Cooker Whistle Cleaning: प्रेशर कुकर हर भारतीय रसोई का एक बेहद जरूरी हिस्सा है. सुबह की दाल हो या रात के चावल, इसके बिना किचन का काम अधूरा सा लगता है. लेकिन रोज-रोज इस्तेमाल होने की वजह से कुकर और खासकर उसकी सीटी पर धीरे-धीरे गंदगी, चिपचिपी चिकनाई और काली कालिख जमा होने लगती है. कई बार सीटी के छेद में खाना फंसने से वह ब्लॉक भी हो जाती है, जो सुरक्षा के लिहाज से खतरनाक हो सकता है. इसे नॉर्मल लिक्विड सोप या स्क्रबर से साफ करना काफी सिरदर्द का काम होता है. अगर आपके किचन का कुकर भी इस वजह से गंदा दिख रहा है, तो परेशान होने की जरूरत नहीं है. कुछ आसान घरेलू ऑपशंस की मदद से आप इसे मिनटों में नया जैसा चमका सकते हैं.
बेकिंग सोडा और नींबू का कमाल
कुकर की सीटी पर जमी जिद्दी कालिख और चिकनाई को हटाने के लिए बेकिंग सोडा और नींबू का कॉम्बिनेशन सबसे बेस्ट माना जाता है. इसके लिए आपको ज्यादा मेहनत करने की भी जरूरत नहीं है. सबसे पहले कुकर की सीटी को निकाल लें. अब एक कटोरी में दो चम्मच बेकिंग सोडा लें और उसमें एक नींबू का रस निचोड़कर पेस्ट बना लें.
इस पेस्ट को सीटी पर अच्छी तरह लगाकर 15 से 20 मिनट के लिए छोड़ दें. नींबू का एसिडिक नेचर चिकनाई को काटेगा और बेकिंग सोडा कालिख को ढीला कर देगा. इसके बाद एक पुराने टूथब्रश से रगड़कर इसे पानी से धो लें, सीटी बिल्कुल साफ हो जाएगी.
सफेद सिरका (विनेगर) भी है असरदार
अगर सीटी के अंदरूनी हिस्सों में गंदगी जमा हो गई है और ब्रश वहां तक नहीं पहुंच पा रहा है, तो सफेद सिरके का इस्तेमाल करें. एक बर्तन में थोड़ा सा गुनगुना पानी लें और उसमें आधा कप सिरका मिला दें. अब कुकर की सीटी को इस मिक्चर में डुबोकर आधे घंटे के लिए रख दें.
सिरका सीटी के कोने-कोने में जमी वसा और जली हुई कालिख को पूरी तरह से साफ कर देगा. आधे घंटे बाद सीटी को निकालें और साफ पानी से धो लें. सीटी के छेद को साफ करने के लिए आप किसी पतली सुई या सेफ्टी पिन की मदद भी ले सकते हैं.
डिशवॉश जेल और गर्म पानी का आसान हैक
अगर कालिख बहुत ज्यादा पुरानी नहीं है, तो आप गर्म पानी और डिशवॉश जेल का इस्तेमाल कर सकते हैं. एक बड़े कटोरे में खौलता हुआ गर्म पानी लें. इसमें एक चम्मच डिशवॉश लिक्विड या जेल मिलाएं. इस गर्म पानी में कुकर की सीटी को 10-15 मिनट के लिए छोड़ दें.
गर्म पानी से ऑयल और चिकनाई पिघल जाएगी. इसके बाद ब्रश से हल्का सा रगड़ते ही पूरी गंदगी साफ हो जाएगी. इन आसान किचन हैक्स को अपनाकर आप बिना ज्यादा पैसे खर्च किए अपने कुकर को हाइजीनिक और चमकदार बनाए रख सकते हैं.
आजतक लाइफस्टाइल डेस्क