरा कम रहे.
सिंक को लंबे समय तक साफ रखने के टिप्स
अगर आप चाहते हैं कि रसोई की सिंक लंबे समय तक साफ रहे तो उसके लिए आपको कुछ चीजें नियमित रूप से करने की जरूरत पड़ती है.
1. जितनी बार भी सिंक का इस्तेमाल करें उतनी बार उसे पानी से धो दें.
2. गंदे बर्तनों को लंबे समय तक सिंक में कभी न छोड़ें.
3. सिंक स्ट्रेनर का इस्तेमाल करें और उसे नियमित रूप से साफ करें.
4. सिंक को साफ करने के लिए बहुत खुरदरे स्क्रबर की जगह सफाई वाले मुलायम कपड़े या स्पंज का इस्तेमाल करें.
आजतक लाइफस्टाइल डेस्क