How To Get Thick Malai: पहले दूध पर खूब मोटी मलाई जमती थी, जिससे बहुत सारा घी निकल जाता था. लेकिन आजकल बाजार में मिलने वाले दूध को लेकर लोगों की सबसे बड़ी शिकायत यही रहती है कि उस पर अब पहले जैसी मोटी मलाई नहीं जमती है. कई बार तो पूरा दूध खत्म हो जाता है, लेकिन मलाई नाम मात्र की निकलती है. ऐसे में उन लोगों को बहुत समस्या होती है, जो सिर्फ घर का घी और मक्खन बनाकर इस्तेमाल करते हैं.
अगर आपके घर में भी दूध पर मलाई की पतली सी परत जमती है और आप चाहते हैं कि मलाई रोटी से भी मोटी और गाढ़ी जमे, तो अब परेशान होने की जरूरत नहीं है. दरअसल, रसोई में रखी दो बेहद चीजें और दूध उबालने का सही तरीका आपकी इस समस्या को आसानी से दूर कर सकता है. इस ट्रिक्स की मदद से दूध पर रोटी जैसी मोटी मलाई जम सकती है, जिससे न सिर्फ ज्यादा मक्खन निकलेगा बल्कि घर का शुद्ध घी भी भरपूर मात्रा में तैयार होगा.
दूध उबालने से पहले करें ये काम
सबसे पहले दूध को किसी साफ बर्तन में छान लें, ताकि उसमें कोई भी बारीक कण या गंदगी न रहे. इसके बाद करीब डेढ़ किलो दूध में आधा गिलास पानी मिला दें. पानी मिलाने से दूध धीरे-धीरे गर्म होता है और नीचे चिपकता भी नहीं है. दूध का यूं धीरे-धीरे पकना मलाई को मोटा बनाने में मदद करता है.
बर्तन पर लगाएं थोड़ा सा घी
दूध को उबलने के लिए पतीले में डालने से पहले बर्तन के किनारों पर हल्का सा घी लगा दें. दादी-नानी का ये तरीका दूध को जल्दी उफनने नहीं देता है और मलाई की परत भी ज्यादा अच्छी जमती है.
उबलते दूध में डाल दें ये चीज
जैसे ही दूध गर्म होने लगे, उसमें 6-7 चावल के दाने डाल दें और चम्मच से हल्का चला दें. चावल में मौजूद हल्का स्टार्च मलाई को गाढ़ा बनाने में मदद करता है. खास बात ये है कि इससे दूध के स्वाद में भी कोई फर्क नहीं पड़ता.
दूध ढकने में न करें ये गलती
दूध उबलने के तुरंत बाद उसे ढक्कन से ढकने की गलती न करें. ऐसा करने से भाप अंदर ही फंस जाती है और मलाई पर पानी की बूंदें जमने लगती हैं, जिससे मलाई पतली हो जाती है. इसके बजाय बर्तन को छलनी या जालीदार ढक्कन से ढकें. इससे भाप बाहर निकलती रहेगी और मलाई ज्यादा मोटी जमेगी.
मलाई मोटी जमाने का सही तरीका
दूध को पहले रूम टेंपरेचर पर ठंडा होने दें. इसके बाद उसे 4 से 5 घंटे के लिए फ्रिज में रख दें. अगले दिन आप देखेंगे कि दूध पर मोटी और गाढ़ी मलाई की परत जम चुकी होगी, जिससे खूब सारा मक्खन और घी निकाला जा सकता है.
आजतक लाइफस्टाइल डेस्क