Pressure Cooker Uses: सिर्फ दाल-सब्जी बनाने के लिए ही नहीं है प्रेशर कुकर! इन कामों को भी करता है आसान; मास्टरशेफ पंकज भदौरिया ने बताया

Pressure Cooker Uses: प्रेशर कुकर का इस्तेमाल सिर्फ दाल-चावल के लिए नहीं, बल्कि ओवन, तंदूर और दही जमाने के लिए भी किया जा सकता है. मास्टरशेफ पंकज भदौरिया ने प्रेशर कुकर के 5 जबरदस्त इस्तेमाल बताए हैं.

Advertisement
प्रेशर कुकर की मदद से दही भी आसानी से जम सकती है. (Photo: ITG) प्रेशर कुकर की मदद से दही भी आसानी से जम सकती है. (Photo: ITG)

आजतक लाइफस्टाइल डेस्क

  • नई दिल्ली,
  • 02 जून 2026,
  • अपडेटेड 8:20 PM IST

रसोई में जब भी दाल-सब्जी बनाने की बात आती है तो लोगों को सबसे पहले प्रेशर कुकर का नाम याद आता है. प्रेशर कुकर में दाल से लेकर सब्जियां तक बहुत आसानी और जल्दी से बन जाती हैं, जिसकी वजह से इसे लगभग हर घर में इस्तेमाल किया जाता है. ज्यादातर लोग इसमें दाल, चावल या सब्जियां ही बनाते हैं. क्यों आपने भी अपने घर में कुकर में दाल, सब्जी और चावल बनते देखा होगा ना? लेकिन क्या आप जानते हैं कि प्रेशर कुकर इसके अलावा भी आपकी रसोई के बहुत से काम आसान कर सकता है? अगर नहीं तो ये खबर आपके लिए है. 

ये सिंपल सा कुकर आपकी किचन का सबसे मददगार साथी साबित हो सकता है. जी हां, थोड़ी सी समझदारी से आप कुकर को तंदूर, ओवन और यहां तक कि पॉपकॉर्न मशीन की तरह भी इस्तेमाल कर सकते हैं. मशहूर शेफ पंकज भदौरिया ने प्रेशर कुकर के कुछ ऐसे आसान और मजेदार किचन हैक्स बताए हैं, जो आपकी कुकिंग को और भी आसान बना देंगे.

1. कुकर में बनाएं तंदूरी नान और कुलचा
मास्टरशेफ पंकज भदौरिया कहती हैं अगर घर में तंदूर या ओवन नहीं है, तो परेशान होने की जरूरत नहीं. प्रेशर कुकर की मदद से भी आप बाजार जैसे तंदूरी नान और कुलचे बना सकते हैं. इसके लिए कुकर को उल्टा करके गैस पर गर्म करें. फिर तैयार नान या रोटी पर हल्का पानी लगाकर उसे कुकर की अंदर की तरफ चिपका दें. कुछ ही मिनटों में नान क्रिस्पी और गोल्डन होकर तैयार हो जाएगा.

Advertisement

2. कुकर को बनाएं मिनी ओवन
आप कुकर को मिनी ओवन भी बना सकते हैं. केक, कुकीज या बिस्किट बनाने के लिए आपको महंगा ओवन खरीदने की जरूरत नहीं पड़ेगी. प्रेशर कुकर भी बेकिंग के लिए शानदार काम करता है. बस कुकर में नमक या स्टैंड लगाकर उसे पहले से गर्म करें और फिर केक टिन रखकर बेक करें.  

3. मिनटों में तैयार करें पॉपकॉर्न
अगर झटपट पॉपकॉर्न खाने का मन हो, तो कुकर आपके बहुत काम आ सकता है. कुकर में थोड़ा तेल डालें और मकई के दाने डालकर ढक्कन लगा दें. तेज आंच पर कुछ ही देर में दाने फूटने लगेंगे और स्वादिष्ट पॉपकॉर्न तैयार हो जाएंगे.

4. लिट्टी-बाटी भी बनेगी आसान
गांव के चूल्हे जैसा स्वाद अब शहर में भी मिल सकता है. अगर आपको लिट्टी या बाटी पसंद है, तो उसके लिए आपको चूल्हा सुलगाने की जरूरत नहीं पड़ेगी. आप कुकर का इस्तेमाल कर सकते हैं. बाटी बनाकर हल्के गर्म कुकर में रखें और ढक्कन बंद कर दें. कुछ देर बाद बाटी अंदर से अच्छी तरह पक जाएगी और बाहर से हल्की क्रिस्पी भी हो जाएगी.

Advertisement

5. दही जमाने का आसान तरीका
दही जमाना थोड़ा मुश्किल हो जाता है. ऐसे में कुकर बहुत काम आता है. गुनगुने दूध में जामन डालें और हल्का गर्म किए हुए कुकर में बर्तन रख दें. इसके ऊपर किचन टॉवल लपेट दें. कुछ घंटों में बढ़िया गाढ़ा दही तैयार हो जाएगा.

कुकर से पानी बाहर निकलने की समस्या ऐसे रोकें
मास्टरशेफ पंकज ने इसके साथ ही कुकर में काम करते वक्त होने वाली परेशानी से छुटकारा दिलाने का तरीका भी बताया है. कई बार दाल या चावल बनाते समय कुकर से पानी बाहर आने लगता है. इससे गैस गंदी हो जाती है और परेशानी बढ़ जाती है. इससे बचने के लिए एक छोटा सा आसान तरीका अपनाएं. कुकर में दाल या चावल डालने के बाद अंदर एक छोटी स्टील की कटोरी रख दें. इससे उफान कम होगा और पानी बाहर नहीं निकलेगा.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »