Rajasthani Haldi-Ghee Sabzi: सर्दियों में देसी घी डालकर बनाएं राजस्थानी कच्ची हल्दी की सब्जी, बाजरे की रोटी के साथ लगेगी टेस्टी, आसान है रेसिपी

सर्दियों में कच्ची हल्दी से बनने वाली राजस्थानी सब्जी का स्वाद बेहद खास होता है. देशी घी, दही और पारंपरिक मसालों से तैयार यह डिश राजस्थान के घरों में खूब पसंद की जाती है. जानें कच्ची हल्दी की सब्जी बनाने की आसान रेसिपी और सामग्री.

Advertisement
कच्ची हल्दी बहुत गुणकारी होती है. (PHOTO:AI) कच्ची हल्दी बहुत गुणकारी होती है. (PHOTO:AI)

आजतक लाइफस्टाइल डेस्क

  • नई दिल्ली,
  • 05 नवंबर 2026,
  • अपडेटेड 9:46 PM IST

Rajasthani Haldi-Ghee Sabji Recipe: हल्दी भारतीय रसोई का जादुई मसाला है, जिसके बिना कोई भी सब्जी अधूरी लगती है. यह सिर्फ रंग और स्वाद बढ़ाने के लिए नहीं, बल्कि अपनी औषधीय खूबियों के लिए भी मशहूर है. मगर आमतौर पर लोग हल्दी का इस्तेमाल खाने में मसाले के तौर पर करते हैं और सर्दियों का मौसम आते ही बाजार में ताजी कच्ची हल्दी भी मिलने लगती है. 

Advertisement

लेकिन क्या आप जानते हैं कि राजस्थान में कच्ची हल्दी से एक खास तरह की सब्जी भी बनाई जाती है? इसे राजस्थानी कच्ची हल्दी की सब्जी कहते हैं. यह राजस्थान की पारंपरिक और पॉपुलर सर्दियों की डिश है, जिसे खासतौर पर देशी घी में तैयार किया जाता है. 

इस सब्जी की खासियत इसका अलग स्वाद और बनाने का पारंपरिक तरीका है. कच्ची हल्दी के साथ इसमें दही, मसाले, हरी मिर्च और देशी घी का इस्तेमाल किया जाता है. सर्दियों में इसे रोटी, पराठे या बाजरे की रोटी के साथ खाया जाता है. अगर आप भी इस मौसम में कुछ नया और पारंपरिक खाना चाहते हैं, तो घर पर आसानी से राजस्थानी कच्ची हल्दी की सब्जी बना सकते हैं. आइए हल्दी-घी की सब्जी बनाने की आसान रेसिपी जानते हैं.

कच्ची हल्दी की सब्जी बनाने के लिए सामग्री

Advertisement
  • 200 ग्राम ताजी कच्ची हल्दी
  • 4-5 बड़े चम्मच देशी घी
  • आधा कप दही
  • 2 बारीक कटी हरी मिर्च
  • 1 छोटा चम्मच अदरक का पेस्ट
  • आधा छोटा चम्मच जीरा
  • एक चुटकी हींग
  • आधा छोटा चम्मच लाल मिर्च पाउडर
  • आधा छोटा चम्मच धनिया पाउडर
  • एक चौथाई छोटा चम्मच गरम मसाला
  • स्वादानुसार नमक
  • जरूरत के अनुसार पानी

कैसे बनाएं राजस्थानी कच्ची हल्दी की सब्जी?

  1. सबसे पहले कच्ची हल्दी को अच्छी तरह धोकर उसका छिलका उतार लें. अब इसे कद्दूकस कर लें या छोटे-छोटे टुकड़ों में काट लें. हल्दी काटते समय हाथों में दस्ताने पहन सकते हैं, क्योंकि इससे हाथों पर पीला रंग लग सकता है.
  2. अब एक कड़ाही में देशी घी गर्म करें. इसमें कद्दूकस की हुई हल्दी डालकर धीमी आंच पर अच्छी तरह भूनें. हल्दी को लगातार चलाते रहें, ताकि वह कड़ाही में चिपके नहीं. इसे तब तक भूनें, जब तक इसकी कच्ची महक कम न हो जाए और रंग थोड़ा गहरा न हो जाए.
  3. दूसरी तरफ दही को अच्छी तरह फेंट लें. अब कड़ाही में जीरा और हींग डालें. इसके बाद अदरक का पेस्ट और हरी मिर्च डालकर हल्का भून लें.
  4. अब इसमें धनिया पाउडर, लाल मिर्च और नमक डालें. आंच धीमी करके फेंटा हुआ दही थोड़ा-थोड़ा डालें और लगातार चलाते रहें, ताकि दही फटे नहीं.
  5. अब इसमें भुनी हुई कच्ची हल्दी डालकर सभी चीजों को अच्छी तरह मिलाएं. जरूरत के अनुसार थोड़ा पानी डालें और ढककर 8 से 10 मिनट तक लो फ्लेम पर पकाएं.

इस तरीके से करें सर्व

Advertisement

आखिर में गरम मसाला डालकर अच्छी तरह मिला लें. जब सब्जी से घी अलग दिखाई देने लगे, तो गैस बंद कर दें. इसे गरमागरम बाजरे की रोटी, मिस्सी रोटी या पराठे के साथ परोसें. इसका चटपटा और मसालेदार स्वाद पूरे खाने का मजा बढ़ा देगा.

सर्दियों में क्यों खास है कच्ची हल्दी की सब्जी?

कच्ची हल्दी में करक्यूमिन नाम का प्राकृतिक तत्व पाया जाता है, जिसमें एंटीऑक्सीडेंट और सूजन कम करने वाले गुण होते हैं. हल्दी का इस्तेमाल भारतीय खानपान में लंबे समय से किया जाता रहा है. हालांकि, इसे किसी बीमारी का इलाज नहीं मानना चाहिए. देशी घी और मसालों के साथ तैयार यह सब्जी सर्दियों के खाने में एक पारंपरिक और स्वादिष्ट ऑप्शन हो सकती है.

 

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »