Homemade Kuttu Atta: नवरात्रि व्रत के लिए घर पर बनाएं कुट्टू का आटा, तरीका है बेहद आसान
नवरात्रि के व्रत में कुट्टू के आटे से कई तरह की डिश बनाई जाती हैं. अगर आप बाजार से आटा खरीदने के बजाय घर पर ताजा कुट्टू का आटा बनाना चाहते हैं तो इसे साबुत दानों से आसानी से तैयार कर सकते हैं. आज हम आपको घर पर कुट्टू का आटा बनाने का आसान तरीका बताएंगे.
Advertisement
साबुत कुट्टू से झटपट तैयार करें ताजा आटा (Photo- ITG)
Homemade Kuttu Atta: नवरात्रि के व्रत में लोग फलाहार के साथ कुट्टू के आटे से बनी रोटी, पूरी, पराठा और पकौड़ी खाना पसंद करते हैं. इसके लिए ज्यादातर लोग बाजार से कुट्टू का आटा खरीदते हैं. हालांकि, कई बार आटे की क्वालिटी अच्छी नहीं होती या उसमें मिलावट की आशंका रहती है. ऐसे में आप घर पर ही साबुत कुट्टू के दानों से ताजा आटा तैयार कर सकते हैं. इससे बनने वाली डिश भी ज्यादा टेस्टी बनेगी. इसे बनाने के लिए ज्यादा चीजों की जरूरत भी नहीं होती. तो आइए जानते हैं नवरात्रि के व्रत के लिए घर पर कुट्टू का आटा बनाने का आसान तरीका.
Advertisement
कुट्टू का आटा बनाने के लिए क्या चाहिए?
1 कप साबुत कुट्टू के दाने (बकव्हीट) या जरूरत के अनुसार मात्रा बढ़ा सकते हैं.
घर पर कुट्टू का आटा बनाने के लिए सबसे पहले साबुत कुट्टू के दानों को अच्छी तरह साफ कर लें. इनमें मौजूद कंकड़ या दूसरी अशुद्धियों को निकाल दें. अगर दानों को धोने की जरूरत हो तो हल्के पानी से धोने के बाद उन्हें पूरी तरह सूखा लें. ध्यान रखें कि दानों में नमी नहीं रहनी चाहिए, वरना आटा पीसने और स्टोर करने में परेशानी हो सकती है.
अब एक सूखी कड़ाही को गैस पर रखें और उसमें कुट्टू के दाने डालकर मध्यम आंच पर 3 से 5 मिनट तक हल्का भून लें. दानों को लगातार चलाते रहें, ताकि वे जलें नहीं. ज्यादा भूनने से आटे का स्वाद प्रभावित हो सकता है. अगर आप बिना भुने कुट्टू के दानों का आटा बनाना चाहते हैं तो इस स्टेप को छोड़ सकते हैं. बस दाने पूरी तरह सूखे होने चाहिए.
इसके बाद दानों को ठंडा होने दें. अब इन्हें मिक्सर या ग्राइंडर में डालकर बारीक पीस लें. तैयार आटे को महीन छलनी से छान लें. अगर छलनी में मोटे दाने बच जाएं, तो उन्हें दोबारा पीसकर छान लें. इस तरह आपका ताजा कुट्टू का आटा तैयार हो जाएगा.
कुट्टू के आटे को साफ और पूरी तरह सूखे एयरटाइट डिब्बे में भरकर रखें. इसे ठंडी और सूखी जगह पर स्टोर करें.
कुट्टू का आटा बनाते समय रखें इन बातों का ध्यान
Advertisement
दानों को पीसने से पहले अच्छी तरह साफ और पूरी तरह सूखा लें.
ग्राइंडर में एक बार में बहुत ज्यादा दाने न डालें.
दानों को भूनते समय आंच मध्यम रखें और ज्यादा न भूनें.
आटे को बारीक छानकर ही इस्तेमाल करें.
आटे को नमी से बचाकर रखें और लंबे समय तक स्टोर करने से पहले उसकी ताजगी जांच लें.
इस तरह आप नवरात्रि के व्रत के लिए घर पर आसानी से कुट्टू का आटा तैयार कर सकते हैं. इससे आप अपनी पसंद के अनुसार व्रत वाली रोटी, पूरी, पराठा और पकौड़ी बना सकते हैं.
आजतक लाइफस्टाइल डेस्क