Best Ragi Recipes: रागी के आटे से सिर्फ रोटी नहीं, बनाएं ये 5 टेस्टी डिश, स्वाद के साथ मिलेगा पोषण

Best Ragi Recipes: रागी का आटा सेहत के लिए फायदेमंद होने के साथ-साथ कई टेस्टी डिश बनाने में भी इस्तेमाल किया जा सकता है. अगर आप रोज-रोज रागी की रोटी खाकर बोर हो गए हैं तो इससे कई दूसरी टेस्टी डिश भी ट्राई कर सकते हैं.

Advertisement
रागी के आटे से झटपट बनाएं ये 5 स्वादिष्ट और हेल्दी रेसिपीज (Photo- ITG) रागी के आटे से झटपट बनाएं ये 5 स्वादिष्ट और हेल्दी रेसिपीज (Photo- ITG)

आजतक लाइफस्टाइल डेस्क

  • नई दिल्ली,
  • 27 अक्टूबर 2026,
  • अपडेटेड 10:01 AM IST

Best Ragi Recipes: रागी का आटा सेहत के लिए काफी फायदेमंद माना जाता है. इसमें कैल्शियम, फाइबर, प्रोटीन और आयरन जैसे कई पोषक तत्व पाए जाते हैं जो ओवरऑल हेल्थ को बेहतर बनाएं रखने में मदद करते हैं. आमतौर पर लोग रागी के आटे की रोटी बनाकर खाना पसंद करते हैं लेकिन इससे कई दूसरी टेस्टी डिश भी तैयार की जा सकती हैं. आज हम आपको रागी के आटे से बनने वाली 5 ऐसी आसान रेसिपी बताएंगे, जिन्हें आप नाश्ते से लेकर शाम के स्नैक्स और मीठे की क्रेविंग पूरी करने के लिए भी ट्राई कर सकते हैं. 

Advertisement

रागी पैनकेक
नाश्ते में कुछ अलग और टेस्टी खाना चाहते हैं तो रागी के आटे से पैनकेक बना सकते हैं. इसके लिए रागी के आटे में पानी या दूध मिलाकर बैटर तैयार करें. इसमें स्वाद के मुताबिक नमक या हल्के मसाले डाल सकते हैं. स्टफिंग के लिए शिमला मिर्च, मशरूम और बेबी कॉर्न जैसी सब्जियों को हल्का पकाकर इस्तेमाल करें. अब पैन पर थोड़ा तेल लगाकर बैटर फैलाएं, स्टफिंग डालें और दोनों तरफ से अच्छी तरह पकाएं. इसे दही की डिप के साथ परोस सकते हैं.

रागी की खिचड़ी
सर्दियों में गरमागरम खिचड़ी खाने का अलग ही मजा है. अगर आप पारंपरिक खिचड़ी में नया स्वाद जोड़ना चाहते हैं, तो रागी की खिचड़ी बना सकते हैं. इसके लिए रागी के आटे के साथ मूंग दाल, चावल, जीरा और पसंद के मसालों का इस्तेमाल करें. पहले दाल और चावल को पकाएं. फिर रागी के आटे को थोड़े पानी में घोलकर इसमें मिलाएं और लगातार चलाते हुए पकाएं, ताकि गांठें न बनें. जरूरत के मुताबिक पानी डालकर इसे नरम और गाढ़ा होने तक पकाएं. इसे दही या सब्जियों के साथ खा सकते हैं.

Advertisement

रागी कटलेट
शाम की चाय के साथ कुछ कुरकुरा खाने का मन है, तो रागी के कटलेट ट्राई कर सकते हैं. इन्हें बनाने के लिए रागी के आटे में उबले आलू, बारीक कटी सब्जियां, हरा धनिया और पसंद के मसाले मिलाएं. जरूरत के अनुसार थोड़ा पानी डालकर मिश्रण तैयार करें. अब इसे कटलेट का आकार दें और तवे पर थोड़े तेल में दोनों तरफ से सुनहरा होने तक सेंक लें. चाहें तो इन्हें एयर फ्रायर में भी पका सकते हैं. हरी चटनी के साथ इनका स्वाद और बढ़ जाएगा.

रागी का डोसा
अगर आप नाश्ते में कुछ हल्का और कुरकुरा खाना चाहते हैं, तो रागी का डोसा बना सकते हैं. इसके लिए रागी के आटे में थोड़ा चावल का आटा, जीरा, बारीक कटी हरी मिर्च, अदरक और नमक मिलाएं. पानी डालकर पतला बैटर तैयार करें और कुछ देर के लिए रख दें. अब गर्म तवे पर बैटर फैलाएं और थोड़ा तेल डालकर डोसे को कुरकुरा होने तक पकाएं. इसे नारियल की चटनी या सांभर के साथ परोस सकते हैं.

रागी के लड्डू
मीठा खाने के शौकीन हैं तो रागी के आटे से लड्डू भी बना सकते हैं. इसके लिए कड़ाही में थोड़ा घी गर्म करें और रागी के आटे को धीमी आंच पर खुशबू आने तक भूनें. अब इसमें अपनी पसंद के कटे हुए मेवे और पिसी हुई इलायची मिलाएं. मिश्रण थोड़ा ठंडा होने पर इसमें पिसी हुई चीनी या गुड़ का पाउडर डालें. जरूरत के मुताबिक थोड़ा घी मिलाकर मिश्रण को लड्डू का आकार दें. इन्हें ठंडा होने के बाद एयरटाइट डिब्बे में रख सकते हैं.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »