आजकल सोशल मीडिया पर ‘जेन जी स्टेयर’ की काफी चर्चा हो रही है. मान लीजिए, आपने किसी युवा से कोई सवाल पूछा और वह बिना कुछ बोले आपको देखता रहा. न चेहरे पर कोई खास एक्सप्रेशन, हंसी और न ही कोई जवाब. ऐसे में आपको लग सकता है कि वो बदतमीजी कर रहा है या आपकी बात में इंटरेस्ट नहीं ले रहा. लेकिन जरूरी नहीं कि हर बार ऐसा ही हो.
सोशल मीडिया पर बिना किसी खास एक्सप्रेशन के सामने वाले को देखते रहने के इस तरीके को ‘जेन जी स्टेयर’ कहा जा रहा है. 24 अक्टूबर 2026 को CNN में छपी जर्नलिस्ट टेरी वार्ड की रिपोर्ट में इस चलन के पीछे की वजहों को समझाया गया है.
क्या है जेन जी स्टेयर?
जेन जी स्टेयर का मतलब है किसी सवाल या बातचीत के दौरान बिना कोई खास एक्सप्रेशन दिखाए सामने वाले को देखते रहना. आमतौर पर लोग सवाल पूछे जाने पर जवाब देते हैं, हंसते हैं या सिर हिलाते हैं. लेकिन इस चलन में व्यक्ति बिना कुछ कहे सामने वाले को देखता रहता है.
रिपोर्ट के मुताबिक, मेरियम-वेबस्टर शब्दकोश ने भी इस शब्द को नए चलन वाले शब्दों में शामिल किया है.
हर बार बदतमीजी नहीं होती चुप्पी
CNN की रिपोर्ट में मनोवैज्ञानिक मैथ्यू लीही ने कहा कि इस व्यवहार को पूरी जेन जी की पहचान मानना सही नहीं है. कोई व्यक्ति उलझन, घबराहट या अनकम्फर्टेबल महसूस करने के कारण भी चुप रह सकता है. हो सकता है कि उसे समझ न आ रहा हो कि क्या जवाब देना चाहिए.
इसलिए अगर कोई युवा तुरंत जवाब नहीं देता या हंसता नहीं है, तो जरूरी नहीं कि वह आपको नजरअंदाज कर रहा हो.
जेन जी को हर वक्त मुस्कुराना क्यों जरूरी नहीं लगता?
CNN की रिपोर्ट में ऑनलाइन पत्रिका द जेनिलियल जीन की संस्थापक साब्रिना ग्रिमाल्डी ने बताया कि युवाओं से अक्सर उम्मीद की जाती है कि वे मुस्कुराएं और बातचीत को अच्छा बनाए रखें, भले ही सामने वाला ठीक से बात न कर रहा हो.
वहीं, एग्जीक्यूटिव कोचिंग: पर्सपेक्टिव्स एंड प्रैक्टिसेज अक्रॉस द फील्ड की को ऑथर लॉरेन मार्गोलिस के मुताबिक, जेन जी कई बार छोटी-मोटी बातचीत को बनावटी मानती है. जिस तरह की बातचीत को पुरानी पीढ़ियां अच्छे बिहेवियर का हिस्सा समझती हैं, जरूरी नहीं कि युवा भी उसे उतना ही जरूरी मानें.
यह भी पढ़ें: Gen Z Popular Slangs: बच्चों की बातें समझ नहीं आतीं? जानिए Gen Z के 10 पॉपुलर स्लैंग
फोन और सोशल मीडिया का भी असर
जेन जी ने बचपन से ही फोन और सोशल मीडिया पर काफी समय बिताया है. CNN की रिपोर्ट में बातचीत की विशेषज्ञ बेट्सी बटरिक ने बताया कि तकनीक के बीच बड़े होने के कारण युवाओं को आमने-सामने बातचीत का प्रैक्टिस करने के कम मौके मिले हो सकते हैं. कोरोना के दौरान लोगों से कम मिलने-जुलने का असर भी इस पर पड़ा हो सकता है.
हालांकि, इसका मतलब यह नहीं कि जेन जी को बातचीत करना नहीं आता. हर व्यक्ति का बात करने का तरीका अलग होता है और सिर्फ चेहरे के एक्सप्रेशन देखकर उसके इरादे नहीं समझे जा सकते.
जेन जी स्टेयर को कैसे समझें?
CNN की रिपोर्ट में कंस्लटेंट क्रिस्टिन एमर्सन ने भी किसी के व्यवहार को देखकर उसके इरादे के बारे में तुरंत राय बनाने के बजाय बातचीत से स्थिति समझने पर जोर दिया है.
अगर कोई युवा आपकी बात पर चुप हो जाए, तो उसे तुरंत बदतमीज या घमंडी समझने के बजाय पूछ सकते हैं कि क्या उसे आपकी बात समझ आई. इससे गलतफहमी दूर हो सकती है.
आखिरकार, हर पीढ़ी के बातचीत करने का तरीका अलग होता है. कुछ लोगों के लिए हंसते और तुरंत जवाब देना अच्छे व्यवहार की निशानी है, जबकि दूसरे लोग अपनी एक्सप्रेशन अलग तरह से जाहिर करते हैं. हर चुप्पी का मतलब एटीट्यूड नहीं होता और हर बातचीत में मुस्कुराना जरूरी भी नहीं है.
aajtak.in