Street style jhalmuri recipe secret masala: पश्चिम बंगाल की रैली में पीएम मोदी का झालमुड़ी खाते हुए वीडियो क्या वायरल हुआ, यह देश भर में ट्रेंड बन गया. बंगाल की गलियों से मशहूर हुई झालमुड़ी आज पूरे देश में स्ट्रीट फूड लवर्स की पहली पसंद है. अक्सर हम घर पर मुरमुरे (लाई) के साथ नमकीन और प्याज डालकर इसे बनाने की कोशिश करते हैं, लेकिन वो खास खुशबू और तीखापन गायब रहता है जो सड़क किनारे मिलने वाली झालमुड़ी में होता है. झालमुड़ी का असली राज उसके मसालों और तेल के खास मिश्रण में छिपा होता है. तो आइए आज हम आपको वो सीक्रेट मसाले बताते हैं जो आपको वही प्रोफेशनल स्ट्रीट स्टाइल स्वाद देंगे.
झालमुड़ी में सबसे पहली और जरूरी चीज है भुना जीरा और धनिया पाउडर. इसके लिए साबुत जीरा, सूखा धनिया और सूखी लाल मिर्च को हल्का भूनकर दरदरा पीस लें. जब आप इस ताजे भुने मसाले को मुरमुरे में मिलाते हैं, तो इसकी सोंधी खुशबू पूरे घर में महक उठती है. यह मसाला झालमुड़ी को देसी टच देता है.
सिर्फ सफेद नमक से वह बात नहीं बनती. स्ट्रीट वेंडर हमेशा काले नमक और अमचूर पाउडर के मिश्रण का इस्तेमाल करते हैं. काला नमक न केवल पाचन में मदद करता है बल्कि स्वाद को भी उभारता है. इसके साथ थोड़ा सा चाट मसाला और अमचूर पाउडर मिलाने से वह चटपटापन आता है जो नींबू के रस के साथ मिलकर मुंह में स्वाद बढ़ा देता है.
कोलकाता स्टाइल झालमुड़ी की जान है कच्चा सरसों तेल. लेकिन सीक्रेट टिप यह है कि आप सादे सरसों तेल की जगह आम के अचार का तेल और उसका थोड़ा सा मसाला इस्तेमाल करें. अचार के तेल में मौजूद मसालों का अर्क जब मुरमुरे पर चढ़ता है, तो वही तीखा और झन्नाटेदार स्वाद मिलता है जिसके लिए लोग लाइन लगाते हैं.
आजतक लाइफस्टाइल डेस्क