Leftover Dal Uses: रात की बची दाल फेंकने की भूल न करें! मिनटों में बनाएं ये 7 टेस्टी डिश, हर कोई करेगा तारीफ

Leftover Dal Uses: अगर आपके घर में भी अक्सर दाल बच जाती है, तो उसे फेंकने या दोबारा गर्म करके खाने की जरूरत नहीं पड़ेगी. आज हम आपको उन टेस्टी रेसिपीज के बारे में बताएंगे, जिन्हें आप बची हुई दाल से आसानी से बना सकते हैं.

Advertisement
बची हुई दाल से आप सांभर से लेकर पकौड़े तक बना सकते हैं. (Photo: ITG) बची हुई दाल से आप सांभर से लेकर पकौड़े तक बना सकते हैं. (Photo: ITG)

आजतक लाइफस्टाइल डेस्क

  • नई दिल्ली,
  • 13 जुलाई 2026,
  • अपडेटेड 4:21 PM IST

भारतीय घरों में यूं तो कई तरह की खाने की चीजें बनाई जाती हैं, लेकिन एक ऐसी डिश भी जो रोजाना बनाई जाती है. ये डिश और कुछ नहीं बल्कि दाल होती है. चावल से लेकर रोटी तक के साथ सभी लोग दाल बड़े चाव से खाते हैं. लेकिन अक्सर दाल बच ही जाती है. बची हुई दाल देखकर ज्यादातर लोग मुंह बना लेते हैं और उसे दोबारा गर्म करके खाने से कतराते हैं. अगर आपको भी अगले दिन वही दाल खाना बोरिंग लगता है और आप उसे फेंक देते हैं, तो रुक जाएं. 

रात की बची हुई दाल फेंकने के बजाय थोड़ा-सा ट्विस्ट देकर कई स्वादिष्ट और अलग-अलग डिश तैयार की जा सकती हैं. इससे दाल की बर्बादी भी नहीं होगी और घरवालों को हर बार कुछ नया खाने को मिलेगा. गारंटी है आपके घरवाले पहचान भी नहीं पाएंगे कि ये डिश रात की बची हुई दाल से बनी है. आइए जानते हैं बची हुई दाल से आप कौन-कौन सी आसान और मजेदार रेसिपीज बना सकते हैं.

1. दाल का पराठा: अगर सुबह के नाश्ते में बची हुई दाल का इस्तेमाल करना चाहते हैं और आपके घरवालों को पराठे खाने का शौक है, तो आप दाल का पराठा बना सकते हैं. दाल का पराठा बनाने के लिए बची हुई दाल को आटे में मिलाकर गूंथ लें. इसमें थोड़ा अजवाइन, हरी मिर्च, धनिया और अपने पसंद के मसाले डालें. फिर इससे गरमा-गरम पराठे सेंक लें. दही, मक्खन या अचार के साथ इसका स्वाद और बढ़ जाएगा.

Advertisement

2. दाल का चीला: आप बची हुई दाल से चीला भी बना सकते हैं. बची हुई दाल में थोड़ा सा बेसन, बारीक कटी प्याज, हरी मिर्च और मसाले मिलाकर चीले का बैटर तैयार कर लें. अब इसे तवे पर फैलाकर दोनों तरफ से सुनहरा और क्रिस्पी होने तक सेंक लें. ये हेल्दी और पेट भरने वाला नाश्ता है.

3. दाल से बनाएं झटपट कढ़ी: अगर दाल थोड़ी पतली है तो आप इसमें दही, हल्दी और कुछ मसाले मिलाकर कढ़ी बना सकते हैं. ऊपर से राई, करी पत्ता और लाल मिर्च का तड़का लगा दें.

4. दाल वाली खिचड़ी: बची हुई दाल में पके हुए चावल मिलाकर उसमें खिचड़ी बनाई जा सकती है. इसमें ऊपर से घी, जीरा, हींग और लहसुन का तड़का लगा दें. कुछ ही मिनटों में स्वादिष्ट और हल्की खिचड़ी तैयार हो जाएगी.

5. चाय के साथ बनाएं कुरकुरे पकौड़े: आप बची हुई दाल से पकौड़े भी बना सकते हैं. उसमें थोड़ा बेसन, प्याज, हरी मिर्च और मसाले मिलाकर गाढ़ा घोल तैयार कर लें. इसके बाद छोटे-छोटे पकौड़े तल लें. आप इन पकौड़ों को सुबह नाश्ते से लेकर शाम की चाय के साथ भी खा सकते हैं.

6. हेल्दी दाल सूप: अगर हल्का और पौष्टिक खाना चाहते हैं तो बची हुई दाल में थोड़ा पानी, अपनी पसंद की सब्जियां और काली मिर्च मिलाकर उबाल लें. जैसे ही दाल और सब्जियां उबलेंगी आप देखेंगे कि सूप तैयार हो जाएगा. ये स्वाद के साथ-साथ सेहत के लिए भी अच्छा रहेगा.

Advertisement

7. बची हुई अरहर दाल से बनाएं सांभर: अगर अरहर की दाल बची हुई है तो उसमें इमली का पानी, सांभर मसाला और अपनी पसंद की सब्जियां डालकर झटपट सांभर तैयार किया जा सकता है. इसे इडली, डोसा या चावल के साथ आप मजे से खा सकते हैं.

बची हुई दाल इस्तेमाल करते समय इन बातों का रखें ध्यान

  • अगर दाल से खट्टी या अजीब गंध आ रही हो तो उसका इस्तेमाल न करें.
  • बची हुई दाल को हमेशा ढक्कन बंद करके फ्रिज में रखें.
  • कोशिश करें कि दाल को 1-2 दिन के भीतर ही इस्तेमाल कर लें, ताकि उसका स्वाद सही रहे.  
---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »