Hair Transplant Side Effects: आज के समय में गिरते या झड़ते बालों की समस्या कम उम्र के लोगों में भी देखी जा रही है. पुरुष हो या महिला, गिरते बालों और गंजेपन से छुटकारा पाने के लिए हेयर ट्रांसप्लांट हेयर फॉल वाले लोगों के लिए पॉपुलर ऑप्शंस बन गया है. लोग घने बाल पाने की चाहत में सर्जरी का सहारा तो ले रहे हैं लेकिन इससे होने वाले साइड इफेक्ट को अक्सर नजर अंदाज कर देते हैं. हेयर ट्रांसप्लांट भले ही एक सेफ प्रोसीजर माना जाता है लेकिन यह भी देखना होता है कि यह एक सर्जिकल प्रोसेस है जिसके कुछ साइड इफेक्ट्स भी हो सकते हैं. यदि आप भी ट्रांसप्लांट कराने की सोच रहे हैं तो फैसले से पहले संभावित साइड इफेक्ट की जानकारी भी होनी जरूरी है.
सर्जरी के बाद सिर और माथे पर सूजन आना सबसे आम साइड इफेक्ट है. WebMD के अनुसार, प्रोसीजर के बाद स्कैल्प में दर्द और सूजन महसूस हो सकती है जो कुछ दिन या कुछ हफ्ते तक बनी रह सकती है. कई मामलों में आंखों के आसपास भी हल्की सूजन आ सकती है, जिसे दवाओं के जरिए कंट्रोल किया जाता है.
हेयर ट्रांसप्लांट में छोटे-छोटे कट्स लगाए जाते हैं, जिससे इंफेक्शन का डर रहता है. हेल्थलाइन के मुताबिक, अगर सर्जरी के बाद सफाई का ध्यान न रखा जाए तो स्कैल्प में इंफेक्शन या ब्लीडिंग की समस्या हो सकती है. इसके अलावा जहां से बाल निकाले गए हैं उस एरिया में पस या लालिमा भी दिख सकती है.
हेयर ट्रांसप्लांट के कुछ हफ्तों बाद अचानक बाल झड़ने लगते हैं जिसे 'शॉक लॉस' कहा जाता है. एक्सपर्ट्स के अनुसार, यह एक अस्थायी स्थिति है जिसमें नए लगाए गए बाल गिर जाते हैं ताकि उनकी जगह पर नए और मजबूत बाल उग सकें. हालांकि, यह देखकर कई लोग घबरा जाते हैं लेकिन यह रिकवरी का ही एक हिस्सा है.
इंटरनेशनल सोसायटी ऑफ हेयर रिस्टोरेशन सर्जरी के मुताबिक, सर्जरी के बाद कई मरीजों को अपने सिर की त्वचा सुन्नता (Numbness) महसूस होती है. मेडिकल एक्सपर्ट्स के अनुसार, ग्राफ्टिंग के दौरान नर्व्स पर असर पड़ने के कारण ऐसा होता है. वहीं इसके अलावा घाव भरते समय तेज खुजली हो सकती है जिसे नजरअंदाज करना चाहिए क्योंकि खुजलाने से ग्राफ्ट खराब हो सकते हैं.
क्लीवलैंड क्लीनिक का कहना है, FUT तकनीक में सिर के पीछे एक लंबी पट्टी काटी जाती है जिससे वहां परमानेंट निशान रह सकता है. स्कारिंग इस बात पर निर्भर करती है कि आपकी स्किन कैसे हील होती है. छोटे निशानों को बालों से ढका जा सकता है लेकिन कुछ मामलों में ये काफी साफ दिखाई देते हैं.
आजतक लाइफस्टाइल डेस्क