Paneer Khurchan Recipe: 'खुरचन' शब्द हिंदी शब्द 'खुरचना' से लिया गया है जिसका मतलब है खुरच कर निकाला हुआ स्वाद. पनीर खुरचन भी ऐसी ही डिश है जिसमें प्याज, टमाटर और शिमला मिर्च की ग्रेवी को खुरच कर निकाला जाता है और मिलती है एक टेस्टी डिश. दरअसल, जब मसाला पैन के निचले हिस्से में चिपकने लगता है और हल्का सुनहरा होकर कैरामलाइज हो जाता है, तब उसे खुरचकर पनीर के साथ मिलाया जाता है और जो डिश बनती है, उसे कहा जाता है 'पनीर खुरचन'.
पनीर खुरचन बनाने के लिए आपको हैवी और मोटे तले वाले लोहे के तवे की जरूरत हो सकती है. वैसे नॉन-स्टिक पैन में भी इसे बना सकते हैं. तो आइए अब पनीर खुरचन बनाने की विधि जान लेते हैं.
पनीर खुरचन बनाने के लिए सबसे पहले तवे पर या एक चौड़े पैन पर तेल गर्म करें उसमें जीरा डालें और फिर कटा हुआ अदरक और हरी मिर्च डालकर हल्की आंच पर भूनें. फिर उसमें कटा हुआ प्याज डालें और उसे हल्का ब्राउन होने तक भूनें. इसके बाद उसमें शिमला मिर्च डालकर 1-2 मिनट तक चलाते रहें.
फिर उसमें कटे हुए टमाटर डालें और उसके बाद हल्दी, लाल मिर्च पाउडर, धनिया पाउडर और नमक डालें. मसालों को तब तक पकाएं जब तक टमाटर थोड़े नरम न हो जाएं. थोड़ी देर बाद उसमें लंबे कटे हुए पनीर के टुकड़े डालें और हल्के हाथों से मिलाएं ताकि पनीर टूटे नहीं.
सबसे महत्वपूर्ण स्टेप में पनीर को मीडियम तेज आंच पर पकने दें ताकि वह नीचे से थोड़ा चिपकने और सुनहरा होने लगे. जब यह नीचे लगने लगे तो उसे खुरचकर सब्जियों के साथ मिलाते रहें. यही इस डिश को 'खुरचन' वाला स्वाद देता है.
सबसे आखिरी में गर्म मसाला, नींबू का रस और ताजे हरे धनिया की पत्तियां डालें. रोटी या परांठे के साथ परोसें और पनीर खुरचन का लुत्फ उठाएं.
आजतक लाइफस्टाइल डेस्क