Makki Atta Recipes: इस सर्दी मक्के के आटे से सिर्फ रोटी ही नहीं, बनाएं ये 5 मजेदार डिश, नोट करें रेसिपी

Makki Atta Recipes: सर्दियों में मक्के के आटे से बनी रोटी तो आपने कई बार खाई होगी लेकिन इससे कई दूसरी टेस्टी डिश भी तैयार की जा सकती हैं. चीला, डोसा, ढोकला से लेकर राजस्थानी टिक्कड़ तक, ये 5 रेसिपी आपके नाश्ते और खाने का स्वाद बदल देंगी.

Advertisement
मक्के के आटे से बनाएं ये 5 टेस्टी और आसान डिशेज (Photo- ITG) मक्के के आटे से बनाएं ये 5 टेस्टी और आसान डिशेज (Photo- ITG)

आजतक लाइफस्टाइल डेस्क

  • नई दिल्ली,
  • 02 नवंबर 2026,
  • अपडेटेड 2:02 PM IST

Makki Atta Recipes: सर्दियों के मौसम में मक्के के आटे की रोटी और सरसों का साग खाने का मजा ही अलग होता है. लेकिन क्या आप जानते हैं कि मक्के के आटे से सिर्फ रोटी ही नहीं, बल्कि कई दूसरी टेस्टी डिश भी बनाई जा सकती हैं. इससे आप नाश्ते के लिए चीला और डोसा बना सकते हैं. वहीं, शाम की भूख मिटाने के लिए टिक्कर और पराठा भी तैयार कर सकते हैं. इनका स्वाद भी काफी अच्छा होता है और इन्हें बनाना भी मुश्किल नहीं है. अगर आप भी इस सर्दी मक्के के आटे से कुछ नया ट्राई करना चाहते हैं तो ये 5 रेसिपी आपके काम आ सकती हैं.

Advertisement

मक्के के आटे का चीला
नाश्ते में कुछ चटपटा और टेस्टी खाने का मन है तो मक्के के आटे का चीला बना सकते हैं. इसके लिए एक बर्तन में मक्के का आटा लें और उसमें थोड़ा-थोड़ा पानी डालकर घोल तैयार करें. अब इसमें नमक, लाल मिर्च पाउडर, कद्दूकस की हुई गाजर और बारीक कटी हरी प्याज मिलाएं. ध्यान रखें कि बैटर न ज्यादा गाढ़ा हो और न ही बहुत पतला. अब गर्म तवे पर थोड़ा तेल लगाकर बैटर फैलाएं और दोनों तरफ से सुनहरा होने तक सेंक लें. इसे हरी चटनी या दही के साथ परोसें.

मक्के के आटे का डोसा
अगर आपको साउथ इंडियन खाना पसंद है तो मक्के के आटे से डोसा भी बना सकते हैं. इसके लिए मक्के के आटे में थोड़ा चावल का आटा मिलाएं. अब इसमें जीरा, बारीक कटी प्याज, हरी मिर्च और नमक डालें. पानी मिलाकर पतला बैटर तैयार करें. गर्म तवे पर बैटर फैलाएं और थोड़ा तेल डालकर कुरकुरा होने तक पकाएं. इसे नारियल की चटनी या सांभर के साथ खा सकते हैं.

Advertisement

मक्के के आटे का ढोकला
मक्के के आटे से आप ढोकला भी तैयार कर सकते हैं. इसके लिए एक बर्तन में मक्के का आटा, बेसन, दही, नमक और पसंद के मसाले डालकर अच्छी तरह मिलाएं. जरूरत के हिसाब से पानी डालकर बैटर तैयार करें. इसमें ईनो या खाने वाला सोडा डालकर हल्के हाथ से मिलाएं और चिकनाई लगी थाली में डाल दें. अब इसे भाप में पकने तक स्टीम करें. तैयार ढोकले पर राई, तिल और करी पत्ते का तड़का लगाएं. इसे हरी चटनी के साथ परोसें.

कसूरी मेथी वाला मक्के का पराठा
मक्के के आटे से काफी टेस्टी पराठा भी बनता है. इसके लिए मक्के के आटे में सूखी कसूरी मेथी, अजवाइन, हींग और नमक मिलाएं. अब गुनगुने पानी की मदद से नरम आटा गूंथ लें. इसकी छोटी-छोटी लोई बनाकर हाथों से या दो प्लास्टिक शीट के बीच रखकर पराठे का आकार दें. गर्म तवे पर घी लगाकर दोनों तरफ से अच्छी तरह सेंक लें. इसे दही, मक्खन या अचार के साथ खा सकते हैं.

राजस्थानी टिक्कड़
राजस्थान में मक्के के आटे से बनने वाला टिक्कड़ भी काफी पसंद किया जाता है. इसे बनाने के लिए मक्के के आटे में बारीक कटा प्याज, अदरक, लहसुन, हरी मिर्च और नमक मिलाएं. अब थोड़ा-थोड़ा पानी डालकर आटा गूंथ लें. इसकी मोटी लोई बनाकर हाथों से गोल आकार दें. गर्म तवे पर घी या तेल लगाकर इसे धीमी आंच पर दोनों तरफ से अच्छी तरह सेंकें. राजस्थानी टिक्कड़ को दही, मक्खन या अचार के साथ गर्मागर्म परोसें.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »