Reshmi Vegetable Paratha Recipe: आलू-गोभी छोड़ें, नाश्ते में ट्राई करें सब्जियों वाला रेशमी पराठा, मिलेगा लाजवाब स्वाद

Reshmi Vegetable Paratha Recipe: पराठे खाना ज्यादातर लोगों को पसंद होता है. आलू, गोभी और पनीर के पराठे तो आपने कई बार खाए होंगे लेकिन क्या कभी सब्जियों और पनीर से बना रेशमी पराठा ट्राई किया है. अगर नहीं, तो आज हम आपको इसे बनाने की आसान रेसिपी बताएंगे.

Advertisement
सब्जियों और पनीर से बनाएं रेशमी पराठा (Photo- ITG) सब्जियों और पनीर से बनाएं रेशमी पराठा (Photo- ITG)

आजतक लाइफस्टाइल डेस्क

  • नई दिल्ली,
  • 31 अक्टूबर 2026,
  • अपडेटेड 7:16 AM IST

Reshmi Vegetable Paratha Recipe: भारतीय नाश्ते में पराठा काफी पसंद किया जाता है. आमतौर पर लोग नाश्ते में आलू, गोभी, मूली या पनीर के पराठे बनाते हैं. लेकिन आप रोज एक जैसा नाश्ता खाकर बोर हो गए हैं और कुछ नया ट्राई करना चाहते हैं तो इस बार सब्जियों से बना रेशमी पराठा बना सकते हैं. इसकी खास बात यह है कि इसे बनाने के लिए अलग से स्टफिंग तैयार करने की जरूरत नहीं होती. लौकी, तोरई, कद्दू और आलू को पकाकर उनका पेस्ट बनाया जाता है. फिर इसमें पनीर, गेहूं का आटा और मसाले मिलाकर नरम आटा गूंथा जाता है.

Advertisement

कसूरी मेथी से इसका स्वाद और भी अच्छा हो जाता है. आप इस पराठे को सुबह के नाश्ते, बच्चों के टिफिन या शाम के खाने में भी परोस सकते हैं. इसे घर पर बनाना भी काफी आसान है. आइए जानते हैं रेशमी पराठा बनाने के लिए किन चीजों की जरूरत होती है और इसे बनाने का सही तरीका क्या है.

इंग्रेडिएंट्स (Ingredients)

आधा कप लौकी, टुकड़ों में कटी हुई

आधा कप तोरई, टुकड़ों में कटी हुई

आधा कप कद्दू, टुकड़ों में कटा हुआ

डेढ़ कप आलू, टुकड़ों में कटे हुए

100 ग्राम पनीर

डेढ़ कप गेहूं का आटा

आधा छोटी चम्मच काली मिर्च पाउडर

1 छोटी चम्मच लाल मिर्च पाउडर

1 छोटी चम्मच जीरा पाउडर

1 छोटी चम्मच चाट मसाला

1 छोटी चम्मच धनिया पाउडर

आधा छोटी चम्मच सौंफ पाउडर

1 बड़ा चम्मच कुटी हुई कसूरी मेथी

Advertisement

नमक स्वादानुसार

50 मिलीलीटर पानी

जरूरत के अनुसार देसी घी या तेल

सब्जियों वाला रेशमी पराठा बनाएं कैसे?

  1. सब्जियों को उबालें: सबसे पहले लौकी, तोरई, कद्दू और आलू को छोटे टुकड़ों में काट लें. इन्हें कुकर में डालें और 50 मिलीलीटर पानी के साथ स्वादानुसार नमक मिलाएं. अब कुकर में तीन सीटी आने तक पकाएं. इसके बाद प्रेशर अपने आप निकलने दें.
  2. सब्जियों और पनीर का पेस्ट बनाएं: उबली हुई सब्जियों को मिक्सर में डालें. इसमें पनीर मिलाकर अच्छी तरह पीस लें, ताकि एक मुलायम पेस्ट तैयार हो जाए. अब इस मिश्रण को ठंडा होने दें.
  3. आटा गूंथें: ठंडे सब्जियों और पनीर के पेस्ट में गेहूं का आटा मिलाएं. इसके बाद काली मिर्च, लाल मिर्च, जीरा पाउडर, चाट मसाला, धनिया पाउडर, सौंफ पाउडर और कसूरी मेथी डाल दें. सभी चीजों को अच्छी तरह मिलाकर नरम आटा गूंथ लें. जरूरत पड़ने पर ही पानी डालें, क्योंकि सब्जियों के पेस्ट में पहले से नमी मौजूद होगी.
  4. पराठे बेलें: तैयार आटे की बराबर-बराबर लोइयां बना लें. चकले पर थोड़ा सूखा आटा लगाकर हर लोई को गोल पराठे के आकार में बेल लें. अगर आटा चिपक रहा हो, तो थोड़ा सूखा आटा इस्तेमाल कर सकते हैं.
  5. तवे पर सेंकें: तवा गर्म करें और उस पर पराठा डालें. मध्यम आंच पर दोनों तरफ से सेंकें. जरूरत के अनुसार थोड़ा देसी घी या तेल लगाएं. पराठे को पलट-पलटकर तब तक पकाएं, जब तक दोनों तरफ हल्के सुनहरे धब्बे न दिखने लगें.
  6. गरमागरम रेशमी पराठे को हरी मिर्च के अचार, ताजे दही या अपनी पसंद की चटनी के साथ परोसें.
---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »