रसोई में खाना बनाते समय अगर छोटी-सी गलती भी हो जाए तो खाने का पूरे स्वाद को बिगाड़ सकता है. जो गलती अक्सर लोग करते हैं वो है जल्दी-जल्दी सब्जी या दाल में नमक ज्यादा डल जाना. कई बार फोन पर बात करते-करते, जल्दी में खाना बनाते हुए या फिर अंदाज से नमक डालने पर उसका स्वाद इतना तेज हो जाता है कि पूरी मेहनत बेकार लगने लगती है. ऐसे में ज्यादातर लोग या तो सब्जी में पानी बढ़ा देते हैं या फिर मन मारकर वही खाना खाते हैं. इसके साथ ही कई बार तो लोग सब्जी-दाल बाहर फेंक देते हैं.
अगर आपसे भी गलती से सब्जी या दाल में नमक तेज हो जाता है तो अब परेशान होने की जरूरत नहीं है, क्योंकि मशहूर मास्टरशेफ पंकज भदौरिया ने एक बेहद आसान और काम की किचन ट्रिक शेयर की है. इस ट्रिक की मदद से आप मिनटों में सब्जी या दाल का ज्यादा नमक बैलेंस कर सकते हैं, वो भी स्वाद बिना खराब किए. खास बात ये है कि इसके लिए आपको कोई महंगी चीज खरीदने की जरूरत नहीं पड़ेगी, बल्कि रसोई में मौजूद कुछ आसान चीजों से ही काम बन जाएगा.
ग्रेवी वाली सब्जी या दाल में ऐसे कम करें नमक
मास्टरशेफ पंकज भदौरिया कहती हैं अगर दाल, करी या किसी भी ग्रेवी वाली सब्जी में नमक ज्यादा हो गया है, तो सबसे पहले उसे दोबारा गैस पर गर्म होने के लिए चढ़ा दें. इसके बाद अब उसमें आटे की छोटी-छोटी गोलियां डाल दें.
वो कहती हैं ये आटे की गोलियां छोटी जरूर हैं, लेकिन बड़े काम की होती हैं. ये गोलियां एक्स्ट्रा नमक को अपने अंदर सोख लेती हैं. कुछ देर पकाने के बाद इन गोलियों को निकालकर अलग रख दें. इससे सब्जी का स्वाद काफी हद तक बैलेंस हो जाएगा और नमक कम महसूस होगा.
सूखी सब्जी में ज्यादा नमक हो जाए तो क्या करें?
अगर सूखी सब्जी में नमक ज्यादा हो गया है, तो मास्टरशेफ पंकज कहती हैं उसमें कोई खट्टी चीज मिलाने से स्वाद बैलेंस हो सकता है. इसके लिए आप नींबू का रस डाल सकते हैं. इसके अलावा आप बारीक कटे टमाटर, टमाटर प्यूरी या फिर दो चम्मच दही डालने से भी नमक का स्वाद कम हो जाता है. खास बात ये है कि ये सब डालने से सब्जी का स्वाद फिर से टेस्टी लगने लगता है.
आजतक लाइफस्टाइल डेस्क