Homemade Kishmish: मार्केट से महंगी किशमिश खरीदने की जरूरत नहीं, घर पर बिना मशीन-केमिकल ऐसे बनाएं

Homemade Kishmish: अगर आप बाजार की महंगी किशमिश खरीदने से बचना चाहते हैं, तो घर पर ही अंगूर से नेचुरल किशमिश बना सकते हैं. बिना केमिकल और बिना मशीन के धूप की मदद से तैयार होने वाली ये किशमिश हेल्दी भी होती है और काफी सस्ती भी. जानिए अंगूर से किशमिश बनाने का आसान तरीका.

Advertisement
किशमिश बनाने के लिए मीठे अंगूर खरीदें. (Photo: ITG) किशमिश बनाने के लिए मीठे अंगूर खरीदें. (Photo: ITG)

आजतक लाइफस्टाइल डेस्क

  • नई दिल्ली,
  • 17 मार्च 2026,
  • अपडेटेड 2:59 PM IST

Homemade Kishmish: ड्राई फ्रूट्स हर घर का हिस्सा है. बादाम से लेकर काजू तक सभी घरों में न केवल सेहतमंद बनने के लिए खाए जाते हैं, बल्कि ये मिठाइयों का स्वाद भी बढ़ा देते हैं. इन्हीं में से एक किशमिश है. किशमिश एक ऐसी चीज है जो खीर हो, हलवा हो या कोई मिठाई सभी में डाली जाती है. थोड़ी सी किशमिश डालते ही उसका स्वाद कई गुना बढ़ जाता है. ये बच्चे और बड़ों सभी को पसंद होती है. लेकिन जब अच्छी क्वालिटी की किशमिश खरीदने मार्केट जाते हैं तो उसकी कीमत कई बार इतनी ज्यादा होती है कि रोज-रोज खरीदना आसान नहीं लगता.

Advertisement

क्या आपको भी दिन-ब-दिन बढ़ते किशमिश के दाम परेशान करते हैं? अगर हां, तो परेशान होने की जरूरत नहीं है. आज हम आपको  अंगूर से घर पर किशमिश बनाने का आसान तरीका बताने जा रहे हैं. खास बात ये है कि इस तरीके में आपको न तो किसी मशीन की जरूरत होगी और न ही इसमें कोई केमिकल लगा होगा. बस थोड़ी सी धूप और सही तरीका अपनाकर आप घर पर ही स्वादिष्ट किशमिश तैयार कर सकते हैं.

सबसे पहले सही अंगूर चुनें
किशमिश बनाने के लिए सबसे जरूरी सही अंगूर को चुनना जरूरी है. ध्यान रखना होगा कि आप जो अंगूर लें वो मीठे हों क्योंकि अंगूर जितने मीठे होंगे, किशमिश भी उतनी ही मीठी बनेंगी. अभी अंगूर का सीजन होने की वजह से मार्केट में सस्ते भी मिल जाते हैं, इसलिए घर पर किशमिश बनाना काफी किफायती पड़ सकता है.

Advertisement
  • अगर आपको लंबी किशमिश पसंद है तो लंबे आकार वाले अंगूर लें.
  • अगर आपको गोल किशमिश पसंद है तो गोल अंगूर खरीदें.

अंगूर को अच्छे से धोना जरूरी
सबसे पहले अंगूर को साफ पानी से अच्छी तरह धो लें. इसके बाद एक बर्तन में पीने वाला पानी लेकर उसमें थोड़ा सा मीठा सोडा (खाने वाला सोडा) डालें. चाहें तो इसकी जगह विनेगर भी डाल सकते हैं.

अब अंगूर को इस पानी में करीब 5–7 मिनट तक रखें और हल्के हाथों से ऊपर-नीचे करके साफ कर लें. इससे अंगूर पर लगा केमिकल या गंदगी निकल जाती है.

अंगूर को अलग-अलग करके तैयार करें
धोने के बाद अंगूर को एक प्लेट में निकाल लें और उसे डंठल से अलग-अलग कर दें. अब इन्हें कुछ देर के लिए खुला छोड़ दें ताकि एक्स्ट्रा पानी सूख जाए.

स्टीम करें अंगूर
कई लोग अंगूर को उबालते हैं, लेकिन ऐसा करने से उसके पोषक तत्व कम हो सकते हैं. इसलिए इन्हें हल्की स्टीम में पकाना ही बेहतर होता है.

अंगूर में स्टीम लगाने के लिए एक कढ़ाई या स्टीमर में थोड़ा पानी डालें. उसके ऊपर जाली या छलनी रख दें. अब उसमें अंगूर डालकर करीब 4–5 मिनट स्टीम दें.

जब अंगूर का रंग हल्का बदलने लगे और कहीं-कहीं हल्का सा कट दिखे, तो उन्हें तुरंत निकाल लें. ज्यादा देर रखने से किशमिश का रंग काला पड़ सकता है.

धूप में सुखाने का तरीका
अब स्टीम किए हुए अंगूर को एक साफ कपड़े पर फैलाकर धूप में रख दें. आप इन्हें वहां सुखाएं जहां अच्छी धूप आती हो और ये अच्छे से सूख जाएं.

Advertisement

करीब एक दिन में अंगूर काफी हद तक सिकुड़कर किशमिश जैसे दिखने लगेंगे. अगर आप चाहें तो इन्हें एक दिन और सुखा सकते हैं ताकि ये पूरी तरह ड्राई हो जाएं.

स्टोर करने का सही तरीका
घर पर बनी किशमिश में कोई केमिकल या प्रिजर्वेटिव नहीं होते हैं, इसलिए इसे लंबे समय तक सुरक्षित रखने के लिए इसे एयरटाइट डिब्बे में करके फ्रिज में रखना चाहिए. अगर किशमिश पूरी तरह सूख गई है तो इसे बाहर भी रखा जा सकता है.

काली किशमिश कैसे बनती है?
अगर आप काली किशमिश बनाना चाहते हैं तो बस काले अंगूर का इस्तेमाल करें. काले अंगूर लेकर यही तरीका दोहराएं. स्टीम करें और फिर धूप में सुखाएं.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement