Rajasthani Govind Gatte Ki Sabji: दाल-बाटी भूल जाएंगे! जब घर पर बनाएंगे राजस्थान की शाही डिश 'गोविंद गट्टे की सब्जी', स्वाद है लाजवाब

Rajasthani Govind Gatte Ki Sabji: राजस्थान की पारंपरिक गोविंद गट्टे की सब्जी आम गट्टे से बिल्कुल अलग है. इसमें मावा और ड्राई फ्रूट्स की स्टफिंग की जाती है, जो इसके स्वाद को शाही बना देती है. जानें इस खास राजस्थानी रेसिपी को बनाने का आसान तरीका.

Advertisement
गोविंद गट्टे की सब्जी में गट्टों के अंदर ड्राई फ्रूट्स भरे जाते हैं. (Photo: ITG) गोविंद गट्टे की सब्जी में गट्टों के अंदर ड्राई फ्रूट्स भरे जाते हैं. (Photo: ITG)

आजतक लाइफस्टाइल डेस्क

  • नई दिल्ली,
  • 29 जुलाई 2026,
  • अपडेटेड 5:36 PM IST

Rajasthani Govind Gatte Ki Sabji: जैसे ही राजस्थान के खाने का नाम लिया जाता है, वैसे ही लोगों के दिमाग में दाल-बाटी-चूरमा और गट्टे की सब्जी का ख्याल आने लगता है. ये दो राजस्थानी रेसिपीज खाना लोगों को इतना ज्यादा पसंद है कि वो इससे आगे बढ़ ही नहीं पाते हैं. लेकिन क्या आपने कभी ऐसे राजस्थानी गट्टे खाए हैं, जिनके अंदर मावा और ड्राई फ्रूट्स का शाही स्वाद छिपा हो? जी हां, राजस्थान के घरों में सालों से एक ऐसी सब्जी बनती आ रही है, जिसका स्वाद शाही और लाजवाब है. 

इस डिश का नाम है गोविंद गट्टे की सब्जी. ये आम गट्टे की सब्जी से बिल्कुल अलग होती है और इसका स्वाद इतना खास होता है कि एक बार खाने के बाद आप इसे बार-बार बनाना चाहेंगे. ऐसे में अगर आप लंच या डिनर में कुछ खास और शाही ट्राई करना चाहते हैं, तो ये राजस्थानी रेसिपी ट्राई कर सकते हैं. चलिए जानते हैं इसकी आसान रेसिपी.

गोविंद गट्टे की सब्जी बनाने के लिए इंग्रेडिएंट्स

गट्टे के लिए

Advertisement
  • 1 कप बेसन
  • 1 चम्मच कुटा हुआ मसाला
  • 1/2 चम्मच लाल मिर्च पाउडर
  • 1/2 चम्मच हल्दी पाउडर
  • 1 चम्मच धनिया पाउडर
  • 1/2 चम्मच अजवाइन
  • 1 चुटकी हींग
  • नमक स्वादानुसार
  • 1 चम्मच दही
  • जरूरत के अनुसार गुनगुना पानी
  • गट्टे तलने या पकाने के लिए सरसों का तेल

गट्टे की स्टफिंग के लिए

  • मावा
  • काली मिर्च
  • नमक
  • बारीक कटे काजू
  • बादाम
  • किशमिश
  • पिस्ता

ग्रेवी के लिए

  • दही
  • लाल मिर्च पाउडर
  • धनिया पाउडर
  • हल्दी पाउडर
  • जीरा पाउडर
  • हींग
  • कुटा हुआ मसाला
  • 4 चम्मच नारियल का बूरा
  • 2 चम्मच मावा
  • प्याज
  • टमाटर
  • अदरक
  • लहसुन
  • नमक स्वादानुसार
  • सरसों का तेल

बनाने का तरीका:

1. इस सब्जी को बनाने के लिए सबसे पहले गट्टों के लिए आटा गूंथना होगा. इसके लिए एक बड़े बर्तन में बेसन लें. इसमें कुटा हुआ मसाला, लाल मिर्च पाउडर, हल्दी, धनिया पाउडर, अजवाइन, हींग और नमक डालकर अच्छी तरह मिला लें. अब इसमें एक चम्मच दही डालें और सभी चीजों को अच्छे से मिक्स करें.

Advertisement

2. इसके बाद थोड़ा-थोड़ा गुनगुना पानी डालते हुए सॉफ्ट आटा गूंथ लें. गूंथते वक्त इस बात का ध्यान रखें कि आटा न ज्यादा सख्त होना चाहिए और न ही बहुत ढीला. आटे को ढककर कुछ देर के लिए रख दें.

3. अब गट्टे की स्टफिंग तैयार करनी होगी. स्टफिंग तैयार करने के लिए मावा लें. इसमें काली मिर्च, थोड़ा नमक और बारीक कटे काजू, बादाम, किशमिश और पिस्ता डालकर मिला लें. इस मिश्रण की छोटी-छोटी गोलियां बना लें.

4. अब बेसन के आटे की भी छोटी लोइयां बना लें. हर लोई के बीच में मावे और ड्राई फ्रूट्स की एक गोली रखें और इसे अच्छी तरह बंद कर दें. गट्टों को गोल-गोल शेप दें. ये देखने में बिल्कुल छोटे गुलाब जामुन की तरह लगने चाहिए.

5. अब एक गहरे बर्तन में पानी गर्म करें और उसमें तैयार किए हुए गट्टे डाल दें. इन्हें अच्छी तरह पकने तक उबालें. गट्टे पकने के बाद इन्हें पानी से निकाल लें. ध्यान रखें कि गट्टे का पानी फेंकें नहीं, क्योंकि इसका इस्तेमाल ग्रेवी में किया जाएगा.

6. अब एक बर्तन में सरसों का तेल गर्म करें. तेल गर्म होने के बाद इसमें प्याज, टमाटर, अदरक और लहसुन का पेस्ट डालकर अच्छी तरह भूनें.

7. जितने ये पेस्ट भुन रहा है उतने दूसरी तरफ दही में लाल मिर्च पाउडर, धनिया पाउडर, हल्दी पाउडर, जीरा पाउडर, हींग, कुटा हुआ मसाला और नारियल का बूरा डालकर अच्छी तरह मिला लें. इस पेस्ट को भुने हुए प्याज-टमाटर के मसाले में डालें और लगातार चलाते हुए पकाएं.

Advertisement

8. इसके बाद इसमें नमक और मावा डालें. इसके बाद गट्टे उबालने वाला पानी डालकर ग्रेवी को अच्छी तरह पकने दें.

9. जब ग्रेवी अच्छी तरह पक जाए और मसाला तेल छोड़ने लगे, तब इसमें उबले हुए स्टफ्ड गट्टे डाल दें. इन्हें धीमी आंच पर कुछ देर पकने दें, ताकि गट्टों के अंदर भरा मावा और ड्राई फ्रूट्स का स्वाद मसालेदार ग्रेवी के साथ अच्छी तरह मिल जाए.

10. राजस्थान की खास और बेहद स्वादिष्ट गोविंद गट्टे की सब्जी तैयार है. इसे आप रोटी, पराठे या चावल किसी के भी साथ खा सकते हैं.  

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »