आज की जेन जी सिर्फ अच्छी नौकरी, ज्यादा सैलरी और बड़ी गाड़ी का सपना नहीं देखती. इस जेनरेशन के लिए लाइफ में अपनी मर्जी से फैसले लेना, मेंटल पीस और अपनी पसंद का काम करना भी उतना ही जरूरी है. वे पैसा कमाना चाहती है, लेकिन उसके लिए अपनी खुशी और सुकून को पीछे नहीं छोड़ना चाहती.
मीडियम पर दिसंबर 2025 में पब्लिश्ड एक आर्टिकल में भी युवाओं की ऐसी ही 5 ख्वाहिशों के बारे में बताया गया है. इसमें पैसे की समझ बढ़ाने से लेकर सोशल मीडिया का सही यूज करने तक की बातें शामिल हैं.
1. पैसे कमाने के साथ उसे संभालना भी सीखना चाहती है
जेन जी के लिए सिर्फ कमाना ही काफी नहीं है. वो ये भी समझना चाहती हैं कि अपनी कमाई को कैसे बचाया जाए, कहां खर्च किया जाए और फ्यूचर के लिए पैसे कैसे जोड़े जाएं. बढ़ते खर्च और महंगी होती जरूरतों के बीच युवाओं को एहसास है कि पैसों की सही जानकारी होना जरूरी है. ताकि वो सही वक्त पर अपने पैसों का ही इस्तेमाल कर सकें.
जेन जी का मानना है कि अचानक कोई खर्च आ जाए, तो उन्हें दूसरों पर डिपेंड न रहना पड़े. इसलिए बचत, इन्वेस्टमेंट और बजट बनाना उनके लिए जरूरी होता जा रहा है.
2. दूसरों की सोच के हिसाब से जिंदगी नहीं जीना चाहती
किस उम्र में नौकरी करनी है, कब शादी करनी है, कैसे कपड़े पहनने हैं और किस तरह का करियर चुनना है, इन सवालों पर जेन जी अपनी मर्जी से फैसले लेना पसंद करती हैं. ऐसे फैसलों में वो किसी भी तरह का दबाव नहीं महसूस करना चाहती हैं. हर कदम पर लोग उसे बताएं कि क्या सही है और क्या गलत, ये जेन जी को बिल्कुल पसंद नहीं आता. उसके लिए जरूरी है कि वो अपनी पसंद को समझे और बिना दूसरों के डर के अपने फैसले ले सकें.
3. हर तरह के काम को बराबर सम्मान मिले
पहले डॉक्टर, इंजीनियर या सरकारी नौकरी को करियर के अच्छे ऑप्शन्स में गिना जाता था. लेकिन आज करियर के कई नए रास्ते खुल गए हैं. कोई कंटेंट क्रिएटर बनना चाहता है, तो कोई गेमिंग, डिजाइनिंग, फोटोग्राफी या लिखने में अपना फ्यूचर देखता है.
जेन जी काम की इज्जत उसकी पहचान या पद से नहीं करती, बल्कि उसकी मेहनत से करती हैं. उसके लिए जरूरी नहीं कि हर कोई एक ही रास्ता चुने. वो अपने शौक को भी करियर में बदलने का मौका चाहती है.
4. सोशल मीडिया से सीखे, उससे परेशान न हो
सोशल मीडिया जेन जी की लाइफ का एक बड़ा हिस्सा है. यहां फ्रेंड्स मिलते हैं, नई चीजें सीखने को मिलती हैं और करियर के मौके भी बनते हैं. लेकिन दूसरों की जिंदगी देखकर खुद की तुलना करना कई बार तनाव भी बढ़ा सकता है.
इसलिए युवा सोशल मीडिया का इस्तेमाल सिर्फ एंटरटेनमेंट के लिए नहीं, बल्कि नई जानकारी पाने, हुनर सीखने और अपने काम को लोगों तक पहुंचाने के लिए भी करते है. वे चाहते हैं कि सोशल मीडिया उनकी तरक्की में हेल्प करे, न कि उनका कॉन्फिडेंस कम करे.
यह भी पढ़ें:"Gen Z Side Hustles: बिना डिग्री 50 हज़ार तक कमाई, Gen Z कैसे बदल रहे हैं पूरा गेम!
5. काम के बीच खुद के लिए भी समय मिले
पढ़ाई, नौकरी, पैसों की टेंशन और फ्यूचर की प्लानिंग के बीच जेन जी को आराम के लिए भी वक्त चाहिए. फिल्म देखना, वेब सीरीज देखना, गेम खेलना या दोस्तों के साथ वक्त बिताना उनके लिए सिर्फ वक्त बिताने का तरीका नहीं है.
इन छोटी-छोटी चीजों से उन्हें डेली लाइफ के स्ट्रेस से राहत मिल सकती है. जेन जी चाहती है कि लाइफ में आगे बढ़ने के साथ उसे अपनी पसंद की चीजें करने का वक्त भी मिले.
aajtak.in